HomeIndian Air Forceभारतीय वायुसेना के 'गजराज' को मिलेगी नई जिंदगी? 15 साल तक उड़ाने...

भारतीय वायुसेना के ‘गजराज’ को मिलेगी नई जिंदगी? 15 साल तक उड़ाने की है तैयारी

भारत ने 1985 से 1989 के बीच कुल 17 आईएल-76एमडी विमान खरीदे थे। 16 जून 1985 को इन्हें औपचारिक रूप से चंडीगढ़ स्थित नंबर 44 स्क्वाड्रन में शामिल किया गया था...

Key Highlights

  • भारतीयने 17 IL-76 विमानों की टेक्निकल लाइफ 13 से 15 साल करने की स्टडी शुरू की।
  • 30 महीने की स्टडी में सेंसर और फ्लाइट ट्रायल से विमान के एयरफ्रेम की जांची जाएगी मजबूती।
  • दरार और जंग का पता लगाने के लिए अल्ट्रासोनिक, एड्डी करंट और इन्फ्रारेड तकनीकों का होगा इस्तेमाल।
  • 7 नवंबर को गजराज ने 13,629 फीट ऊंचे न्योमा में की थी लैंडिंग।

IAF IL-76 Life Extension: भारतीय वायुसेना अपने पुराने लेकिन महत्वपूर्ण हेवी ट्रांसपोर्ट विमान आईएल-76 एमडी (IL-76MD) की उम्र बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इन विमानों की तकनीकी उम्र बढ़ाने के लिए बकायदा स्टडी कराई जाएगी। इस स्टडी में जांच की जाएगी कि आईएल-76 विमानों की मौजूदा टेक्निकल लाइफ और ओवरहाल से जुड़ी समयसीमा को 13 साल से बढ़ाकर 15 साल तक किया जा सकता है या नहीं। यह प्रक्रिया एक-एक साल के चरण में पूरी की जाएगी।

इसके लिए वायुसेना के नागपुर स्थित मेंटेनेंस कमांड ने एक आधिकारिक रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी किया है। इसके लिए बेंगलुरु स्थित सीएसआईआर-नेशनल एयरोस्पेस लैबोरेटरीज (CSIR-NAL) को प्रस्ताव भेजा गया है।

IAF IL-76 Life Extension: भारत के पास हैं 17 आईएल-76

आईएल-76एमडी भारतीय वायुसेना का हेवी स्ट्रैटेजिक ट्रांसपोर्ट विमान है। वायुसेना में इसे ‘गजराज’ के नाम से जाना जाता है, जबकि नाटो इसे ‘कैंडिड’ कहता है। यह विमान सैनिकों, टी-72 टैंकों, बीएमपी और आर्टिलरी, हथियारों और भारी उपकरणों को लंबी दूरी और हाई एल्टीट्यूड तक पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसी वजह से इसे गजराज (हाथी राजा) कहा जाता है।

इन विमान में चार सोलोविएव डी-30केपी टर्बोफैन इंजन लगे हैं। भारतीय वायुसेना के आईएल-76एमडी की क्षमता आमतौर पर करीब 40 से 45 टन है। इसका अधिकतम टेक-ऑफ वेट लगभग 190 टन है।

भारत ने 1985 से 1989 के बीच कुल 17 आईएल-76एमडी विमान खरीदे थे। 16 जून 1985 को इन्हें औपचारिक रूप से चंडीगढ़ स्थित नंबर 44 स्क्वाड्रन में शामिल किया गया था। इन विमानों ने ऑपरेशन पवन, 1988 में मालदीव में चलाए गए ऑपरेशन कैक्टस और कारगिल युद्ध के दौरान अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा आपदा राहत, विदेशों में राहत सामग्री पहुंचाने और सैनिकों की आवाजाही में भी इनका इस्तेमाल किया गया है।

यह भी पढ़ें:  भारतीय सेना ने दिया 225 स्वदेशी एफपीवी ड्रोन का ऑर्डर, 17,500 फीट की ऊंचाई पर किए सफल ट्रायल

बता दें कि भारतीय वायुसेना के छह आईएल-78एमकेआई हवाई ईंधन भरने वाले टैंकर और तीन ए-50ईआई एयरबोर्न अर्ली वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम (एवॉक्स) विमान भी आईएल-76 प्लेटफॉर्म पर आधारित हैं।

