HomeLegal Policy NewsRAW पर किताब लिखने वाले मेजर जनरल के केस में सुप्रीम कोर्ट...

RAW पर किताब लिखने वाले मेजर जनरल के केस में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट का हवाला देकर नहीं रोक सकते दस्तावेज

मेजर जनरल वी.के. सिंह भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने सेना में लंबी सेवा देने के अलावा नवंबर 2000 से जून 2004 तक कैबिनेट सचिवालय में संयुक्त सचिव के रूप में भी काम किया था...

रक्षा समाचार WhatsApp Channel Follow US

📍नई दिल्ली | 6 Jun, 2026, 12:45 PM

Official Secrets Act: राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में गोपनीय दस्तावेजों की भूमिका हमेशा बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे मामलों में अक्सर सरकार और जांच एजेंसियां यह दलील देती हैं कि कुछ दस्तावेज इतने संवेदनशील होते हैं कि उन्हें सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसले में साफ कर दिया है कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा चलाया जा रहा है और चार्जशीट में शामिल दस्तावेज उसके खिलाफ सबूत के तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे हैं, तो केवल ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट (ओएसए) का हवाला देकर आरोपी को उन दस्तावेजों की प्रति देने से इनकार नहीं किया जा सकता।

रिटायर्ड मेजर जनरल वी.के. सिंह से जुड़े मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि निष्पक्ष सुनवाई किसी भी आरोपी का बुनियादी अधिकार है। यदि उसे यह ही नहीं बताया जाएगा कि उसके खिलाफ कौन से दस्तावेज और सबूत इस्तेमाल किए जा रहे हैं, तो वह अपना बचाव कैसे करेगा। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा महत्वपूर्ण है, लेकिन उसके नाम पर आरोपी के कानूनी अधिकार खत्म नहीं किए जा सकते।

Official Secrets Act: क्या है पूरा मामला?

मेजर जनरल वी.के. सिंह भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने सेना में लंबी सेवा देने के अलावा नवंबर 2000 से जून 2004 तक कैबिनेट सचिवालय में संयुक्त सचिव के रूप में भी काम किया था। इस दौरान उनका संबंध भारत की बाहरी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) से जुड़े कार्यों से रहा।

रिटायर होने के बाद उन्होंने “इंडियाज एक्सटर्नल इंटेलिजेंस: सीक्रेट्स ऑफ रिसर्च एंड एनालिसिस विंग” नाम से एक किताब लिखी। जिसके बाद इसी किताब को लेकर विवाद शुरू हुआ।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि किताब में कई ऐसी जानकारियां प्रकाशित की गईं जो गोपनीय श्रेणी में आती थीं। आरोप के अनुसार किताब में कुछ अधिकारियों के नाम, उनकी नियुक्तियां, स्टेशन कोड, तकनीकी परियोजनाओं की जानकारी, दूरसंचार इकाइयों के कामकाज और सिग्नल इंटेलिजेंस से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं।

सरकार और जांच एजेंसियों का कहना था कि ऐसी सूचनाओं के सार्वजनिक होने से भारत की सुरक्षा और संप्रभुता को नुकसान पहुंच सकता है।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?

20 सितंबर 2007 को मेजर जनरल वी.के. सिंह के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, 1923 की धारा 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा भारतीय दंड संहिता की धारा 409 और 120बी भी लगाई गई।

यह भी पढ़ें:  स्टेल्थ फ्रिगेट से लेकर एंटी-सबमरीन शिप तक, भारतीय नौसेना को मिले ‘दुनागिरी’, ‘संशोधक’ और ‘अग्रय’

जांच के बाद सीबीआई ने वर्ष 2008 में अदालत में चार्जशीट दाखिल की। चार्जशीट के साथ कई ऐसे दस्तावेज भी जमा किए गए जिन्हें जांच एजेंसी ने अत्यंत गोपनीय बताया।

सीबीआई ने अदालत से अनुरोध किया कि इन दस्तावेजों को सीलबंद लिफाफे में रखा जाए ताकि संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक न हो।

