HomeIndian Air Forceभारत में तैयार होंगे राफेल के बड़े हिस्से! लेकिन इंजन के सबसे...

भारत में तैयार होंगे राफेल के बड़े हिस्से! लेकिन इंजन के सबसे अहम पार्ट्स पर फ्रांस नहीं छोड़ेगा अपना कंट्रोल

टाटा हैदराबाद में राफेल के चार प्रमुख फ्यूजलेज सेक्शन बनाएगी और सफरान भारत में M88 इंजन की असेंबली व मेंटेनेंस सुविधा विकसित करेगा...

Key Highlights

  • 114 राफेल विमानों की खरीद के लिए 12 फरवरी 2026 को डीएसी ने जरूरत को मंजूरी दी थी, लेकिन फ्रांस के साथ अंतिम कॉन्ट्रैक्ट पर अभी हस्ताक्षर नहीं हुए हैं।
  • 5 जून 2025 को दसॉ और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स के बीच हुए चार समझौतों के तहत हैदराबाद में राफेल के फ्रंट, सेंटर और रियर फ्यूजलेज सेक्शन बनाए जाएंगे।
  • साफरान हैदराबाद में M88 इंजन की असेंबली और मेंटेनेंस सुविधा विकसित कर रहा है, लेकिन इंजन के सबसे महत्वपूर्ण पार्ट्स फ्रांस में ही बनाए जाएंगे।

114 Rafale India Deal: भारत और फ्रांस के बीच 114 राफेल फाइटर जेट की खरीद को लेकर बातचीत जारी है। इस प्रस्ताव के तहत भारत में विमानों के बड़े हिस्से का निर्माण, इंजन की असेंबली और मेंटेनेंस से जुड़ा काम किया जाना है। हालांकि, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर को लेकर फ्रांस ने कुछ बातें पहली ही साफ कर दी हैं। राफेल के इंजन निर्माता साफरान ने साफ किया है कि भारत में एम88 इंजन की असेंबली लाइन लगाई जाएगी, लेकिन इंजन के सबसे महत्वपूर्ण पार्ट्स का निर्माण फ्रांस में ही होगा।

साफरान के मैनेजिंग डायरेक्टर ओलिवियर एंड्रीस ने पहले कहा था कि भारत को उत्पादन और मेंटेनेंस से जुड़ी सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन इंजन के कुछ संवेदनशील हिस्सों पर फ्रांस का नियंत्रण बना रहेगा।

114 Rafale India Deal: 114 राफेल की खरीद को अभी अंतिम मंजूरी नहीं

भारतीय रक्षा मंत्रालय के प्रस्ताव के तहत भारतीय वायुसेना के लिए 114 राफेल फाइटर जेट खरीदे जाने हैं। इस साल 12 फरवरी को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल की बैठक में इस खरीद की जरूरत को मंजूरी दी गई थी।

वहीं, भारतीय वायुसेना इस समझौते पर मार्च 2027 से पहले दस्तखत की उम्मीद कर रही है। हालांकि, रक्षा मंत्रालय ने इस समयसीमा को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

हैदराबाद में टाटा बनाएगी राफेल का बड़ा हिस्सा

भारत में राफेल के निर्माण की तैयारी पहले ही शुरू हो चुकी है। 5 जून 2025 को दसॉ एविएशन और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के बीच चार प्रोडक्शन ट्रांसफर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर हुए थे।

यह भी पढ़ें:  Zorawar Light Tank: लद्दाख में भारतीय लाइट टैंक ने सटीक फायरिंग कर रचा इतिहास! IAF के IL-76 से पहुंचाया था न्योमा

इन समझौतों के तहत हैदराबाद स्थित टाटा की फैक्ट्री में राफेल के फ्यूजलेज के चार प्रमुख हिस्से बनाए जाएंगे। इनमें फ्रंट फ्यूजलेज, सेंटर फ्यूजलेज, रियर फ्यूजलेज और रियर साइड सेक्शन शामिल हैं। ये विमान के एयरफ्रेम के बड़े हिस्से हैं।

