HomeIndian Air Forceजामनगर में 17 नवंबर से शुरू होगा वायुसेना का 'सहायता सेतु' अभ्यास,...

जामनगर में 17 नवंबर से शुरू होगा वायुसेना का ‘सहायता सेतु’ अभ्यास, C-17 से पैराड्रॉप और चिनूक से होगा अंडरस्लंग ऑपरेशन

17 से 19 नवंबर तक जामनगर में आयोजित होगा वार्षिक HADR अभ्यास सहायता सेतु। इसमें तीनों सेनाओं, कोस्ट गार्ड, NDMA और विदेशी प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी...

Key Highlights

  • सहायता सेतु 2026 अभ्यास 17 से 19 नवंबर तक गुजरात के जामनगर में आयोजित होगा।
  • अभ्यास में C-17, C-295, चिनूक और Mi-17 जैसे एयरक्राफ्ट राहत एवं बचाव क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे।
  • अभ्यास के दौरान साइक्लोन, भूकंप, बाढ़ और केमिकल इमरजेंसी जैसी आपदा स्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा।
  • टेबलटॉप एक्सरसाइज और फील्ड डेमोंस्ट्रेशन के जरिए राहत सामग्री की सप्लाई, मेडिकल सहायता और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को परखा जाएगा।

Exercise Sahayata Setu: प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और बचाव अभियान चलाने के लिए फर्स्ट रेस्पॉनन्डर की भूमिका निभाने वाली भारतीय वायुसेना अब अपनी इन तैयारियों का सबसे बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। गुजरात के जामनगर में 17 से 19 नवंबर 2026 तक सालाना जॉइंट ह्यूमैनिटेरियन असिस्टेंस एंड डिजास्टर रिलीफ एक्सरसाइज-2026 ‘सहायता सेतु’ (Exercise Sahayata Setu) आयोजित किया जाएगा।

इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना के साथ थलसेना, नौसेना, इंडियन कोस्ट गार्ड, नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA), राज्य प्रशासन और दूसरी सरकारी एजेंसियां हिस्सा लेंगी। इसका मकसद किसी बड़े प्राकृतिक संकट के दौरान अलग-अलग एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाना और राहत अभियान चलाने की क्षमता का प्रदर्शन करना है।

यह अभ्यास हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ और हेडक्वार्टर साउथ वेस्टर्न एयर कमांड के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इसमें वायुसेना की प्रमुख भूमिका होगी।

Exercise Sahayata Setu: 16 विदेशी ऑब्जर्वर भी होंगे शामिल

सूत्रों के मुताबिक सहायता सेतु अभ्यास में भारत के अलावा मित्र देशों के प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे। इसमें करीब 16 विदेशी ऑब्जर्वर शामिल होंगे। इनमें दक्षिण एशियाई देशों के प्रतिनिधियों के साथ अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के ऑब्जर्वर भी शामिल होंगे।

श्रीलंका, नेपाल, इंडोनेशिया, मलेशिया और बांग्लादेश जैसे मित्र देशों की भागीदारी भी इस अभ्यास का हिस्सा है। विदेशी ऑब्जर्वर राहत और बचाव अभियान के दौरान अलग-अलग एजेंसियों के बीच होने वाले तालमेल, संसाधनों के इस्तेमाल और प्रतिक्रिया देने में लगने वाले समय को देखेंगे।

इस अभ्यास के जरिए आपदा के समय अंतरराष्ट्रीय सहयोग और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने पर भी जोर दिया जाएगा।

टेबलटॉप एक्सरसाइज में बनेगी आपदा से निपटने की योजना

सूत्रों ने बताया कि सहायता सेतु के दौरान सबसे पहले टेबलटॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसमें एक काल्पनिक आपदा के हालात तैयार किए जाएंगे और संबंधित एजेंसियों को बताया जाएगा कि उन्हें किस तरह काम करना है।

यह भी पढ़ें:  भारतीय नौसेना की बढ़ेगी ताकत! NGMV जहाजों के लिए वॉटरजेट डील, 65 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ेंगे नए वॉरशिप