चार्जशीट में शामिल दस्तावेजों पर विवाद

मुकदमे की सुनवाई शुरू होने के बाद मेजर जनरल वी.के. सिंह ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 207 के तहत आवेदन दाखिल किया।

उन्होंने कहा कि जिन दस्तावेजों का इस्तेमाल उनके खिलाफ किया जा रहा है, उनकी प्रतियां उन्हें उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उनका तर्क था कि किसी भी आरोपी को अपना बचाव तैयार करने के लिए यह जानना जरूरी है कि उसके खिलाफ क्या सबूत पेश किए जा रहे हैं।

उन्होंने अदालत से उन दस्तावेजों की प्रतियां मांगीं जो चार्जशीट का हिस्सा थीं लेकिन उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई थीं। (Official Secrets Act)

सीबीआई ने क्यों किया विरोध?

सीबीआई ने इस मांग का विरोध किया। एजेंसी का कहना था कि दस्तावेज राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हैं और उनकी प्रतियां आरोपी को देने से संवेदनशील जानकारी बाहर जाने का खतरा पैदा हो सकता है।

सीबीआई ने ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट की धारा 14 का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे दस्तावेजों का वितरण देश की सुरक्षा के हितों के खिलाफ हो सकता है।

एजेंसी का तर्क था कि यदि इन दस्तावेजों की प्रतियां बाहर चली गईं तो उनका गलत इस्तेमाल हो सकता है और इससे राष्ट्रीय हित प्रभावित हो सकते हैं।

ट्रायल कोर्ट और हाईकोर्ट में क्या हुआ?

ट्रायल कोर्ट ने आरोपी के पक्ष में फैसला दिया और कहा कि जिन दस्तावेजों का इस्तेमाल अभियोजन पक्ष कर रहा है, उनकी प्रतियां आरोपी को मिलनी चाहिए। लेकिन सीबीआई इस फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गई।

दिल्ली हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के आदेश में संशोधन करते हुए कहा कि आरोपी को दस्तावेजों की प्रतियां नहीं दी जाएंगी। हालांकि अदालत ने यह अनुमति दी कि वह ट्रायल कोर्ट में जाकर दस्तावेजों का निरीक्षण कर सकता है।

हाईकोर्ट का मानना था कि इस व्यवस्था से आरोपी को मुकदमे की तैयारी का अवसर मिलेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा भी प्रभावित नहीं होगी।

मेजर जनरल वी.के. सिंह इस फैसले से संतुष्ट नहीं थे। उनका कहना था कि केवल निरीक्षण की अनुमति पर्याप्त नहीं है। मुकदमे की प्रभावी तैयारी के लिए दस्तावेजों की प्रतियां होना जरूरी है। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की। (Official Secrets Act)

यह भी पढ़ें:  Indian Army BrahMos Test: भारतीय सेना ने किया बंगाल की खाड़ी में ब्रह्मोस का टेस्ट, सफलतापूर्वक पूरा किया लॉन्ग-रेंज प्रिसिजन स्ट्राइक मिशन

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

जस्टिस जे.के. माहेश्वरी और जस्टिस अतुल एस. चांदुरकर की बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि निष्पक्ष सुनवाई संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिलने वाले जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सुप्रीम कोर्ट ने ‘सुपरिटेंडेंट एंड रिमेंब्रेंसर ऑफ लीगल अफेयर्स, वेस्ट बंगाल बनाम सत्येन भौमिक और अन्य’ मामले का हवाला देते हुए कहा कि सीबीआई की यह दलील केवल एक आशंका पर आधारित है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ऐसी आशंका के आधार पर किसी आरोपी के उस कानूनी अधिकार को नहीं छीना जा सकता, जिसके तहत वह चार्जशीट में शामिल दस्तावेजों की प्रतियां मांग सकता है।

अदालत ने कहा कि किसी भी आरोपी को चार्जशीट का हिस्सा बने दस्तावेजों तक पहुंच से वंचित नहीं किया जा सकता।

पीठ ने कहा कि यदि अभियोजन पक्ष किसी दस्तावेज का इस्तेमाल आरोपी के खिलाफ कर रहा है, तो आरोपी को उसकी प्रति मिलना उसका कानूनी अधिकार है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दस्तावेजों को छिपाने से आरोपी के बचाव के अधिकार को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल इस आधार पर कि मामला ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत दर्ज है, दस्तावेज देने से इनकार नहीं किया जा सकता। (Official Secrets Act)

क्यों महत्वपूर्ण है धारा 207?