इस फैक्ट्री से पहली फ्यूजलेज सेक्शन की सप्लाई वित्त वर्ष 2028 में शुरू होने की उम्मीद है। उत्पादन क्षमता को धीरे-धीरे बढ़ाकर हर महीने दो पूरे फ्यूजलेज तक ले जाने की योजना है।

हालांकि, यहां बनने वाले फ्यूजलेज शुरुआती अवस्था में होंगे। इनमें सभी सिस्टम, उपकरण और दूसरे जरूरी हिस्से लगाए जाने के बाद ही विमान को उड़ान के लिए तैयार किया जा सकेगा। टाटा इन हिस्सों का निर्माण दसॉ के तकनीकी ड्रॉइंग और तय मानकों के अनुसार करेगी।

दसॉ ने इस व्यवस्था को राफेल फ्यूजलेज के लिए डबल सोर्स प्रोडक्शन मॉडल बताया है। यानी भारत और फ्रांस, दोनों जगह इन हिस्सों का निर्माण जारी रह सकता है।

भारत में M88 इंजन की असेंबली और मेंटेनेंस

राफेल में साफरान का एम88 टर्बोफैन इंजन लगाया जाता है। प्रस्तावित समझौते के तहत भारत में इस इंजन की असेंबली लाइन स्थापित करने की योजना है। कुछ इंजन पार्ट्स का निर्माण और खरीद भी भारत में की जा सकती है।

लेकिन साफरान ने इंजन के सबसे महत्वपूर्ण हिस्सों को भारत में बनाने की बात नहीं कही है। कंपनी के मुताबिक, इन संवेदनशील पार्ट्स का निर्माण फ्रांस में ही होगा। अभी तक यह सार्वजनिक नहीं किया गया है कि किन-किन पार्ट्स को फ्रांस में ही बनाने की शर्त के तहत रखा गया है।

सफरान ने नवंबर 2025 में हैदराबाद में एम88 इंजन के लिए अपनी पहली विदेशी मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल यानी एमआरओ फैसिलिटी का निर्माण शुरू किया था। इस प्रोजेक्ट में 40 मिलियन यूरो से अधिक निवेश किया जा रहा है।

इस सुविधा का उद्देश्य भारतीय राफेल विमानों के इंजन की जांच, मरम्मत और ओवरहॉल भारत में ही करना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस केंद्र में हर साल 600 से अधिक एम88 मॉड्यूल को हैंडल करने की क्षमता विकसित करने की योजना है।

यह भी पढ़ें:  Military Hardware IGST Cut: मिलिट्री हार्डवेयर हुए सस्ते, 18 फीसदी IGST खत्म, ड्रोन और मिसाइल पर पड़ेगा असर

हालांकि, इंजन की मरम्मत भारत में होने के बावजूद कुछ महत्वपूर्ण स्पेयर पार्ट्स के लिए फ्रांस पर निर्भरता बनी रहेगी। यदि किसी इंजन मॉड्यूल की मरम्मत के लिए फ्रांस में निर्मित विशेष पार्ट की जरूरत पड़ती है, तो उसकी उपलब्धता सप्लाई चेन पर निर्भर करेगी। (114 Rafale India Deal)

80 फीसदी राफेल बनेंगे भारत में

114 राफेल विमानों की प्रस्तावित डील के तहत ज्यादातर विमान भारत में ही बनाए या असेंबल किए जाएंगे, जबकि कुछ विमान फ्रांस से पूरी तरह तैयार हालत में आएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स और मौजूदा प्रस्ताव के मुताबिक, भारत को करीब 92 से 96 राफेल विमान देश में बनाने या असेंबल करने की योजना है। वहीं, बाकी 18 से 22 विमान फ्रांस से फ्लाई-अवे कंडीशन में मिल सकते हैं। यानी ये विमान पूरी तरह तैयार होकर भारत पहुंचेंगे।

इस हिसाब से करीब 80 फीसदी राफेल विमानों का निर्माण या असेंबली भारत में हो सकती है।

