Tarang Shakti-2026: भारतीय वायुसेना इस महीने अपने सबसे बड़े बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास ‘एक्सरसाइज तरंग शक्ति-2026’ की मेजबानी करने जा रही है। यह अभ्यास 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक राजस्थान के जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर आयोजित होगा। इस दौरान भारत, अमेरिका, फ्रांस, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और श्रीलंका समेत कई देशों की वायु सेनाएं एक साथ ऑपरेशन, मिशन प्लानिंग और युद्धाभ्यास करेंगी।
इस बार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अमेरिका का अत्याधुनिक पांचवी पीढ़ी का एफ-35 स्टील्थ फाइटर जेट, फ्रांस के राफेल, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एफ-16, जर्मनी के ए-400एम और कई अन्य देशों के सैन्य विमान भारतीय लड़ाकू विमानों के साथ एक ही ऑपरेशनल वातावरण में उड़ान भरेंगे।
भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार तरंग शक्ति अलग-अलग देशों की वायु सेनाओं के बीच सामंजस्य, संयुक्त संचालन क्षमता और आधुनिक युद्ध के अनुभव साझा करने का एक बड़ा मंच है। इस बार के अभ्यास की सबसे बड़ी खासियत अमेरिकी एफ-35ए स्टील्थ फाइटर जेट की भागीदारी होगी, जो पहली बार भारत में किसी सैन्य अभ्यास का हिस्सा बनेगा।
Tarang Shakti-2026: तरंग शक्ति-2024 की सफलता के बाद बड़ा संस्करण
भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने बताया कि साल 2024 में आयोजित पहली बहुराष्ट्रीय एक्सरसाइज तरंग शक्ति ने एक नई शुरुआत की थी।
उन्होंने कहा, “कई वर्षों तक हमारी विदेशी वायु सेनाओं के साथ भागीदारी मुख्य रूप से द्विपक्षीय अभ्यासों तक सीमित थी। तरंग शक्ति ने इस सोच को बदला और एक साथ कई वायु सेनाओं के साथ ऑपरेशन करने का अवसर दिया।”
तरंग शक्ति-2024 दो चरणों में तमिलनाडु के सुलूर और राजस्थान के जोधपुर में आयोजित हुई थी। उस दौरान 11 देशों ने अपने विमान भेजे थे। कुल 45 विमानों ने 76 मिशन पूरे किए थे और 867 सॉर्टी उड़ानें भरी गई थीं। इन मिशनों में एयर डिफेंस, कॉम्बैट ऑपरेशन, एयर-टू-एयर रिफ्यूलिंग, एयरलिफ्ट और रिकॉनिसेंस जैसे जटिल अभियान शामिल थे।
इसी अनुभव को आगे बढ़ाते हुए तरंग शक्ति-2026 को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
65 देशों को भेजा गया निमंत्रण
भारतीय वायुसेना ने इस अभ्यास के लिए 65 देशों को आमंत्रित किया है। इनमें से 8 देश अपने विमान और क्रू के साथ हिस्सा लेंगे, जबकि 32 देश पर्यवेक्षक यानी ऑब्जर्वर के रूप में शामिल होंगे। कुल मिलाकर 40 देश इस बहुराष्ट्रीय अभ्यास में शामिल होंगे। वहीं, कनाडा और मैक्सिको गेस्ट के तौर पर शामिल होंगे।
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कहा, “तरंग शक्ति-2026 केवल यह नहीं दिखाता कि कितने देश और कितने विमान आ रहे हैं। इसका असली केंद्र वे एयर वॉरियर्स, तकनीशियन और विशेषज्ञ हैं जो एक-दूसरे से सीखेंगे और साथ काम करेंगे।” (Tarang Shakti-2026)