13 साल से 15 साल तक बढ़ाई जाएगी टेक्निकल लाइफ

वायुसेना की नई स्टडी का मकसद आईएल-76 की तकनीकी स्थिति का आकलन करना है। इसके तहत मौजूदा 13 साल की अवधि को बढ़ाकर 14 और फिर 15 साल तक करने की संभावना जांची जाएगी। यह जांच टीबीओ यानी टाइम बिटवीन ओवरहॉल तहत की जाएगी। वहीं टीटील यानी टोटल टेक्निकल लाइफ विमान की कुल प्रमाणित तकनीकी उम्र को दर्शाता है। दोनों अलग-अलग तकनीकी मानक हैं और इनके लिए अलग तरह के आकलन की जरूरत होती है।

स्टडी में सबसे पहले एक लीड एयरक्राफ्ट चुना जाएगा। इस विमान के एयरफ्रेम पर विशेष सेंसर लगाए जाएंगे, जो उड़ान के दौरान होने वाले स्ट्रेस, स्ट्रेन और मेटल फैटिग का डेटा रिकॉर्ड करेंगे। इससे पता चलेगा कि विमान के अलग-अलग हिस्सों पर उड़ान, लैंडिंग और अन्य ऑपरेशनल गतिविधियों के दौरान कितना दबाव पड़ता है। (IAF IL-76 Life Extension)

सेंसर और तकनीक से होगी एयरफ्रेम की जांच

इसके लिए नेशनल एयरोस्पेस लैबोरेटरीज विमान के पुराने मेंटेनेंस रिकॉर्ड, जंग लगने की समस्या और मेटल में होने वाले असर की स्टडी करेगी। इसमें नॉन-डिस्ट्रक्टिव इवैल्यूएशन तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। इन तकनीकों की खासियत यह है कि पुर्जे को काटे या तोड़े बिना उसकी अंदरूनी स्थिति की जांच की जा सकती है।

इस प्रक्रिया में एड्डी करंट टेस्टिंग, अल्ट्रासोनिक टेस्टिंग और इन्फ्रारेड थर्मोग्राफी जैसी तकनीकें शामिल होंगी। इनके जरिए मेटल में दरार, जंग, अंदरूनी खराबी और अन्य संभावित नुकसान का पता लगाया जाएगा।

इसके अलावा रबर और नॉन-रबर कंपोनेंट्स की स्थिति, मटेरियल सैंपल, हाइड्रोलिक सिस्टम और लैंडिंग गियर की भी जांच होगी। ग्राउंड टेस्ट के बाद फ्लाइट ट्रायल किए जाएंगे। इन परीक्षणों से मिलने वाले डेटा का विश्लेषण कर यह देखा जाएगा कि विमान के अलग-अलग हिस्से निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करते हैं या नहीं। (IAF IL-76 Life Extension)

यह भी पढ़ें:  नौसेना को मिला वरुणास्त्र और वायुसेना को GSAT-7C सैटेलाइट, पढ़ें 4,106 करोड़ रुपये के दो बड़े रक्षा सौदों की पूरी डिटेल

30 महीने में पूरी होगी स्टडी

इस पूरे प्रोजेक्ट को 30 महीने में पूरा करने की योजना है। इसके लिए 11 माइलस्टोन तय किए गए हैं। शुरुआती दो महीनों में विमान का निरीक्षण और काम की विस्तृत योजना तैयार होगी। इसके बाद छह महीने के भीतर एयरफ्रेम की ज्योमेट्रिकल मॉडलिंग की जाएगी।

आठवें महीने तक सेंसर लगाने और उनकी वायरिंग का काम पूरा करना होगा। 12वें महीने में ग्राउंड वेरिफिकेशन होगा। इसके बाद 16वें महीने तक फ्लाइट ट्रायल और डेटा कलेक्शन किया जाएगा। 18वें महीने में डेटा का विश्लेषण होगा, जबकि 30वें महीने तक फाइनल रिपोर्ट और प्रोजेक्ट क्लोजर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इस अध्ययन के दौरान एयरफ्रेम की रेजिडुअल स्ट्रेंथ यानी बची हुई मजबूती का भी आकलन होगा। इसके आधार पर लाइफ एक्सटेंशन से जुड़ी तकनीकी सिफारिशें तैयार की जाएंगी। इस पूरी प्रक्रिया में आरसीएमए (कानपुर) सर्टिफिकेशन एजेंसी की भूमिका निभाएगा। जो तकनीकी जांच और परीक्षणों के बाद विमान की उम्र बढ़ाने से जुड़ी सिफारिशों का सर्टिफिकेशन करेगा। जबकि कानपुर स्थित 1 बेस रिपेयर डिपो भी क्वालिटी एश्योरेंस और इंस्पेक्शन का हिस्सा होगा। (IAF IL-76 Life Extension)

