Tarang Shakti 2026 Network Centric Warfare: भारत का सबसे बड़ा बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास तरंग शक्ति-2026 राजस्थान के जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। तरंग शक्ति में इस बार आधुनिक हवाई युद्ध में सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले इंटरऑपरेबिलिटी, नेटवर्क-सेंट्रिक ऑपरेशंस और कॉमन ऑपरेशनल पिक्चर की भी परीक्षा होगी। इस बार अमेरिका पांचवी पीढ़ी का फाइटर जेट एफ-35 लाइटनिंग-II, फ्रांसीसी राफेल, यूएई के एफ-16, भारतीय सुखोई-30 एमकेआई, तेजस, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर और भारतीय अवॉक्स, एईडब्ल्यूएंडसी एक ही अभ्यास में शामिल होने जा रहे हैं।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अलग-अलग देशों के ये विमान, जिनकी टेक्नोलॉजी, डेटा सिस्टम और कम्युनिकेशन नेटवर्क अलग हैं, आखिर एक-दूसरे के साथ कैसे काम करेंगे? भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने इस पर महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
Tarang Shakti 2026 Network Centric Warfare: क्या है कॉमन ऑपरेशनल पिक्चर?
आधुनिक हवाई युद्ध में सिर्फ तेज या आधुनिक विमान होना काफी नहीं होता। सबसे महत्वपूर्ण यह होता है कि सभी विमानों, रडार, कमांड सेंटर और एयरबोर्न कंट्रोल प्लेटफॉर्म को बैटलफील्ड की लगभग एक जैसी तस्वीर दिखाई दे।
इसे ही कॉमन ऑपरेशनल पिक्चर या शेयर्ड पिक्चर कहा जाता है।
इसमें यह जानकारी होती है कि कौन-सा विमान मित्र है, कौन-सा संभावित दुश्मन है, कौन किस दिशा में उड़ रहा है, कौन-सा लक्ष्य कहां मौजूद है और किस प्लेटफॉर्म को क्या भूमिका निभानी है।
जब सभी प्लेटफॉर्म एक जैसी जानकारी देखते हैं तो फैसले लेने की रफ्तार बढ़ जाती है और युद्ध के दौरान भ्रम की स्थिति कम होती है।
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने क्या कहा
तरंग शक्ति एक्सरसाइज के दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रक्षा समाचार के सवाल का जवाब देते वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने बताया कि तरंग शक्ति-2026 में सभी भागीदार देशों के बीच शेयर्ड ऑपरेशनल तस्वीर तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने ब्रीफिंग, मिशन प्लानिंग, डीब्रीफिंग और कॉमन ऑपरेशनल पिक्चर को इस अभ्यास का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है। तरंग शक्ति-2026 में असली परीक्षा केवल विमानों की नहीं, बल्कि विभिन्न देशों की वायु सेनाओं के बीच कॉर्डिनेशन, कम्युनिकेशन और इंटरऑपरेबिलिटी की होगी।
On a question from @RakshaSamachar about integrating India’s AWACS with foreign aircraft such as the F-35 during #tarangshakti IAF Vice Chief Air Marshal Ashutosh Dixit said it is a “standard procedure” followed in all exercises. Groups comprising aircraft from different nations… pic.twitter.com/xVtA2Y6cWU
— Raksha Samachar | रक्षा समाचार 🇮🇳 (@RakshaSamachar) September 22, 2026
उन्होंने बताया कि हर मिशन की योजना संयुक्त रूप से बनाई जाएगी। सबसे पहले सभी देशों के प्रतिनिधियों को एक साथ ब्रीफिंग दी जाएगी। इसके बाद उन्हें अलग-अलग ग्रुप्स जैसे रेड फोर्स और ब्लू फोर्स में बांटा जाएगा।
इसके बाद प्रत्येक टीम अपनी रणनीति तैयार करेगी और मिशन को अंजाम देगी।
उन्होंने कहा, “मिशन पूरा होने के बाद सबसे महत्वपूर्ण चरण डीब्रीफिंग का होता है। इसमें सभी टीमें अपने अनुभव, प्रदर्शन और सीखे गए सबक साझा करती हैं।”
भारतीय वायुसेना इसके लिए पहले से विकसित विशेष सिस्टम का इस्तेमाल करती है, जिसका इस्तेमाल दुनिया के विभिन्न बाइलेटरल मिलिट्री एक्सरसाइज में भी किया जाता है। (Tarang Shakti 2026 Network Centric Warfare)
क्या सभी विमान एक ही डिजिटल तस्वीर देख पाएंगे?
