Key Highlights
- 18 नवंबर को शेन्ज़ेन एयरपोर्ट पर जापानी PM सनाए ताकाइची के सरकारी बोइंग 777 विमान और मोबाइल सीढ़ियों के बीच करीब 40 सेंटीमीटर का गैप मिला।
- रूमेटॉइड आर्थराइटिस से पीड़ित ताकाइची के एक पैर में आर्टिफिशियल जॉइंट है, उन्हें हील वाले जूते पहनकर दरवाजे का फ्रेम पकड़ते हुए नीचे उतरना पड़ा।
- जापान इनोवेशन पार्टी के सांसद सेकी हेई ने 26 नवंबर को संसद की विदेश मामलों और रक्षा समिति में यह मुद्दा उठाकर चीन से स्पष्टीकरण मांगा।
- चीन के विदेश मंत्रालय ने 19 नवंबर को कहा कि एपेक सम्मेलन में सभी प्रतिनिधियों के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रथाओं के अनुसार उचित प्रोटोकॉल व्यवस्था की गई थी।
Takaichi China Visit: जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के साथ एपीईसी शिखर सम्मेलन के दौरान चीन ने बेहद ही शर्मनाक हरकत की, जिसकी बेहद कड़ी निंदा हो रही है। यह घटना 18 नवंबर को शेन्जेन बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई, जब प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची एपीईसी शिखर सम्मेलन के लिए चीन पहुंचीं थीं। एयरपोर्ट पर उनके विमान के दरवाजे और मोबाइल सीढ़ियों के बीच करीब 40 सेंटीमीटर का गैप था। ताकाइची ने विमान के दरवाजे का फ्रेम पकड़कर सावधानी से नीचे कदम रखा। चीन यात्रा के दौरान विमान से उतरने के दौरान हुई इस एक घटना ने दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव को फिर से बढ़ा दिया है।
वहीं, जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के वरिष्ठ नेता कोइची हागियूदा ने भी कहा कि संभव है कि यह एक अप्रत्याशित घटना रही हो। लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि मेजबान देश होने के नाते चीन को ऐसी व्यवस्थाओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
Takaichi China Visit: बोइंग 777 विमान से सफर कर रही थीं पीएम ताकाइची
प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची 18 नवंबर को एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (एपेक) समिट में शामिल होने के लिए चीन के शेन्जेन पहुंची थीं। प्रधानमंत्री के साथ जापानी प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। वह जापान के सरकारी बोइंग 777 विमान से सफर कर रही थीं।
विमान के दरवाजे पर पहुंचने के बाद जब ताकाइची नीचे उतरने लगीं, तो उन्हें दरवाजे और मोबाइल बोर्डिंग सीढ़ियों के बीच काफी अंतर दिखाई दिया। यह दूरी करीब 40 सेंटीमीटर थी। ताकाइची ने ऊंची हील वाले जूते पहने हुए थे। ऐसे में उन्होंने दरवाजे के फ्रेम का सहारा लेकर धीरे-धीरे नीचे कदम रखा।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद जापान में चीन की इस हरकत की कड़ी आलोचना शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाया कि किसी देश के प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान विमान से उतरने के लिए लगाई गई सीढ़ियों की सही ऊंचाई की जांच क्यों नहीं की गई।

रूमेटॉइड आर्थराइटिस से पीड़ित हैं ताकाइची
सनाए ताकाइची को लंबे समय से रूमेटॉइड आर्थराइटिस की समस्या है। उन्होंने सितंबर 2025 में लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता पद के लिए नामांकन के दौरान सार्वजनिक रूप से अपनी बीमारी के बारे में बताया था। यह एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली जोड़ों पर असर डालती है। इससे जोड़ों में सूजन, दर्द और अकड़न की समस्या हो सकती है। ताकाइची के मुताबिक, बीमारी के लक्षणों को पहचानने और सही इलाज तक पहुंचने में कई साल लग गए थे। इस दौरान उनके एक पैर के जोड़ को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद उन्हें वहां आर्टिफिशियल जॉइंट लगवाना पड़ा।
वहीं, जब चीन के शेन्जेन एयरपोर्ट पर उतरते समय ताकाइची ने उस समय हील वाले जूते पहने हुए थे और उन्हें संकरी स्कर्ट में विमान के दरवाजे से नीचे उतरना पड़ा। पैर में आर्टिफिशियल जॉइंट होने के चलते अचानक इतने बड़े अंतर को पार करना उनके लिए जोखिम भरा हो सकता था। जापान में कुछ सांसदों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस व्यवस्था को प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक बताया। उनका कहना था कि ऐसी स्थिति में पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से चोट लग सकती थी। (Takaichi China Visit)
जापानी अधिकारियों को पहले ही दिख गया था गैप
जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विमान से उतरने से ठीक पहले प्रधानमंत्री और उनके साथ मौजूद लोगों को सीढ़ियों तथा विमान के दरवाजे के बीच मौजूद अंतर के बारे में जानकारी दी गई थी।
जापान के चीन में राजदूत केंजी कानासुगी ने भी इस गैप को देखा था। जापानी अधिकारियों की ब्रीफिंग के अनुसार, राजदूत विमान में पहुंचे और प्रधानमंत्री को नीचे उतरने से पहले स्थिति के बारे में बताया। इसके बाद उनके सहयोगियों ने आकलन किया कि ताकाइची सावधानी के साथ नीचे उतर सकती हैं।