2035 की है समयसीमा

आईएल-76 की तकनीकी उम्र बढ़ाने को लेकर वायुसेना पहले भी काम कर चुकी है। सीएजी की 2017 की रिपोर्ट में 2010-11 से 2015-16 के बीच आईएल-76 फ्लीट की औसत सर्विसेबिलिटी 37.99 प्रतिशत दर्ज की गई थी। यह वायुसेना के 70 प्रतिशत लक्ष्य से काफी कम थी। 2010-11 में यह आंकड़ा 32.16 प्रतिशत तक पहुंच गया था।

स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता भी इस फ्लीट के लिए एक बड़ी चुनौती रही है। सोवियत संघ के विघटन के बाद सप्लाई चेन प्रभावित हुई। सीएजी रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेयर पार्ट्स की मांग का 11 प्रतिशत से भी कम हिस्सा 15 दिनों के भीतर पूरा हो पाता था।

वहीं, 2024 में वायुसेना ने रूस की नेशनल एविएशन सर्विस कंपनी को 11 आईएल-76एमडी विमानों की जांच के लिए एक आरएफपी भी भेजा था। जिसमें विमानों की मौजूदा 2035 की लाइफ लिमिट को 2050 तक बढ़ाने की संभावना, पीएस-90ए इंजन लगाने और एवियोनिक्स अपग्रेड जैसे विकल्पों की जांच शामिल थी। (IAF IL-76 Life Extension)

यह भी पढ़ें:  Light Weight Modular Missile System: ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सेना को मिला हल्का लेकिन घातक हथियार, ऊंचाई वाले इलाकों में भी करेगा सटीक वार

न्योमा में 13,629 फीट पर की थी गजराज ने लैंडिंग

हाल ही में 7 नवंबर को भारतीय वायुसेना के एक आईएल-76 विमान ने पूर्वी लद्दाख के न्योमा एयरफील्ड पर लैंडिंग की थी। यह एयरफील्ड समुद्र तल से करीब 13,629 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और वास्तविक नियंत्रण रेखा से लगभग 25 किलोमीटर दूर है। वायुसेना के मुताबिक, यह आईएल-76 विमान की दुनिया में सबसे अधिक ऊंचाई पर की गई लैंडिंग थी।

वायुसेना के हेवी एयरलिफ्ट बेड़े में आईएल-76 के साथ 11 सी-17 ग्लोबमास्टर III विमान भी शामिल हैं। जबकि, मीडियम ट्रांसपोर्ट कैटेगरी में मीडियम टैक्टिकल ट्रांसपोर्ट सी-130जे और लाइट-मीडियम वर्कहॉर्स अंतोनोव एएन-32 (सुतलेज) जैसे विमान शाामिल हैं। इनमें सी-130जे खासतौर पर स्पेशल ऑपरेशंस, टैक्टिकल एयरलिफ्ट और छोटे/अधूरे रनवे पर उतरने के लिए इस्तेमाल होता है। इनमें करीब 100 एएन-32 विमान अभी भी सेवा में हैं, जो खासतौर पर हाई एल्टीट्यूड और दूर-दराज के इलाकों में सामान और सैनिक पहुंचाने के लिए इस्तेमाल होते हैं।

वहीं, वायुसेना की योजना 18 से 30 टन क्षमता वाले 60 मीडियम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट (एमटीए) खरीदने की भी है। जिसकी अनुमानित लागत करीब 1 लाख करोड़ रुपये है। जो एन-32 और आईएल-76 दोनों को आंशिक तौर पर रिप्लेस करेगा। (IAF IL-76 Life Extension)

Author

  • Harendra Chaudhary

    हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

हरेंद्र चौधरी
हरेंद्र चौधरी
हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

Most Popular

Recent Comments