इस सवाल का जवाब टेक्नोलॉजी रूप से काफी दिलचस्प है। तरंग शक्ति-2026 में पूरी तरह इंटीग्रेटेड और रियल-टाइम डिजिटल कॉमन पिक्चर नहीं बनने वाली है। इसकी वजह यह है कि सभी देशों के विमान एक जैसी डिजिटल लैंग्वेज नहीं इस्तेमाल करते।
आधुनिक युद्ध में डेटा शेयर करने के लिए टैक्टिकल डेटा लिंक का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन विभिन्न देशों के प्लेटफॉर्म अलग-अलग डेटा लिंक पर काम करते हैं। और यहीं से असली चुनौती शुरू होती है।
लिंक-16 का इस्तेमाल करता है एफ-35
अमेरिकी एफ-35 को दुनिया के सबसे एडवांस पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों में गिना जाता है। इसकी सबसे बड़ी ताकत सिर्फ स्टील्थ क्षमता नहीं है, बल्कि इसका सेंसर फ्यूजन सिस्टम है।
एफ-35 अपने रडार, इलेक्ट्रॉनिक सेंसर, इन्फ्रारेड सेंसर और अन्य सोर्सेज से मिली जानकारी को जोड़कर पायलट को एक बेहद स्पष्ट बैटलफील्ड तस्वीर देता है। विमान मुख्य रूप से लिंक-16 और अपने विशेष एमएडीएल (मल्टीफंक्शन एडवांस्ड डेटा लिंक) सिस्टम का इस्तेमाल करता है।
अमेरिका इस नेटवर्क से जुड़ी संवेदनशील जानकारी को बहुत सीमित स्तर पर साझा करता है। यही वजह है कि एफ-35 का पूरा सेंसर डेटा किसी विदेशी वायुसेना के साथ सीधे शेयर नहीं किया जाता।
भारतीय वायुसेना के सामने है टेक्नोलॉजिकल चैलेंज
भारतीय वायुसेना का बेड़ा कई देशों की टेक्नोलॉजी का मिश्रण है। सुखोई-30 एमकेआई रूसी मूल का विमान है। राफेल फ्रांस से आया है। मिराज-2000 भी फ्रांसीसी है। तेजस स्वदेशी प्लेटफॉर्म है। फाल्कन अवॉक्स इजरायली टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करता है।
इन सभी के डेटा लिंक और नेटवर्क सिस्टम अलग-अलग हैं।
भारतीय वायुसेना पिछले कुछ सालों से आईएसीसीएस (इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम), वायुलिंक, बीनेट और अन्य नेटवर्किंग समाधानों के जरिए इन्हें जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। हालांकि अभी भी पूरी तरह इंटीग्रेटेड डिजिटल नेटवर्क तैयार नहीं हुआ है।
2024 के तरंग शक्ति से क्या मिला सबक
2024 में आयोजित पहले तरंग शक्ति अभ्यास ने भारतीय वायुसेना और भाग लेने वाले देशों को एक महत्वपूर्ण सीख दी। सबसे बड़ी चुनौती यह सामने आई कि अलग-अलग देशों के लड़ाकू विमान और सैन्य प्लेटफॉर्म एक-दूसरे के साथ सीधे डेटा लिंक साझा नहीं कर सकते थे। हर देश अपने अलग डिजिटल सिस्टम और सिक्योर नेटवर्क का इस्तेमाल करता है, जिससे सभी को एक ही समय पर एक जैसी तस्वीर उपलब्ध कराना आसान नहीं था।
यही वजह है कि 2026 के अभ्यास में भी मुख्य फोकस डिजिटल नेटवर्क से ज्यादा प्रक्रियाओं, कमांड स्ट्रक्चर और मिशन कॉर्डिनेशन पर रहेगा। उद्देश्य यह है कि अलग-अलग देशों की वायु सेनाएं बिना साझा डेटा लिंक के भी एक टीम की तरह काम कर सकें। (Tarang Shakti 2026 Network Centric Warfare)
चार स्तरों पर तैयार होगी शेयर्ड पिक्चर
किसी भी ऑपरेशन की शुरुआत मिशन प्लानिंग से होती है। अभ्यास में शामिल सभी देशों के विमान पहले से तय एक साझा योजना के अनुसार उड़ान भरेंगे।
इस दौरान यह तय किया जाएगा कि कौन-सा विमान किस सेक्टर में ऑपरेट करेगा, किस ऊंचाई पर रहेगा, टारगेट एरिया तक पहुंचने का समय क्या होगा और मित्र व शत्रु की पहचान कैसे की जाएगी। यही योजना पूरे ऑपरेशन की बुनियाद बनेगी और सभी प्रतिभागियों को एक समान दिशा मिलेगी। (Tarang Shakti 2026 Network Centric Warfare)
वॉइस कम्युनिकेशन से होगा रियल-टाइम कॉर्डिनेशन
