Key Highlights
- जापानी सेना 2027 में पहली बार भारतीय रेंज पर मिसाइलों की करेंगी लाइव फायरिंग।
- करीब 1,000 KM रेंज वाली Type-25 मिसाइल और अटैक ड्रोन की टेस्टिंग की है योजना।
- भारत को मिल सकता है जापान का यूनिकॉर्न स्टील्थ मास्ट सिस्टम, फरवरी 2027 तक AoN की उम्मीद।
- 1. भारत-जापान ने 5,500 टन के मोगामी फ्रिगेट, ब्रह्मोस इंटीग्रेशन और संयुक्त युद्धपोत विकास पर की चर्चा।
Japan Missile Test in India: जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्सेज अगले साल पहली बार भारतीय जमीन पर मिसाइलों का लाइव-फायर अभ्यास करेंगी। इसके लिए दोनों देशों ने 19 नवंबर को टोक्यो में लेटर ऑफ इंटेंट पर दस्तखत किए गए। इसके तहत जापानी सेना भारतीय फायरिंग रेंज का इस्तेमाल करेगी। अभ्यास में सतह से समुद्र में मार करने वाली मिसाइलों की फायरिंग भी शामिल होगी। जापान के लिए यह पहला मौका होगा, जब उसकी सेना भारत में अपनी मिसाइलों का लाइव-फायर प्रशिक्षण करेगी।
यह फैसला टोक्यो में आयोजित चौथी भारत-जापान 2+2 विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय बैठक के दौरान हुआ। बैठक में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर शामिल हुए। जापान की तरफ से रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी ने हिस्सा लिया। बैठक में दोनों देशों ने रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, रक्षा तकनीक, आतंकवाद और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
Japan Missile Test in India: भारतीय रेंज पर जापानी मिसाइलों की होगी लाइव फायरिंग
जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने बैठक के बाद बताया कि दोनों देशों के बीच इस बात पर सहमति बनी है कि अगले साल जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्सेज पहली बार भारतीय फायरिंग रेंज का इस्तेमाल करेंगी। उन्होंने इसे रणनीतिक सहयोग की दिशा में अहम कदम बताया।
जापान के सामने लंबी दूरी की मिसाइलों के परीक्षण और प्रशिक्षण के लिए पर्याप्त जगह की चुनौती है। करीब 1,000 किलोमीटर तक मार करने वाली मिसाइल की फायरिंग के लिए बड़े और सुरक्षित समुद्री क्षेत्र की जरूरत होती है। भारत के पास ऐसे फायरिंग रेंज और टेस्टिंग सुविधाएं मौजूद हैं, जहां इस तरह की गतिविधियां की जा सकती हैं।
जापान भारतीय सुविधाओं का इस्तेमाल अपनी नई टाइप-25 सतह से समुद्र में मार करने वाली मिसाइल और छोटे अटैक ड्रोन के प्रशिक्षण और परीक्षण के लिए करना चाहता है। ओडिशा के चांदीपुर स्थित डीआरडीओ का इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज में ये टेस्ट किए जा सकते हैं।
क्या है जापान की टाइप-25 मिसाइल?
जापान की टाइप-25 मिसाइल को टाइप-12 मिसाइल का अपग्रेडेड वर्जन है। यह सतह से समुद्र में मार करने वाली मिसाइल है, जिसे जापान ने खुद बनाया है। यह मार्च 2026 में जापानी सेना की सेवा में शामिल हुई थी। इसे जापान की पहली स्वदेशी स्टैंड-ऑफ मिसाइल भी है।
स्टैंड-ऑफ मिसाइल का इस्तेमाल लक्ष्य से सुरक्षित दूरी पर रहकर हमला करने के लिए किया जाता है। इस तरह की मिसाइलें लॉन्च करने वाले प्लेटफॉर्म को दुश्मन के इलाके या उसकी सुरक्षा व्यवस्था के बहुत करीब जाने की जरूरत नहीं होती। टाइप-25 की करीब 1,000 किलोमीटर की रेंज को देखते हुए इसके परीक्षण के लिए बड़े समुद्री क्षेत्र की जरूरत बताई जा रही है।
भारत में लाइव-फायर प्रशिक्षण से जापानी सेल्फ डिफेंस फोर्सेज को लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल और ऑपरेशनल ट्रेनिंग का अवसर मिलेगा। यह व्यवस्था दोनों देशों के बीच सैन्य अभ्यास के दायरे को भी बढ़ाएगी। (Japan Missile Test in India)
Defence Minister Rajnath Singh, during his visit to Tokyo, held discussions with his Japanese counterpart on strengthening the India-Japan Special Strategic and Global Partnership.
Both sides agreed to fast-track defence cooperation in maritime security, underwater and missile technologies, mine-countermeasure capabilities and defence industrial collaboration under the framework of “Design with Japan, Make in India”.
The discussions also focused on air and space cooperation, information sharing and strengthening Indo-Pacific security ties ahead of the 75th anniversary of diplomatic relations in 2027.
