HomeIndian Air Forceसिक्किम में भारतीय हवाई क्षेत्र में घुसा चीनी सैन्य विमान? सिलीगुड़ी कॉरिडोर...

सिक्किम में भारतीय हवाई क्षेत्र में घुसा चीनी सैन्य विमान? सिलीगुड़ी कॉरिडोर के पास 20-25 मिनट तक मंडराता रहा एयरक्राफ्ट

भारतीय वायु सेना ने 12 नवंबर को सुबह करीब 8 बजे चीनी विमान की गतिविधि का पता लगाया था। इसके बाद वायु सेना की ओर से विमान को चेतावनी दी गई और भारतीय हवाई क्षेत्र से वापस लौटने के लिए कहा गया...

Chinese Aircraft Sikkim: भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर सिक्किम में एक चीनी सैन्य विमान की कथित घुसपैठ का मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, 12 नवंबर को एक चीनी सैन्य विमान भारतीय हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ और करीब 20 से 25 मिनट तक एक इलाके में होवर करता रहा। यह इलाका रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील सिलीगुड़ी कॉरिडोर के आसपास का बताया जा रहा है, जो पूर्वोत्तर भारत को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है।

सूत्रों के अनुसार, भारतीय वायु सेना ने 12 नवंबर को सुबह करीब 8 बजे चीनी विमान की गतिविधि का पता लगाया था। इसके बाद वायु सेना की ओर से विमान को चेतावनी दी गई और भारतीय हवाई क्षेत्र से वापस लौटने के लिए कहा गया। हालांकि, चेतावनी के बावजूद विमान करीब 20-25 मिनट तक उस इलाके में मौजूद रहा।

इस घटना को लेकर अभी तक भारतीय वायु सेना की ओर से आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। विमान किस तरह का था, उसने किस रास्ते से भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया और आखिरकार वह कब वापस लौटा, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है।

Chinese Aircraft Sikkim: सिलीगुड़ी कॉरिडोर के करीब था चीनी जहाज

जिस इलाके में चीनी विमान ने घुसपैठ की है, वह सिलीगुड़ी कॉरिडोर के करीब है। पश्चिम बंगाल में स्थित यह संकरा भू-भाग भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है। इसे आमतौर पर ‘चिकन नेक’ भी कहा जाता है।

सिलीगुड़ी कॉरिडोर अपने सबसे संकरे हिस्से में करीब 20 से 22 किलोमीटर चौड़ा है। भौगोलिक स्थिति के कारण यह भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पूर्वोत्तर के राज्यों तक सड़क, रेल और अन्य जमीनी संपर्क बनाए रखने में इस कॉरिडोर की अहम भूमिका है।

यह भी पढ़ें:  भारत के अपाचे हेलीकॉप्टरों को मिलेगा लॉन्ग-टर्म टेक्निकल सपोर्ट, एम777 तोपों के लिए भी बड़ा पैकेज

इस इलाके के आसपास चीन का तिब्बत क्षेत्र, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश स्थित हैं। यही वजह है कि यहां किसी भी तरह की असामान्य सैन्य गतिविधि को सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से देखा जाता है। सिक्किम की सीमा चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र से लगती है। इसके अलावा, यह इलाका डोकलाम पठार के भी करीब है, जहां 2017 में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच लंबा सैन्य गतिरोध हुआ था।

डोकलाम के करीब है सिक्किम का इलाका

डोकलाम भारत, चीन और भूटान के बीच रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। जून 2017 में यहां भारतीय और चीनी सैनिक आमने-सामने आ गए थे। यह गतिरोध करीब 73 दिनों तक चला था। उस समय सड़क निर्माण को लेकर चीन और भारत के बीच विवाद हुआ था।

डोकलाम की भौगोलिक स्थिति इसे और संवेदनशील बनाती है। यह इलाका सिलीगुड़ी कॉरिडोर के नजदीक है। इसलिए यहां किसी भी सैन्य गतिविधि का असर केवल स्थानीय सीमा सुरक्षा तक सीमित नहीं माना जाता। (Chinese Aircraft Sikkim)

पहले भी घुसपैठ कर चुके हैं चीन विमान

भारत-चीन सीमा पर चीनी सैन्य विमानों और हेलिकॉप्टरों की गतिविधियों को लेकर पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। खासकर 2017, 2020 और 2022 के दौरान ऐसी घटनाओं की जानकारी सामने आई थी।

जून 2022 में पूर्वी लद्दाख में एक चीनी सैन्य विमान भारतीय सैन्य ठिकानों के करीब उड़ता हुआ देखा गया था। भारतीय रडार और जमीन पर तैनात सैन्य कर्मियों ने उसकी गतिविधि का पता लगाया था। इसके बाद वायु सेना ने अपने रिस्पॉन्स सिस्टम को एक्टिव किया था। भारत ने इस मामले को सैन्य चैनलों के जरिए चीन के सामने भी उठाया था।

वहीं, 2020 में पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच सैन्य गतिरोध के दौरान चीनी सैन्य हेलिकॉप्टर एलएसी के करीब उड़ते देखे गए थे। इसके जवाब में भारतीय वायु सेना ने इलाके में फाइटर एयरक्राफ्ट की पेट्रोलिंग बढ़ाई थी। उस समय अधिकारियों के हवाले से बताया गया था कि चीनी हेलिकॉप्टरों ने भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन नहीं किया था। (Chinese Aircraft Sikkim)