IAF Vice Chief Air Marshal Ashutosh Dixit: “Operation Sindoor has made us more aware about precision, integration and jointness.” He said exercises such as Tarang Shakti help build these capabilities, adding that the next war will be fought along these lines. #OperationSindoor… pic.twitter.com/v2lWJO4wGZ
— Raksha Samachar | रक्षा समाचार 🇮🇳 (@RakshaSamachar) September 22, 2026
ऑपरेशन सिंदूर से मिले सबक भी होंगे शामिल
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कहा कि हाल के संघर्षों और भारतीय सैन्य अभियानों से मिले अनुभवों को भी अभ्यास में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा, “हाल के संघर्षों ने दिखाया है कि सटीक हमला, इंटीग्रेटेड एयर डिफेंस, मानव रहित सिस्टम, सूचना प्रभुत्व और मल्टी-डोमेन ऑपरेशन कितने महत्वपूर्ण हैं। ऑपरेशन सिंदूर ने भी इन वास्तविकताओं को मजबूत किया है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि तरंग शक्ति का उद्देश्य केवल अपनी क्षमता दिखाना नहीं है, बल्कि नए सबक सीखना और प्रक्रियाओं को बेहतर बनाना भी है।
मल्टी-डोमेन ऑपरेशन पर विशेष फोकस
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित के मुताबिक इस बार का अभ्यास केवल हवाई लड़ाई तक सीमित नहीं रहेगा। बल्कि
सैटेलाइट से मिलने वाली जानकारी, लक्ष्य की पहचान, मिशन प्लानिंग, साइबर नेटवर्क, कम्युनिकेशन सिस्टम, ग्राउंड सपोर्ट और लॉजिस्टिक नेटवर्क को भी अभ्यास का हिस्सा बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आधुनिक युद्ध में केवल फाइटर जेट ही जीत तय नहीं करते। नेटवर्किंग, डेटा शेयरिंग, कमांड एंड कंट्रोल और तकनीकी समन्वय भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
स्वदेशी रक्षा तकनीक को मिलेगा मंच
यह अभ्यास भारत के बढ़ते एयरोस्पेस और रक्षा उद्योग को भी अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा। अभ्यास के दौरान भारत के स्वदेशी प्लेटफॉर्म, सेंसर, हथियार प्रणाली, मानव रहित सिस्टम और अन्य रक्षा तकनीकों को विदेशी प्रतिनिधियों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।
एयर मार्शल दीक्षित ने कहा, “भारत अब केवल दुनिया से तकनीक लेने वाला देश नहीं है। हम अब ऐसी स्थिति में हैं जहां अपनी विकसित तकनीकों और क्षमताओं को दुनिया के सामने रख सकते हैं।” (Tarang Shakti-2026)
साझेदारी और सीखने पर रहेगा जोर
ग्रुप कैप्टन राहुल देशवाल ने कहा कि तरंग शक्ति-2026 का मूल उद्देश्य तीन शब्दों में समझा जा सकता है-इंटीग्रेट, एग्जीक्यूट और लर्न। उन्होंने कहा, “यह अभ्यास केवल साथ उड़ने के बारे में नहीं है, बल्कि साथ काम करना सीखने के बारे में है। विभिन्न देशों की वायु सेनाएं एक-दूसरे की कार्यप्रणाली, योजना प्रक्रिया और तकनीकी क्षमताओं को समझेंगी।” (Tarang Shakti-2026)
कौन-कौन से विमान होंगे शामिल
इस बार का अभ्यास दुनिया के कुछ सबसे आधुनिक लड़ाकू विमानों को एक साथ लाएगा। अमेरिकी वायुसेना छह एफ-35ए स्टील्थ फाइटर जेट और दो केसी-135 एयर-टू-एयर रिफ्यूलिंग टैंकर लेकर आएगी। फ्रांस सात राफेल फाइटर जेट, तीन ए400एम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और दो एमआरटीटी टैंकर विमान भेजेगा। संयुक्त अरब अमीरात छह एफ-16 फाइटर जेट और एक ग्लोबल-6000 एयरक्राफ्ट के साथ हिस्सा लेगा। जर्मनी दो ए400एम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट भेजेगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश सी-130जे ट्रांसपोर्ट विमान के साथ भाग लेंगे। श्रीलंका अपनी वायुसेना का किंग एयर-350ईआर विमान भेजेगा।
