HomeIndian Air ForceHADR डिप्लोमेसी में भी भारत बन रहा है फर्स्ट रेस्पॉन्डर! 24 देशों...

HADR डिप्लोमेसी में भी भारत बन रहा है फर्स्ट रेस्पॉन्डर! 24 देशों के सामने जामनगर में दिखाई मल्टीनेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स क्षमता

अभ्यास में भारतीय वायुसेना का आरपीए, एएन-32, सी-17 ग्लोबमास्टर, चिनूक, सी-130, सी-295, जगुआर, चेतक और एमआई-17 वी5 जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हुए...

Key Highlights

  • भारतीय वायुसेना ने 17 से 19 नवंबर तक जामनगर में सहायता सेतु 2026 बहुराष्ट्रीय HADR अभ्यास आयोजित किया, जिसमें 24 मित्र देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
  • QUAD HADR वर्किंग ग्रुप की बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने आपदा राहत, क्षेत्रीय सहयोग और संयुक्त प्रतिक्रिया व्यवस्था पर की चर्चा।
  • जगुआर विमानों ने हवाई टोह और आपदा प्रभावित क्षेत्रों का आकलन किया, जबकि सी-17, सी-130, सी-295, एमआई-17 और चिनूक ने राहत सामग्री पहुंचाने, रेस्क्यू और मेडिकल इवैक्युएशन का प्रदर्शन किया।

IAF HADR Exercise: दुनिया के किसी भी हिस्से में जब भूकंप, चक्रवात, बाढ़ या सुनामी जैसी प्राकृतिक आपदा आती है, तो राहत और बचाव अभियान में समय सबसे अहम होता है। ऐसे हालात में सिर्फ राहत सामग्री और बचाव दल की उपलब्धता काफी नहीं होती, बल्कि अलग-अलग एजेंसियों और देशों के बीच बेहतर तालमेल भी जरूरी होता है। इसी तैयारी को मजबूत करने के लिए भारतीय वायुसेना ने गुजरात के जामनगर में 17 से 19 नवंबर तक बहुराष्ट्रीय आपदा राहत अभ्यास ‘सहायता सेतु 2026’ आयोजित किया।

यह अभ्यास हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ और हेडक्वार्टर साउथ वेस्टर्न एयर कमांड के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें भारतीय रक्षा बलों, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों और मित्र देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा के दौरान तेजी से राहत पहुंचाने, संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाने और अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल बेहतर करने की प्रक्रिया को परखना था।

IAF HADR Exercise: सीडीएस और एयर चीफ की मौजूदगी में हुआ अभ्यास

19 नवंबर को एयरफोर्स स्टेशन जामनगर में अभ्यास का समापन मल्टी-एजेंसी कैपेबिलिटी डेमोंस्ट्रेशन (एमएसीडी) के साथ हुआ। इस दौरान अलग-अलग एजेंसियों की आपदा राहत क्षमताओं और उनके बीच तालमेल का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद मित्र देशों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत भी हुई।

IAF HADR Exercise
General N S Raja Subramani and Air Chief Marshal Ashutosh Dixit (Photo: PiB)

सीडीएस जनरल राजा सुब्रमणि ने आपदा राहत के लिए ‘हॉल ऑफ नेशन’ यानी पूरे देश की संयुक्त भागीदारी को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय सिर्फ सेना या किसी एक एजेंसी के प्रयासों से काम नहीं चलता। इसमें सरकारी विभागों, सुरक्षा बलों, नागरिक प्रशासन और अन्य संस्थाओं को मिलकर काम करना होता है। उन्होंने इंडो-पैसिफिक और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका का भी उल्लेख किया। यह भूमिका भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और ‘महासागर’ विजन से जुड़ी है। (IAF HADR Exercise)

यह भी पढ़ें:  Dhruv ALH glitch: भारतीय सेना का ध्रुव हेलिकॉप्टर फिर हुआ गड़बड़ी का शिकार, पूरे बेड़े की जांच का आदेश, नेवी और कोस्टगार्ड का बढ़ा इंतजार!