यह भी पढ़ें:  Exercise Poorvi Prahaar: पूर्वी लद्दाख में डिसइंगेजमेंट के बाद पूर्वोत्तर में होने जा रही है बड़ी एक्सरसाइज, तीनों सेनाएं लेंगी हिस्सा

2017 में उत्तराखंड और लद्दाख में भी दिखे थे चीनी हेलिकॉप्टर

अक्टूबर और नवंबर 2017 में भी चीनी हेलिकॉप्टरों की गतिविधियों को लेकर मामले सामने आए थे। 11 अक्टूबर 2017 को उत्तराखंड के बाराहोटी सेक्टर में दो चीनी हेलिकॉप्टरों के भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की जानकारी सामने आई थी।

इसके बाद 7 नवंबर 2017 को लद्दाख में चार चीनी हेलिकॉप्टरों के सीमा पार करने की खबर आई थी। इनमें से एक हेलिकॉप्टर करीब 30 मिनट तक एक इलाके में होवर करता रहा था।

जून 2017 में भी उत्तराखंड के चमोली जिले में दो चीनी सेना के हेलिकॉप्टर करीब पांच मिनट तक एक इलाके में मंडराने के बाद वापस लौट गए थे। यह घटना डोकलाम गतिरोध शुरू होने से लगभग तीन महीने पहले हुई थी। (Chinese Aircraft Sikkim)

LAC के पास चीन की एयरबेस गतिविधियों पर भी नजर

भारत-चीन सीमा के आसपास चीन की सैन्य गतिविधियों में एयरबेस और एयर ऑपरेशंस की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। तिब्बत और शिनजियांग क्षेत्र में चीन ने कई एयरबेस के इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया है। इनमें रनवे, हैंगर और अन्य सैन्य सुविधाएं शामिल हैं।

सिक्किम के सामने तिब्बत क्षेत्र में स्थित शिगात्से एयरबेस भी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। इस एयरबेस पर चीनी लड़ाकू विमानों की मौजूदगी और सैन्य गतिविधियों को लेकर समय-समय पर जानकारी सामने आती रही है। 2026 में यहां जे-20 स्टेल्थ फाइटर और जीजे-11 स्टेल्थ ड्रोन की मौजूदगी से जुड़ी जानकारियां भी सामने आई थीं। (Chinese Aircraft Sikkim)

उत्तराखंड में वायु सेना की एयर एक्सरसाइज

सूत्रों के मुताबिक, वायु सेना 13 से 21 नवंबर तक एलएसी के नजदीक उत्तराखंड में (मध्य हिमालयी सेक्टर) एक हाई-इंटेंसिटी एयर एक्सरसाइज कर रही है। इस एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य हाई-एल्टीट्यूड वाले इलाकों में भारतीय वायु सेना की ऑपरेशनल तैयारियों को परखना है। इसके दौरान बीवीआर (बियॉन्ड विजुअल रेंज) कॉम्बैट टैक्टिक्स, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इंजन की परफॉर्मेंस, तेजी से सैन्य बलों और संसाधनों को तैनात करने की क्षमता, इंटर-वैली ट्रूप मूवमेंट और एडवांस्ड लैंडिंग ग्राउंड्स (एएलजी) पर विमानों के ऑपरेशन का परीक्षण किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:  HAL का बड़ा खुलासा; 5 तेजस Mk-1A पूरी तरह तैयार, 9 अमेरिका से इंजन के इंतजार में, क्या IAF रिव्यू से बढ़ी टेंशन?

इस अभ्यास में सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, तेजस और मिराज-2000 जैसे फ्रंटलाइन फाइटर एयरक्राफ्ट के शामिल हैं। इनके अलावा एएन-32 और सी-295 जैसे ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट तथा एमआई-17 हेलिकॉप्टर भी अभ्यास का हिस्सा हैं। एक्सरसाइज के दौरान एयर-टू-एयर रिफ्यूलिंग, एयर ऑपरेशंस और हाई-एल्टीट्यूड मिशन से जुड़ी क्षमताओं को भी परखा जा रहा है। इस अभ्यास के लिए नोटाम भी जारी किया गया है।

इस एक्सरसाइज में सेंट्रल एयर कमांड और वेस्टर्न एयर कमांड के संयुक्त रूप से शामिल हैं। उत्तराखंड मुख्य रूप से सेंट्रल एयर कमांड के ऑपरेशनल एरिया में आता है।

इसके अलावा, हाल ही में लद्दाख के न्योमा एयरफील्ड पर भारतीय वायु सेना के आईएल-76 एमडी ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट की हाई-एल्टीट्यूड लैंडिंग भी चर्चा में रही। न्योमा एलएसी के करीब स्थित है और यहां एयरफील्ड की ऊंचाई तथा आसपास का कठिन भूगोल सैन्य विमानों के ऑपरेशन को चुनौतीपूर्ण बनाता है। (Chinese Aircraft Sikkim)

Author

  • Harendra Chaudhary

    हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

हरेंद्र चौधरी
हरेंद्र चौधरी
हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

Most Popular

Recent Comments