Key Highlights
- रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के लिए LR-AAV का RFI जारी किया है, जिसके तहत 100 KG तक वजन वाला ड्रोन कम से कम 12 घंटे उड़ान भर सकेगा।
- नौसेना के नए ड्रोन में 20 KG का सेंसर पेलोड, 360 डिग्री निगरानी क्षमता और दिन के कैमरे से 20 KM तथा थर्मल इमेजर से 15 KM की डिटेक्शन रेंज निर्धारित की गई है।
- LR-AAV को 25 नॉट की गति से चल रहे युद्धपोत से ऑपरेट करने, 8,000 फीट की ऊंचाई तक उड़ने और 30 नॉट तक की डेक विंड में काम करने में सक्षम होना होगा।
- RFI में BLOS डेटालिंक के लिए 350 नॉटिकल मील तक की रेंज, AES-256 एन्क्रिप्शन और 9 Mbps डेटा ट्रांसफर क्षमता की तकनीकी जरूरत रखी गई है।
Indian Navy LR-AAV: भारतीय नौसेना की समुद्री निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने की क्षमता बढ़ाने के लिए रक्षा मंत्रालय ने लॉन्ग रेंज ऑटोनॉमस एरियल व्हीकल (LR-AAV) को लेकर रिक्वेस्ट फॉर इन्फॉर्मेशन जारी किया है। इस सिस्टम को नौसेना के जहाजों और तटीय इकाइयों से ऑपरेट करने की योजना है। इसका मुख्य काम समुद्र में दूर तक निगरानी करना, संदिग्ध जहाजों की पहचान करना और उनकी गतिविधियों पर नजर रखना होगा।
आरएफआई के मुताबिक, लॉन्ग रेंज ऑटोनॉमस एरियल व्हीकल का इस्तेमाल इंटेलिजेंस, सर्विलांस एंड रिकॉनिसेंस (ISR) मिशन के लिए किया जाएगा। यह दिन और रात दोनों समय काम कर सकेगा। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हाई रिजॉल्यूशन कैमरे, थर्मल इमेजिंग और दूसरे सेंसर लगाए जाएंगे। सिस्टम का इस्तेमाल समुद्री क्षेत्र की निगरानी, कम तीव्रता वाले समुद्री ऑपरेशन, सर्च एंड रेस्क्यू मिशन और बियॉन्ड लाइन ऑफ साइट ऑपरेशन में किया जा सकेगा।
Indian Navy LR-AAV: जहाजों से उड़ान भर सकेगा लॉन्ग रेंज ऑटोनॉमस एरियल व्हीकल
रक्षा मंत्रालय की तरफ से जारी आरएफआई के मुताबिक लॉन्ग रेंज ऑटोनॉमस एरियल व्हीकल के एयरबोर्न कंपोनेंट में वर्टिकल टेक-ऑफ एंड लैंडिंग (VTOL) क्षमता होनी चाहिए। यह सिस्टम बिना लंबे रनवे के सीधे उड़ान भर सकेगा और लैंड कर सकेगा। इसे भारतीय नौसेना की युनिट्स से ऑपरेट करने के लिए तैयार किया जाएगा। उड़ान शुरू होने के बाद यह सामान्य विमान की तरह आगे की दिशा में हॉरिजॉन्टल फ्लाइट भी कर सकेगा।
इसकी बनावट मॉड्यूलर रखी जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे आसानी से खोला और दोबारा जोड़ा जा सके। इसे बॉक्स में रखकर स्टोर करने की सुविधा भी होनी चाहिए। ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन (GCS) में पहले से डाले गए मिशन डेटा के आधार पर यह ऑटोनॉमस नेविगेशन कर सकेगा।
इस एयर व्हीकल का ऑल अप वेट 100 किलोग्राम से अधिक नहीं होना चाहिए। इसकी एंड्योरेंस यानी लगातार उड़ान भरने की क्षमता कम से कम 12 घंटे होनी चाहिए। इसकी अधिकतम रफ्तार 80 नॉट या उससे अधिक, ट्रांजिट स्पीड कम से कम 50 नॉट और लोइटर स्पीड 40 नॉट या उससे कम होनी चाहिए। पेलोड के साथ इसकी सर्विस सीलिंग कम से कम 8,000 फीट जरूरी है।