#RajnathSingh #IndiaJapan #DefenceCooperation #IndoPacific #MakeInIndia @rajnathsingh
— Raksha Samachar | रक्षा समाचार 🇮🇳 (@RakshaSamachar) November 19, 2026
भारत को मिलेगी जापानी यूनिकॉर्न तकनीक
बैठक में रक्षा औद्योगिक सहयोग से जुड़े एक और अहम मुद्दे जापान के यूनिकॉर्न प्रोजेक्ट पर भी चर्चा हुई। यूनिकॉर्न का पूरा नाम यूनिफाइड कॉम्प्लेक्स रेडियो एंटीना है। यह युद्धपोतों के लिए तैयार किया गया एक विशेष स्टील्थ मास्ट सिस्टम है।
आमतौर पर किसी युद्धपोत पर कम्युनिकेशन के लिए अलग-अलग एंटीना लगाए जाते हैं। इनकी वजह से जहाज की बाहरी बनावट पर कई संरचनाएं दिखाई देती हैं, जो रडार पर उसकी पहचान को आसान बना सकती हैं। यूनिकॉर्न सिस्टम कई कम्युनिकेशन एंटीना को एक ही बंद स्ट्रक्चर में समेट देता है। इससे जहाज का रडार सिग्नेचर कम करने में मदद मिलती है।
यह सिस्टम जापान के मोगामी क्लास फ्रिगेट पर लगाया गया है। भारत और जापान ने इसके लिए जरूरी व्यवस्था को जल्द अंतिम रूप देने पर सहमति जताई है। संयुक्त बयान में उम्मीद जताई गई कि भारत फरवरी 2027 तक इस प्रोजेक्ट के लिए एक्सेप्टेंस ऑफ नेसेसिटी (एओएन) दे सकता है। रक्षा खरीद प्रक्रिया में एओएन शुरुआती औपचारिक मंजूरी होती है, जिसे आमतौर पर डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल देती है। यूनिकॉर्न जापान का भारत को पहला रक्षा उपकरण निर्यात भी बन सकता है। (Japan Missile Test in India)
मोगामी क्लास फ्रिगेट पर भी चर्चा
2+2 बैठक से एक दिन पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जापान के योकोसुका नेवल बेस पर मोगामी क्लास स्टील्थ फ्रिगेट का निरीक्षण किया था। जापान इस 5,500 टन के युद्धपोत को भारत के सामने पेश कर रहा है। जापान ने इसके डिजाइन और भारत में निर्माण का प्रस्ताव दिया है।
इस फ्रिगेट में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का इंटीग्रेशन भी शामिल हो सकता है। भारत इस प्रस्ताव का मूल्यांकन कर रहा है। संभावित निर्माण के लिए मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड और गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स के नाम सामने आए हैं। हालांकि, अभी इस संबंध में किसी अंतिम निर्माण समझौते की घोषणा नहीं हुई है।
दोनों देशों ने नौसैनिक जहाजों के डिजाइन और संयुक्त विकास की संभावनाएं तलाशने तथा माइन काउंटरमेजर क्षमता बढ़ाने पर भी सहमति जताई। माइन काउंटरमेजर ऑपरेशन का उद्देश्य समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों की पहचान करना और उन्हें निष्क्रिय करना है। (Japan Missile Test in India)
समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद पर भी बनी सहमति
भारत और जापान ने समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए भी कदम उठाने पर सहमति जताई। इसमें मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस (एमडीए), सर्च एंड रेस्क्यू (एसएआर), सूचनाओं का आदान-प्रदान और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) जैसे क्षेत्र शामिल हैं। दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच एक-दूसरे की सुविधाओं पर युद्धपोतों की मरम्मत से जुड़े समझौते को भी जल्द आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
बैठक में दोनों देशों ने सीमा पार आतंकवाद और संयुक्त राष्ट्र की सूची में शामिल आतंकी संगठनों की कड़ी निंदा की। इनमें अलकायदा, आईएसआईएस, लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद शामिल हैं। दोनों पक्षों ने आतंकियों के सुरक्षित ठिकानों को खत्म करने, फंडिंग नेटवर्क पर कार्रवाई और आतंकवादियों की सीमा पार आवाजाही रोकने की जरूरत पर जोर दिया।
दक्षिण चीन सागर और पूर्वी चीन सागर की स्थिति पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने किसी भी देश की ओर से बल या दबाव के जरिए एकतरफा तरीके से मौजूदा स्थिति बदलने का विरोध किया। इसके अलावा महत्वपूर्ण खनिजों और अन्य जरूरी वस्तुओं पर मनमाने निर्यात प्रतिबंधों से पैदा होने वाली आर्थिक चुनौतियों पर चिंता जताई। (Japan Missile Test in India)
सुरक्षा परिषद में एक-दूसरे की दावेदारी का समर्थन
भारत और जापान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के लिए एक-दूसरे की दावेदारी का समर्थन भी दोहराया। दोनों देश सुरक्षा परिषद में स्थायी और अस्थायी, दोनों श्रेणियों में विस्तार के पक्ष में हैं, ताकि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का बेहतर प्रतिनिधित्व हो सके।
साल 2027 में भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 साल पूरे होंगे। दोनों देशों ने इस मौके को ‘इंडिया-जापान ईयर ऑफ शेयर्ड होराइजन्स’ के रूप में मनाने पर सहमति जताई है। इसके तहत पूरे साल विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। (Japan Missile Test in India)
Author
-
हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।