अभ्यास के दौरान सबसे महत्वपूर्ण साधन रेडियो कम्युनिकेशन रहेगा। विभिन्न देशों के पायलट और कंट्रोलर स्टैंडर्ड मिलिट्री इंग्लिश डिक्शनरी और तय कोड का इस्तेमाल करेंगे।
अवॉक्स (AWACS) और अन्य एयर कंट्रोल प्लेटफॉर्म पायलटों को टारगेट की लोकेशन, दिशा, दूरी और ऊंचाई जैसी जानकारी रेडियो के जरिए देते रहेंगे। आधुनिक डेटा नेटवर्क उपलब्ध होने के बावजूद युद्ध अभियानों में वॉइस कम्युनिकेशन आज भी सबसे भरोसेमंद और प्रभावी माध्यम माना जाता है। (Tarang Shakti 2026 Network Centric Warfare)
हर देश अपने डिजिटल नेटवर्क पर करेगा काम
अभ्यास में शामिल सभी देश अपने-अपने सुरक्षित डिजिटल नेटवर्क का इस्तेमाल जारी रखेंगे। भारतीय वायुसेना के विमान अपने डेटा लिंक और आईएसीसीएस (इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम) नेटवर्क से जुड़े रह सकते हैं। वहीं अमेरिकी एफ-35 विमान अपने लिंक-16 और एमएडीएल (MADL) नेटवर्क का इस्तेमाल करेंगे। नाटो देशों के कुछ प्लेटफॉर्म आपस में सीमित स्तर पर डेटा शेयर कर सकते हैं, लेकिन सभी देशों के बीच एक साझा डिजिटल नेटवर्क मौजूद नहीं होगा। (Tarang Shakti 2026 Network Centric Warfare)
कमांड पोस्ट में तैयार होगी कॉमन ऑपरेशनल पिक्चर
पूरे अभ्यास में सबसे अहम भूमिका कमांड और कंट्रोल सेंटर निभाएंगे। विभिन्न चैनल्स से मिली सूचनाओं को यहां एकत्र किया जाएगा और उनका विश्लेषण कर एक शेयर्ड ऑपरेशनल पिक्चर तैयार की जाएगी।
इस प्रक्रिया में भारतीय ग्राउंड रडार, फाल्कन अवॉक्स, नेत्रा एयरबोर्न अर्ली वार्निंग सिस्टम, विभिन्न देशों के संपर्क अधिकारियों की रिपोर्ट और मिशन कमांडरों से मिलने वाली जानकारी को एक साथ जोड़ा जाएगा। इसके बाद तैयार की गई यह तस्वीर सभी संबंधित युनिट्स तक पहुंचाई जाएगी, ताकि पूरे मिशन के दौरान कॉर्डिनेशन बना रहे। (Tarang Shakti 2026 Network Centric Warfare)
तरंग शक्ति में अवॉक्स बेहद अहम
अवॉक्स यानी एयरबोर्न वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम आधुनिक वायु युद्ध का सबसे महत्वपूर्ण कमांड प्लेटफॉर्म माना जाता है। भारत के पास इजरायली फाल्कन आधारित अवॉक्स और स्वदेशी नेत्रा एईडब्ल्यू एंड सी प्लेटफॉर्म हैं।
इनकी मदद से सैकड़ों किलोमीटर दूर तक हवाई गतिविधियों की निगरानी की जा सकती है। तरंग शक्ति-2026 में अवॉक्स दो मुख्य भूमिकाएं निभाएंगे। पहली भूमिका भारतीय लड़ाकू विमानों को नेटवर्क के माध्यम से कंट्रोल करना होगी।
दूसरी भूमिका विदेशी विमानों को वॉइस कम्युनिकेशन और स्टैंडर्डाइज्ड प्रोसिजर्स के जरिए निर्देश देना होगी।
एफ-35 जैसे विमान अपने सेंसरों से काफी जानकारी खुद जुटा सकते हैं, लेकिन उनका पूरा डेटा भारतीय अवॉक्स स्क्रीन पर दिखाई नहीं देगा। (Tarang Shakti 2026 Network Centric Warfare)
नेटवर्क-सेंट्रिक वॉरफेयर क्यों है महत्वपूर्ण
1990 के दशक में अमेरिकी वायुसेना ने एक स्टडी की थी, जिसमें डेटा लिंक से जुड़े लड़ाकू विमानों की तुलना केवल रेडियो कम्युनिकेशन पर निर्भर विमानों से की गई। स्टडी में पाया गया कि डेटा लिंक से जुड़े विमान लगभग ढाई गुना अधिक प्रभावी साबित हुए। इसका कारण यह था कि सभी पायलटों को एक जैसी और लगातार अपडेट होती जानकारी मिल रही थी।
यही कॉन्सैप्ट आगे चलकर नेटवर्क-सेंट्रिक वारफेयर के तौर पर डेवलप हुआ। आज अमेरिका और नाटो देशों की अधिकांश वायु सेनाएं इसी कॉन्सैप्ट पर काम करती हैं। (Tarang Shakti 2026 Network Centric Warfare)
Author
-
हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।