20 किलोग्राम के सेंसर और AI सिस्टम से होगी निगरानी
लॉन्ग रेंज ऑटोनॉमस एरियल व्हीकल में कम से कम 20 किलोग्राम क्षमता का इंटीग्रल सेंसर और पेलोड लगाया जाएगा। इसमें हाई रिजॉल्यूशन इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और इन्फ्रारेड कैमरा शामिल होंगे। इनकी मदद से समुद्र में मौजूद जहाजों और दूसरी वस्तुओं की पहचान की जा सकेगी।
आरएफआई में टारगेट आइडेंटिफिकेशन और ट्रैकिंग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की क्षमता भी होनी चाहिए। इसके अलावा भारत सरकार से अप्रूव्ड हाई डेटा रेट सैटकॉम, हल्के रडार और कम्युनिकेशन रिले सिस्टम लगाने का प्रावधान रखा गया है।
इसमें स्वदेशी या सॉवरेन एआई और एज कंप्यूटिंग की सुविधा भी होनी चाहिए। एज कंप्यूटिंग की मदद से ड्रोन पर ही सेंसर से मिलने वाले डेटा का विश्लेषण किया जा सकेगा। इससे समुद्र में स्थिर और चलते हुए जहाजों की पहचान, ट्रैकिंग और वर्गीकरण में मदद मिलेगी। (Indian Navy LR-AAV)
360 डिग्री निगरानी और 20 किलोमीटर तक डिटेक्शन रेंज
आरएफआई में ईओ/आईआर पेलोड के लिए भी कई तकनीकी पैरामीटर तय किए गए हैं। इसके सेंसर का फील्ड ऑफ रिगार्ड 360 डिग्री अजिमुथ और +10 से -80 डिग्री एलिवेशन तक होना चाहिए। ईओ कैमरे का वाइड फील्ड ऑफ व्यू कम से कम 30 डिग्री हो।
इस सिस्टम के दिन वाले कैमरे की डिटेक्शन रेंज कम से कम 20 किलोमीटर और थर्मल इमेजर की रेंज कम से कम 15 किलोमीटर होनी चाहिए। यह क्षमता 25 डिग्री सेल्सियस तापमान और 80 प्रतिशत रिलेटिव ह्यूमिडिटी की निर्धारित परिस्थितियों में मापी जाएगी।
कैमरे में कम से कम 30X ऑप्टिकल जूम और 2X डिजिटल जूम होना चाहिए। वहीं, आईआर कैमरे में कम से कम 12X जूम की जरूरत रखी गई है। सिस्टम में जाइरो स्टेबिलाइजेशन, ऑटो फोकस, वीडियो ट्रैकिंग, जियो-पॉइंटिंग और पैसिव रेंजिंग जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी। इससे समुद्र में किसी जहाज या संदिग्ध लक्ष्य को कैमरे में स्थिर रखकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। (Indian Navy LR-AAV)
चलते युद्धपोत से भी ऑपरेट करने की क्षमता
लॉन्ग रेंज ऑटोनॉमस एरियल व्हीकल ( LR-AAV) को नौसेना के जहाजों के डेक से ऑपरेट करने के लिए तैयार किया जाएगा। ताकि यह सिस्टम 25 नॉट तक की गति से चल रहे जहाज से ऑपरेशन कर सके। जहाज के पिच यानी आगे-पीछे झुकाव की स्थिति में कम से कम प्लस-माइनस 3 डिग्री और रोल यानी दाएं-बाएं झुकाव में दोनों तरफ 5 डिग्री तक काम करने की क्षमता होनी चाहिए।
इसके अलावा डेक पर 30 नॉट तक की रिलेटिव विंड में भी सिस्टम ऑपरेट कर सकेगा। इसमें दूसरे लॉन्ग रेंज ऑटोनॉमस एरियल व्हीकल और अनमैन्ड सिस्टम के साथ लाइन ऑफ साइट कम्युनिकेशन के जरिए डेटा साझा करने की क्षमता होनी चाहिए।
नेविगेशन के लिए इसमें मल्टी-कॉन्स्टेलेशन जीएनएसएस रिसीवर और एंटी-जैमिंग एंटीना की जरूरत रखी गई है। जीएनएसएस सिग्नल उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में ऑपरेशन जारी रखने के लिए इसमें इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम भी होना चाहिए।