राहत अभियान में एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर हुए शामिल

किसी बड़े आपदा क्षेत्र में सड़कें टूट जाने या पुल क्षतिग्रस्त होने पर हवाई रास्ता राहत पहुंचाने का सबसे तेज माध्यम बन सकता है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है। बड़े विमान राहत सामग्री, मेडिकल उपकरण और बचाव दल को प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचा सकते हैं, जबकि हेलीकॉप्टर उन इलाकों में काम आ सकते हैं जहां बड़े विमान उतर नहीं सकते।

अभ्यास में भारतीय वायुसेना का आरपीए, एएन-32, सी-17 ग्लोबमास्टर, चिनूक, सी-130, सी-295, जगुआर, चेतक और एमआई-17 वी5 जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हुए। इसके अलावा इंडियन कोस्ट गार्ड का एएलएच, भारतीय नौसेना का एएलएच और डॉर्नियर तथा भारतीय सेना के एएलएच ने भी इस एक्सरसाइज में हिस्सा लिया।

सहायता सेतु 2026 के मल्टी-एजेंसी कैपेबिलिटी डेमोंस्ट्रेशन में भारतीय नौसेना के जहाजों और अलग-अलग सेनाओं के हेलीकॉप्टरों ने समुद्र से लेकर जमीन तक राहत और बचाव अभियान का प्रदर्शन किया। समुद्र में फंसे लोगों को खोजने के लिए नेवी और एयरफोर्स ने संयुक्त रूप से मैरीटाइम सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन किया। इसमें सर्वाइवर डिटेक्शन, विन्चिंग के जरिए लोगों को हेलीकॉप्टर में उठाने और उन्हें समुद्र में तैनात ऑफशोर हॉस्पिटल शिप तक पहुंचाने की प्रक्रिया दिखाई गई। इसके बाद जहाज और नौसेना के एएलएच की मदद से राहत और रेस्टोरेशन ऑपरेशन के तहत समुद्र से मुख्य जमीन तक जरूरी सहायता पहुंचाने का प्रदर्शन किया गया।

हेलीकॉप्टरों ने जमीन पर फंसे लोगों को निकालने और राहत टीमों को प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से भारतीय सेना की 10 सदस्यीय रेस्क्यू और मेडिकल टीम को ढह चुकी इमारतों वाले इलाके में उतारा गया। इसके साथ ही एमआई-17 ने लो-हावर जंप के जरिए भारतीय सेना के 10 जवानों और वायुसेना के पांच गरुड़ कमांडो को इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम के रूप में प्रभावित क्षेत्र में पहुंचाया। इसी हेलीकॉप्टर ने बाम्बी बकेट के जरिए पानी गिराकर एरियल फायर फाइटिंग की क्षमता भी दिखाई।

यह भी पढ़ें:  IAF Chief on Operation Sindoor: वायुसेना प्रमुख बोले- पाकिस्तान का नैरेटिव 'मनोहर कहानियों' जैसा, ऑपरेशन सिंदूर में गिराए एफ-16 और जेएफ-17 समेत 10 फाइटर जेट
IAF HADR Exercise
Photo: PiB

इस दौरान जगुआर विमानों की भूमिका खास रही। इनका इस्तेमाल आपदा प्रभावित इलाके की हवाई टोह लेने और वहां के हालात का आकलन करने के लिए किया गया। एयरियल रिकॉनेसेंस के जरिए यह पता लगाने में मदद मिलती है कि किन इलाकों में ज्यादा नुकसान हुआ है, कहां लोग फंसे हो सकते हैं और किन जगहों पर राहत सामग्री या बचाव दल की तत्काल जरूरत है। इस जानकारी के आधार पर राहत अभियान की प्राथमिकताएं तय की जा सकती हैं। (IAF HADR Exercise)

आपदा राहत में कई विभागों का तालमेल जरूरी

एचएडीआर यानी ह्यूमैनिटेरियन असिस्टेंस एंड डिजास्टर रिलीफ ऑपरेशन केवल हवाई परिवहन तक सीमित नहीं होते। किसी प्रभावित क्षेत्र में बचाव दल, मेडिकल टीम, मौसम की जानकारी, कमांड और कंट्रोल सिस्टम तथा स्थानीय प्रशासन के साथ तालमेल भी जरूरी होता है।

इसी वजह से सहायता सेतु के फोकस में नागरिक और सैन्य एजेंसियों के बीच समन्वय को रखा गया। इसमें एनडीएमए, एसडीएमए और डीडीएमए जैसे आपदा प्रबंधन संस्थानों की जिम्मेदारियों और सिविल-मिलिट्री कोऑर्डिनेशन पर भी ध्यान दिया गया। शुरुआती चेतावनी को समय पर राहत कार्रवाई में बदलना भी इस प्रक्रिया का अहम हिस्सा है।