अदालत ने अपने फैसले में कोड ऑफ क्रिमिनल प्रोसिजर (CrPC) की धारा 207 का विशेष उल्लेख किया। इसके तहत किसी भी आपराधिक मामले में आरोपी को मुफ्त में उन दस्तावेजों की प्रतियां उपलब्ध कराई जाती हैं जो चार्जशीट के साथ अदालत में जमा किए गए हों। (Official Secrets Act)

इनमें पुलिस रिपोर्ट, एफआईआर, गवाहों के बयान और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल होते हैं।

अदालत ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य आरोपी को मुकदमे में समान अवसर उपलब्ध कराना है ताकि वह प्रभावी तरीके से अपना पक्ष रख सके।

हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने यह भी माना कि मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है और दस्तावेज संवेदनशील हो सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है, लेकिन केवल आशंका के आधार पर किसी आरोपी को उसके कानूनी अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता।

अदालत ने पुराने फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि कानून में पहले से ऐसे प्रावधान मौजूद हैं जो गोपनीय दस्तावेजों के दुरुपयोग को रोकते हैं।

यह भी पढ़ें:  तीन दिन के दौरे पर ब्रिटेन पहुंचे सीडीएस जनरल अनिल चौहान, रक्षा सहयोग पर होगी अहम चर्चा

यदि कोई व्यक्ति ऐसे दस्तावेज सार्वजनिक करता है तो उसके खिलाफ अलग से कार्रवाई की जा सकती है। (Official Secrets Act)

अदालत ने लगाई ये शर्त?

अदालत ने केंद्र सरकार और सीबीआई को निर्देश दिया कि जिन दस्तावेजों की मांग आरोपी ने की है, उनकी टाइप की हुई प्रतियां दो महीने के भीतर उपलब्ध कराई जाएं।

साथ ही मेजर जनरल वी.के. सिंह को निर्देश दिया गया कि वे एक लिखित शपथपत्र देंगे कि इन दस्तावेजों को किसी भी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम, प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया या अन्य किसी तरीके से सार्वजनिक नहीं करेंगे।

अदालत ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर ट्रायल कोर्ट की निगरानी में दस्तावेजों का निरीक्षण भी किया जा सकता है। (Official Secrets Act)

सुप्रीम कोर्ट का फैसला क्यों है अहम?

कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला केवल एक व्यक्ति के मामले तक सीमित नहीं है। राष्ट्रीय सुरक्षा, खुफिया एजेंसियों और गोपनीय दस्तावेजों से जुड़े मामलों में अक्सर यह सवाल उठता रहा है कि आरोपी को कितनी जानकारी दी जानी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि कोई दस्तावेज चार्जशीट का हिस्सा है और अभियोजन पक्ष उसका इस्तेमाल कर रहा है, तो आरोपी को उससे वंचित नहीं किया जा सकता।

अदालत ने यह भी साफ किया कि निष्पक्ष सुनवाई केवल एक कानूनी प्रक्रिया नहीं बल्कि संवैधानिक अधिकार है। इसलिए जांच एजेंसियों को राष्ट्रीय सुरक्षा और आरोपी के अधिकारों के बीच संतुलन बनाकर चलना होगा।

फैसले में अदालत ने दोहराया कि न्याय तभी संभव है जब अभियोजन और बचाव पक्ष दोनों को समान अवसर मिले। इसी सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश को रद्द कर आरोपी को दस्तावेजों की प्रतियां देने का निर्देश दिया। (Official Secrets Act)

Cause Title: V.K. Singh v. Central Bureau of Investigation and Anr. (Neutral Citation: 2026 INSC 614)

Author

  • News Desk

    रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"

रक्षा समाचार WhatsApp Channel Follow US
News Desk
News Desk
रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"

Most Popular