लॉन्ग रेंज ऑटोनॉमस एरियल व्हीकल के साथ ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन भी दिया जाएगा। यह मैन-पोर्टेबल होना चाहिए और इससे ड्रोन की उड़ान, मिशन पैरामीटर तथा ईओ/आईआर कैमरे से मिलने वाला डेटा देखा जा सकेगा। इस डेटा को भारतीय नौसेना के कॉम्बैट मैनेजमेंट सिस्टम (सीएमएस) में भेजने की सुविधा भी होनी चाहिए।
आरएफआई में कहा गया है कि इसमें कमांड और कंट्रोल के लिए बियॉन्ड लाइन ऑफ साइट (BLOS) तथा लाइन ऑफ साइट (LOS) डेटालिंक का सिस्टम भी हो। कमांड और कंट्रोल लिंक के लिए 60 नॉटिकल मील या उससे अधिक की रेंज निर्धारित की गई है। BLOS लिंक में हाई बैंडविड्थ कम्युनिकेशन और AES-256 एन्क्रिप्शन की सुविधा होनी चाहिए। साथ ही सिस्टम में कम से कम 10 पूरी सॉर्टीज यानी 60 घंटे के फ्लाइट और सेंसर डेटा को रिकॉर्ड करने तथा दोबारा चलाने की सुविधा होनी चाहिए। (Indian Navy LR-AAV)
दो साल की वारंटी और 24 महीने में डिलीवरी की शर्त
रक्षा मंत्रालय ने सिस्टम की सर्विस लाइफ कम से कम 8 साल निर्धारित की है। उपकरण की कुल लाइफ डिलीवरी के बाद कम से कम 10 साल होनी चाहिए। वेंडर को दो साल की वारंटी देनी होगी। वारंटी पूरी होने के बाद पांच साल तक कॉम्प्रिहेंसिव मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट (CMC) की जिम्मेदारी भी रखी गई है।
वहीं, कॉन्ट्रैक्ट की तारीख से 24 महीने के भीतर उपकरण की डिलीवरी करनी होगी। वेंडर को स्पेयर पार्ट्स, ऑपरेटर ट्रेनिंग, मेंटेनेंस ट्रेनिंग और लाइफ साइकल सपोर्ट भी उपलब्ध कराना होगा। सिस्टम को जहाजों पर इस्तेमाल होने वाले समुद्री वातावरण के अनुकूल और आसान रखरखाव वाला होना चाहिए। (Indian Navy LR-AAV)
भारतीय कंपनियों से मांगी गई जानकारी
रक्षा मंत्रालय ने इस आरएफआई के तहत भारतीय वेंडर्स से तकनीकी और वित्तीय जानकारी मांगी है। इसमें कंपनी का अनुभव, टर्नओवर, नेट वर्थ, मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, स्वदेशी सामग्री और उपकरणों की मरम्मत की सुविधा जैसी जानकारियां शामिल हैं। वेंडर्स को अपने उत्पाद की तकनीकी जानकारी और पहले की सप्लाई का ब्योरा भी देना होगा। (Indian Navy LR-AAV)
(The Indian Ministry of Defence has issued an RFI for a Long Range Autonomous Aerial Vehicle (LR-AAV) for the Indian Navy. The proposed drone must offer at least 12 hours of endurance, ship-based VTOL operations, 360-degree surveillance and AI-powered target detection. It will feature EO/IR cameras with detection ranges of up to 20 km and 15 km respectively, along with secure satellite communication and autonomous navigation capabilities. The system is intended to strengthen maritime surveillance, intelligence gathering and search-and-rescue operations.)
Author
-
हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।