जापानी मीडिया की रिपोर्टों में सीढ़ियों के लिफ्टिंग मैकेनिज्म में संभावित खराबी की बात भी सामने आई। फुजी टीवी की फुटेज में सीढ़ियों को कई बार ऊपर-नीचे करते हुए दिखाया गया। एक पूर्व जापान एयरलाइंस (जेएएल) कैप्टन ने इस प्रक्रिया को असामान्य बताया। रिपोर्टों के अनुसार, विमान के पीछे वाले दरवाजे पर इस्तेमाल की गई सीढ़ियों में ऐसा गैप नहीं था। (Takaichi China Visit)
जापानी सांसद ने संसद में उठाया मामला
इस घटना को लेकर जापान में राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई। जापान इनोवेशन पार्टी के सांसद सेकी हेई ने 26 नवंबर को हाउस ऑफ काउंसिलर्स की विदेश मामलों और रक्षा समिति की बैठक में यह मुद्दा उठाया।
उन्होंने चीन की सरकार के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया और पूछा कि जापान ने इस मामले में चीन से स्पष्टीकरण मांगा है या नहीं। करीब 40 सेंटीमीटर के गैप को उन्होंने प्रधानमंत्री की सुरक्षा और मेजबान देश की जिम्मेदारी से जुड़ा मामला बताया।
दूसरी ओर, एलडीपी के कार्यकारी कार्यवाहक महासचिव कोइची हागियूदा ने 24 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि किसी बहुपक्षीय सम्मेलन की मेजबानी करना बेहद मुश्किल होता है। इस दौरान व्यवस्थाओं में कुछ कमियां रह सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना को जानबूझकर किया गया अपमान मानना सही नहीं होगा।
हालांकि, हागियूदा ने यह भी कहा कि मेजबान देश होने के नाते चीन को इस बात पर विचार करना चाहिए कि भविष्य में ऐसी व्यवस्थाओं को किस तरह बेहतर बनाया जाए।
सीढ़ियों के बीच गैप की घटना के अलावा, शेन्जेन में जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के स्वागत के तरीके को लेकर भी सवाल उठे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत चीन की पूर्व राजनयिक झांग क्यूये ने किया, जिन्हें इस कार्यक्रम के लिए प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी दी गई थी। जापानी मीडिया में इसे अपेक्षाकृत निम्न-स्तरीय स्वागत बताया गया, क्योंकि दूसरे देशों के कई नेताओं का स्वागत वरिष्ठ अधिकारियों ने किया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत तो चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने खुद किया था। वहीं, कुछ अन्य नेताओं के स्वागत के दौरान फूल, संगीत, नृत्य और लोगों की भीड़ भी मौजूद थी।
ताकाइची के स्वागत के लिए रेड कार्पेट और ऑनर गार्ड की व्यवस्था जरूर थी, लेकिन वहां न तो फूलों के गुलदस्ते थे और न ही संगीत या नृत्य का आयोजन किया गया था। इस अंतर को जापान में चीन की ओर से ठंडे व्यवहार के तौर पर देखा गया।
वहीं, शी जिनपिंग और सनाए ताकाइची के बीच भी कोई औपचारिक द्विपक्षीय बैठक नहीं हुई। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान केवल हाथ मिलाने की तस्वीरें सामने आईं। 18 नवंबर को स्वागत समारोह के दौरान शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के साथ ताकाइची ने मुलाकात की थी। इसके बाद 19 नवंबर को भी दोनों नेताओं के बीच करीब 10 सेकंड तक हाथ मिलाने की तस्वीरें सामने आईं। हालांकि, इस दौरान किसी औपचारिक बातचीत या द्विपक्षीय बैठक की घोषणा नहीं की गई।
जापान की ओर से चीन के साथ बातचीत जारी रखने की इच्छा जताई गई थी, लेकिन एपेक समिट के दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच अलग से कोई बैठक नहीं हुई। (Takaichi China Visit)
चीन ने प्रोटोकॉल व्यवस्था को सही बताया
इस मामले पर चीन की ओर से भी प्रतिक्रिया आई। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रथाओं के अनुसार एपेक सम्मेलन में शामिल होने वाले सभी प्रतिनिधियों के लिए उचित प्रोटोकॉल व्यवस्था की गई थी। उन्होंने यह जवाब जापानी अखबार असाही शिंबुन के सवाल पर दिया। चीन का कहना है कि ताकाइची के लिए भी वही प्रोटोकॉल अपनाया गया, जो सम्मेलन में शामिल दूसरे नेताओं के लिए था। (Takaichi China Visit)
जापान-चीन संबंधों में पहले से है तनाव
ताकाइची की चीन यात्रा ऐसे समय हुई, जब दोनों देशों के संबंध पहले से तनावपूर्ण हैं। इसकी एक प्रमुख वजह नवंबर 2025 में जापानी संसद में ताइवान को लेकर दिया गया उनका बयान है।
ताकाइची ने कहा था कि यदि चीन ताइवान पर हमला करता है, तो ऐसी स्थिति जापान की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है और जापान अमेरिकी सहयोगी के समर्थन में अपनी रक्षा सेनाओं की भूमिका पर विचार कर सकता है।
चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि ताइवान एक स्वशासित द्वीप है। ताकाइची के बयान के बाद बीजिंग और टोक्यो के बीच राजनयिक मतभेद बढ़े थे। (Takaichi China Visit)
Author
-
रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"