उदाहरण के तौर पर, किसी तटीय इलाके में भीषण चक्रवात आने की स्थिति में कैसे प्रभावित क्षेत्र तक राहत सामग्री पहुंचाना, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना और जरूरी सेवाएं बहाल करने के लिए अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल का अभ्यास किया जाएगा।

इस दौरान ईंधन की सप्लाई, राशन की उपलब्धता, एयरक्राफ्ट के लिए जरूरी संसाधनों की रीप्लेनिशमेंट और राहत सामग्री की लगातार सप्लाई सुचारु रखने पर भी काम किया जाएगा।

विदेशी ऑब्जर्वर और दूसरे प्रतिनिधि यह देखेंगे कि आपदा की सूचना मिलने के बाद एजेंसियां कितनी जल्दी सक्रिय होती हैं और राहत अभियान शुरू करने में कितना समय लगता है। इसके बाद मल्टी-एजेंसी कैपेबिलिटी डेमोंस्ट्रेशन के जरिए वास्तविक ऑपरेशनल क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

अभ्यास में चक्रवात, भूकंप, बाढ़ और केमिकल इमरजेंसी जैसी आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों को भी शामिल किया गया है। (Exercise Sahayata Setu)

सी-17, सी-295 और एएन-32 से होगा पैराड्रॉप

अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना अपने ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और हेलिकॉप्टरों की मदद से राहत अभियान चलाने की क्षमता का प्रदर्शन करेगी। इसमें सी-17 ग्लोबमास्टर-III, सी-295 और एएन-32 एयरक्राफ्ट से पैराड्रॉप किया जाएगा।

पैराड्रॉप के जरिए उन इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाई जा सकती है, जहां सड़क या दूसरे रास्तों से पहुंचना मुश्किल हो। बाढ़ या चक्रवात के कारण जब सड़क संपर्क टूट जाता है, तब एयरड्रॉप के जरिए जरूरी सामान प्रभावित लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

इसके अलावा सी-130 एयरक्राफ्ट से हेलिकॉप्टरों की टैक्टिकल एयरलिफ्ट क्षमता का प्रदर्शन किया जाएगा। इसका मतलब है कि सी-130 विमान का इस्तेमाल करके हेलिकॉप्टरों को एक जगह से दूसरी जगह हवाई मार्ग से ले जाने की क्षमता का प्रदर्शन किया जाएगा। इसे टेक्टिकल एयरलिफ्ट कैपेबिलिटी या हेली टैली भी कहा जाता है।

एमआई-17 हेलिकॉप्टर के जरिए आग बुझाने का ऑपरेशन भी दिखाया जाएगा। इसमें बैंबी बकेट का इस्तेमाल भी किया जाएगा, जिसमें हेलिकॉप्टर के नीचे लगाकर पानी को आग प्रभावित इलाके में गिराया जाता है। (Exercise Sahayata Setu)

चिनूक से अंडरस्लंग ऑपरेशन

सूत्रों के मुताबिक, अभ्यास में भारी सामान को हेलिकॉप्टर के नीचे बांधकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की क्षमता भी दिखाई जाएगी। इसे अंडरस्लंग ऑपरेशन कहा जाता है। इस तरह के ऑपरेशन में चिनूक हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया जाएगा।

चिनूक भारी सामान, राहत सामग्री और जरूरी उपकरणों को उन इलाकों तक पहुंचाने में मदद कर सकता है, जहां सामान्य ट्रांसपोर्ट पहुंचना मुश्किल होता है। इसके अलावा एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) ध्रुव, रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट (RPA) और ड्रोन भी इस अभ्यास में शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें:  ड्रोन अटैक से बचेंगी भारतीय सेना की तोपें! फॉरवर्ड एरिया में तैनात पहली बार टोड आर्टिलरी गनों पर लगाया ये खास 'जुगाड़', देखें वीडियो

ड्रोन और आरपीए की मदद से प्रभावित इलाकों की हवाई निगरानी की जा सकती है। इससे राहत एजेंसियों को यह जानकारी मिलती है कि कहां ज्यादा नुकसान हुआ है और किन स्थानों पर तत्काल मदद की जरूरत है। (Exercise Sahayata Setu)