वहीं, भारतीय वायुसेना इस अभ्यास में अपने लगभग सभी प्रमुख लड़ाकू और सहायक प्लेटफॉर्म उतारेगी। इनमें राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, एलसीए तेजस, जगुआर, मिराज-2000 और मिग-29 शामिल होंगे।
इसके अलावा हेलीकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट विमान, एईडब्ल्यू एंड सी, अवाक्स और आईएल-78 एयर-टू-एयर रिफ्यूलिंग विमान भी मिशनों का हिस्सा होंगे।
ग्रुप कैप्टन राहुल देशवाल ने बताया कि भारतीय वायुसेना का उद्देश्य अपनी लड़ाकू और सहायक क्षमताओं को बहुराष्ट्रीय वातावरण में परखना और साझा करना है।
उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। 4 अक्टूबर को सेमिनार होगा। 8 अक्टूबर को ओपन डे रखा गया है, जबकि 8 और 9 अक्टूबर को दिल्ली में एयर फोर्स डे फ्लाई-पास्ट होगा। 10 अक्टूबर को डिस्टिंग्विश्ड विजिटर्स और मीडिया डे आयोजित किया जाएगा। 12 अक्टूबर को समापन समारोह होगा।
✈️🌍 Watch Video: Exercise Tarang Shakti 2026 is set to take off!
India’s biggest multinational air exercise returns to Jodhpur from 26 September to 12 October, bringing together 40+ nations and some of the world’s most advanced air combat platforms.
For the first time, the F-35… pic.twitter.com/Hsz1XnVPDU— Raksha Samachar | रक्षा समाचार 🇮🇳 (@RakshaSamachar) September 22, 2026
आधुनिक युद्ध के सभी पहलुओं पर रहेगा फोकस
ग्रुप कैप्टन राहुल देशवाल के मुताबिक अभ्यास में आधुनिक युद्ध की लगभग सभी प्रमुख अवधारणाओं को शामिल किया गया है। इसमें बियॉन्ड विजुअल रेंज मिशन, लार्ज फोर्स एंगेजमेंट, हाई वैल्यू एयर एसेट प्रोटेक्शन, डायनेमिक टारगेटिंग, एयर-टू-एयर एंगेजमेंट, कॉम्बैट सर्च एंड रेस्क्यू और संयुक्त हवाई अभियानों का अभ्यास होगा।
उन्होंने बताया कि रेड फोर्स और ब्लू फोर्स बनाकर विभिन्न काल्पनिक युद्ध परिस्थितियां तैयार की जाएंगी। इसके आधार पर मिशन प्लानिंग, लक्ष्य चयन, हवाई कार्रवाई और बाद में डिब्रीफिंग की जाएगी। (Tarang Shakti-2026)
पहली बार भारत में उड़ान भरेंगे अमेरिकी F-35
इस अभ्यास का सबसे चर्चित पहलू अमेरिकी वायुसेना की भागीदारी है। अमेरिका छह एफ-35ए स्टील्थ फाइटर जेट और दो केसी-135 एयर रिफ्यूलिंग टैंकर भेज रहा है।
एफ-35 को दुनिया के सबसे आधुनिक पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों में गिना जाता है। इसकी स्टील्थ क्षमता, नेटवर्क आधारित युद्ध प्रणाली और सेंसर फ्यूजन तकनीक इसे बेहद एडवांस बनाती है।
भारतीय सैन्य अभ्यास में पहली बार एफ-35 की भागीदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इससे विभिन्न देशों के पायलटों को आधुनिक युद्धक अवधारणाओं को समझने का अवसर मिलेगा। (Tarang Shakti-2026)
फ्रांस लाएगा राफेल और एमआरटीटी