इसके लिए भारतीय मौसम विभाग और इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इन्फॉर्मेशन सर्विसेज (INCOIS) से मिलने वाली जानकारी महत्वपूर्ण होती है। सैटेलाइट इमेजरी, जीआईएस मैपिंग, ओशन मॉडलिंग और सिचुएशनल अवेयरनेस जैसे तकनीकी साधनों का इस्तेमाल प्रभावित इलाके की स्थिति समझने और राहत अभियान की योजना बनाने में मदद कर सकता है। (IAF HADR Exercise)

क्वॉड एचएडीआर वर्किंग ग्रुप की बैठक भी हुई

सहायता सेतु 2026 में भारत के साथ 24 मित्र देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, कोमोरोस, इंडोनेशिया, केन्या, मेडागास्कर, मलेशिया, मालदीव, मॉरीशस, मोजाम्बिक, ओमान, सेशेल्स, सिंगापुर, सोमालिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, तंजानिया, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात, यमन, जापान, अमेरिका, म्यांमार और नेपाल शामिल थे। ये देश इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (आईओआरए), बिम्सटेक और क्वाड जैसे क्षेत्रीय समूहों से जुड़े हैं।

अभ्यास के दौरान क्वॉड एचएडीआर वर्किंग-लेवल मीटिंग भी आयोजित हुई। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधियों ने आपदा राहत के क्षेत्र में आपसी तालमेल और क्षेत्रीय तैयारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक का उद्देश्य आपदा के समय सूचनाओं के आदान-प्रदान, संयुक्त योजना और राहत प्रतिक्रिया में बेहतर समन्वय को बढ़ावा देना था।

यह भी पढ़ें:  IAF Flying Instructor School Tambaram: भारतीय वायुसेना के 59 अधिकारियों को मिला प्रतिष्ठित क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर बैज

अभ्यास में भारत के पिछले राहत अभियानों के अनुभवों को भी चर्चा में शामिल किया गया। इनमें म्यांमार में ऑपरेशन ब्रह्मा, श्रीलंका में ऑपरेशन सागर बंधु और वेनेजुएला में ऑपरेशन अमिस्ताद के अलावा ऑपरेशन मैत्री और ऑपरेशन दोस्त जैसे अभियानों के अनुभव शामिल थे। वहीं, देश में पर चक्रवात ताउते और बिपरजॉय के दौरान किए गए राहत कार्यों से जुड़े अनुभवों पर भी चर्चा की गई। (IAF HADR Exercise)

सेमिनार से लेकर लाइव डेमोंस्ट्रेशन तक चार प्रमुख गतिविधियां

सहायता सेतु 2026 में आपदा के अलग-अलग चरणों को ध्यान में रखकर कई गतिविधियां आयोजित की गईं। अभ्यास के दौरान सेमिनार में विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभव और जानकारी साझा की। इसका उद्देश्य अलग-अलग देशों और एजेंसियों के काम करने के तरीकों को समझना था।

इसके बाद टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें एक काल्पनिक आपदा की स्थिति बनाकर अधिकारियों ने राहत अभियान की योजना तैयार की। उदाहरण के तौर पर किसी इलाके में भूकंप आने, इमारतें गिरने, सड़कें टूटने और लोगों के मलबे में फंसने जैसी परिस्थितियों पर चर्चा की गई। इसमें यह समझने पर जोर रहा कि किस एजेंसी को कब और किस तरह कार्रवाई करनी होगी।

स्टैटिक डिस्प्ले के जरिए राहत और बचाव कार्यों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और क्षमताओं की जानकारी दी गई। वहीं, 19 नवंबर को हुए मल्टी-एजेंसी कैपेबिलिटी डेमोंस्ट्रेशन में जमीन, हवा और समुद्री क्षेत्र में एजेंसियों के बीच ऑपरेशनल कोऑर्डिनेशन का प्रदर्शन किया गया। (IAF HADR Exercise)

Author

  • Harendra Chaudhary

    हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

हरेंद्र चौधरी
हरेंद्र चौधरी
हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

Most Popular

Recent Comments