भारत में बनने वाले राफेल विमानों में स्वदेशी सामग्री की हिस्सेदारी भी धीरे-धीरे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। शुरुआती विमानों में यह हिस्सा करीब 40 से 50 फीसदी हो सकता है, जिसे बाद के विमानों में बढ़ाकर 50 से 60 फीसदी तक ले जाने की योजना है।

इस प्रोजेक्ट में दसॉ एविएशन भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर काम करेगी। टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स जैसी कंपनियां राफेल के बड़े हिस्सों के निर्माण में भूमिका निभाएंगी। यह पहली बार होगा जब राफेल विमानों का निर्माण फ्रांस के बाहर भी किया जाएगा।

राफेल के सोर्स कोड पर फ्रांस का कंट्रोल

राफेल में भारतीय हथियारों को शामिल करने का मुद्दा भी बातचीत का हिस्सा है। भारतीय रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने अक्टूबर 2026 की शुरुआत में राफेल कार्यक्रम में भारतीय हथियारों और सिस्टम की ज्यादा भागीदारी की जरूरत पर जोर दिया था।

किसी भारतीय मिसाइल को राफेल से इस्तेमाल करने के लिए विमान और हथियार के बीच तकनीकी इंटरफेस तैयार करना पड़ता है। इसके लिए हथियार और विमान के सिस्टम के बीच डेटा और कमांड के आदान-प्रदान की व्यवस्था विकसित की जाती है।

यह भी पढ़ें:  भारतीय सेना में बड़ा फेरबदल, धीरज सेठ बने उप-सेना प्रमुख, सदर्न, ईस्टर्न और वेस्टर्न कमांड को मिले नए चीफ

लेकिन हथियार को विमान से जोड़ने की अनुमति मिलने का मतलब यह नहीं है कि भारत को विमान का पूरा सोर्स कोड भी मिल जाएगा। रडार, मिशन कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम के सॉफ्टवेयर में बदलाव करने का अधिकार अलग विषय है।

राफेल में थेल्स का आरबीई2 एईएसए रडार, मिशन कंप्यूटर और स्पैक्ट्रा इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम शामिल हैं। इन सिस्टम के सॉफ्टवेयर और तकनीकी डिजाइन पर फ्रांसीसी कंपनियों का कंट्रोल है। (114 Rafale India Deal)

AMCA इंजन के लिए साफरान इच्छुक

राफेल के एम88 इंजन को लेकर साफरान ने अपना फैसला बता दिया है। लेकिन भारत के स्वदेशी एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट यानी एएमसीए के इंजन के लिए कंपनी ने भारत को व्यापक टेक्नोलॉजी ट्रांसफर का प्रस्ताव दिया है।

नवंबर 2025 में ओलिवियर एंड्रीस ने द इकोनॉमिक टाइम्स को दिए बयान में एएमसीए इंजन के लिए कंप्लीट टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और डीआरडीओ के साथ संयुक्त विकास की बात कही थी। इस प्रस्ताव में महत्वपूर्ण तकनीकों पर भारतीय बौद्धिक संपदा अधिकार यानी आईपीआर भी शामिल था।

एएमसीए इंजन को लेकर ब्रिटेन की रोल्स-रॉयस भी प्रतिस्पर्धा में है। (114 Rafale India Deal)

26 राफेल मरीन का भी समझौता

भारत ने 28 अप्रैल 2025 को भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल मरीन विमानों का समझौता किया था। इस कॉन्ट्रैक्ट में भारत में फ्यूजलेज निर्माण क्षमता, मेंटेनेंस सुविधाओं और भारतीय हथियारों को विमान में शामिल करने से जुड़े प्रावधान हैं।

भारतीय वायुसेना पहले से 36 राफेल विमान ऑपरेट कर रही है। नौसेना के 26 राफेल मरीन विमानों और प्रस्तावित 114 वायुसेना राफेल की खरीद को मिलाकर कुल संख्या 176 हो जाएगी। (114 Rafale India Deal)

Author

  • News Desk

    रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"

News Desk
News Desk
रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"

Most Popular

Recent Comments