फ्रांसीसी एयरोस्पेस फोर्स इस अभ्यास में सात राफेल लड़ाकू विमान, तीन ए-400एम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और दो एमआरटीटी मल्टी रोल टैंकर ट्रांसपोर्ट विमान लेकर आ रही है।
राफेल पहले से भारतीय वायुसेना का हिस्सा है। ऐसे में फ्रांसीसी और भारतीय राफेल पायलटों के बीच मिशन प्लानिंग और ऑपरेशनल अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। (Tarang Shakti-2026)
यूएई भेजेगा F-16
संयुक्त अरब अमीरात की वायुसेना छह एफ-16 फाइटर जेट और एक ग्लोबल-6000 एयरक्राफ्ट के साथ भाग ले रही है। एफ-16 दुनिया के सबसे सफल मल्टीरोल फाइटर विमानों में से एक माना जाता है। यूएई संस्करण में कई आधुनिक अपग्रेड शामिल हैं।
जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और श्रीलंका भी शामिल
जर्मन वायुसेना दो ए-400एम विमान भेज रही है। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश दोनों अपने-अपने सी-130जे ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के साथ भाग लेंगे। श्रीलंका एयर फोर्स किंग एयर-360ईआर सर्विलांस एयरक्राफ्ट लेकर आ रही है।
इन विमानों की मौजूदगी अभ्यास में एयर मोबिलिटी, लॉजिस्टिक्स और विशेष मिशन क्षमताओं को मजबूत बनाएगी। (Tarang Shakti-2026)
कैसे होगी मिशन प्लानिंग और डेटा शेयरिंग?
रक्षा समाचार के सवाल का जवाब देते हुए एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने बताया कि सभी भाग लेने वाले देशों को एक शेयर्ड ऑपरेशनल सिनेरियो दिया जाएगा। इसके बाद अलग-अलग टीमें अपनी योजना तैयार करेंगी और फिर मिशन का संचालन किया जाएगा। मिशन पूरा होने के बाद विस्तृत डीब्रीफिंग होगी, जिसमें मिशन के दौरान लिए गए निर्णय, रणनीति और परिणामों का विश्लेषण किया जाएगा। इसके लिए विशेष मिशन सपोर्ट सिस्टम और डेटा शेयरिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा। (Tarang Shakti-2026)
एयर फोर्स डे भी बनेगा आकर्षण
इस बार भारतीय वायुसेना दिवस भी तरंग शक्ति अभ्यास के दौरान ही पड़ रहा है। इसी कारण 9 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित एयर फोर्स डे एयर डिस्प्ले को भी इस अभ्यास से जोड़ा गया है। कई विदेशी प्रतिनिधिमंडल और वायुसेना प्रमुख इस अवसर पर भारत आएंगे। लगभग 10 से 11 देशों के एयर चीफ या समकक्ष अधिकारी कार्यक्रम में भाग लेने वाले हैं। दिल्ली में एक विशेष सेमिनार भी आयोजित किया जाएगा जिसमें सैन्य सहयोग, आधुनिक युद्ध और हवाई अभियानों पर चर्चा होगी। (Tarang Shakti-2026)
Author
-
हरेंद्र चौधरी रक्षा पत्रकारिता (Defence Journalism) में सक्रिय हैं और RakshaSamachar.com से जुड़े हैं। वे लंबे समय से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी रणनीतिक खबरों, रक्षा नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को कवर कर रहे हैं। पत्रकारिता के अपने करियर में हरेंद्र ने संसद की गतिविधियों, सैन्य अभियानों, भारत-पाक और भारत-चीन सीमा विवाद, रक्षा खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं पर विस्तृत लेख लिखे हैं। वे रक्षा मामलों की गहरी समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।