रैपिड एक्शन मेडिकल टीम लगाएगी फील्ड हॉस्पिटल

आपदा के दौरान घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना भी राहत अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए वायुसेना की रैपिड एक्शन मेडिकल टीम (RMT) अपनी मेडिकल क्षमता का प्रदर्शन करेगी।

यह टीम प्रभावित इलाके में तेजी से पहुंचकर अस्थायी मेडिकल सुविधा और सेल्फ-सस्टेन्ड फील्ड हॉस्पिटल स्थापित करने की क्षमता का प्रदर्शन करेगी। इस तरह की मेडिकल यूनिट अपने जरूरी उपकरणों और संसाधनों के साथ काम कर सकती है।

इसका मकसद ऐसी स्थिति में भी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है, जब सामान्य अस्पतालों तक पहुंचना मुश्किल हो या स्थानीय स्वास्थ्य सुविधाएं आपदा के कारण प्रभावित हो गई हों। (Exercise Sahayata Setu)

भारत की फर्स्ट रिस्पॉन्डर भूमिका पर रहेगा फोकस

भारत ने पिछले कुछ सालों में दूसरे देशों में भी आपदा राहत अभियान चलाए हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भारतीय वायुसेना ने कई देशों तक वैक्सीन और जरूरी मेडिकल सामग्री पहुंचाने में मदद की थी।

श्रीलंका में प्राकृतिक आपदा के बाद चलाए गए ऑपरेशन सागर बंधु के दौरान भी भारत ने राहत सामग्री और जरूरी सहायता पहुंचाई थी। नेपाल में बाढ़ के दौरान भी भारतीय एजेंसियों ने राहत अभियान में हिस्सा लिया था। इन अभियानों में एयरलिफ्ट और तेजी से राहत सामग्री पहुंचाने की क्षमता महत्वपूर्ण रही।

यह भी पढ़ें:  स्वदेशी SSS Defence जुलाई से भारतीय सेना को करेगी स्वदेशी टी-12 शॉटगन की डिलीवरी, ड्रोन और क्लोज क्वार्टर बैटल में होगी इस्तेमाल

सहायता सेतु अभ्यास में इन्हीं अनुभवों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल और ऑपरेशनल तैयारी का प्रदर्शन किया जाएगा। इसका संदेश है कि भारत आपदा के समय अपने नागरिकों के साथ-साथ जरूरतमंद पड़ोसी देशों की मदद के लिए भी तेजी से राहत अभियान चला सकता है। (Exercise Sahayata Setu)

19 नवंबर को वरिष्ठ सैन्य अधिकारी देखेंगे अभ्यास!

तीन दिवसीय अभ्यास के अंतिम दिन चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित के शामिल होने की भी संभावना है। इस दौरान विभिन्न एजेंसियों की ओर से किए गए ऑपरेशनल डेमोंस्ट्रेशन और राहत अभियान से जुड़ी क्षमताओं को देखा जाएगा।

आपदा के समय मदद के लिए भारत हमेशा तैयार: पीएम मोदी

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई मौकों पर आपदा के समय भारत की मानवीय सहायता और फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका को लगातार दुनिया के सामने रखा है। इस साल 26 अगस्त को नेपाल में बाढ़ के बाद प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि भारत इस मुश्किल समय में नेपाल के लोगों के साथ खड़ा है और हरसंभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा था कि भारतीय टीमें बचाव और राहत कार्यों में नेपाली अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही हैं।

वहीं, इससे पहले श्रीलंका में चक्रवात दितवाह के बाद ऑपरेशन सागर बंधु के तहत भारत ने राहत सामग्री और एचएडीआर मदद भेजी थी। पीएम मोदी ने कहा था कि भारत अपने करीबी समुद्री पड़ोसी के साथ मजबूती से खड़ा है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मदद भी देगा। उन्होंने इस मदद को भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और ‘विजन महासागर’ से जोड़ा था। (Exercise Sahayata Setu)

Author

  • Harendra Chaudhary

    हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

हरेंद्र चौधरी
हरेंद्र चौधरी
हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

Most Popular

Recent Comments