📍नई दिल्ली | 4 Jun, 2026, 11:25 AM
Captain Bharat Bhardwaj: भारतीय सेना के एक युवा अधिकारी का अपनी मंगेतर को किया गया विवाह प्रस्ताव इन दिनों पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक तरफ सोशल मीडिया पर लाखों लोग इसे प्यार और भावनाओं से जुड़ा खूबसूरत पल बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ सैन्य परंपराओं और अनुशासन को लेकर बहस शुरू हो गई है।
मामला नासिक स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल (सीएएटीएस) से जुड़ा है, जहां पासिंग आउट परेड के बाद कैप्टन भारत भारद्वाज ने अपनी मंगेतर आरुषि को हेलीकॉप्टर के सामने घुटनों पर बैठकर प्रपोज किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना ने मामले का संज्ञान लिया है और अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। हालांकि अभी तक सेना की ओर से कोई औपचारिक सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई की पुष्टि हुई है।
Captain Bharat Bhardwaj: आखिर हुआ क्या था?
2 जून को नासिक स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल में पासिंग आउट परेड आयोजित की गई थी। इस दौरान ट्रेनी अफसरों को कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार घोषित किया जाता है।
इसी समारोह के बाद कैप्टन भारत भारद्वाज ने अपनी मंगेतर को शादी के लिए प्रपोज किया। वीडियो में दिखाई देता है कि अधिकारी यूनिफॉर्म में हैं और उनके पीछे सेना का हेलीकॉप्टर खड़ा है। परिवार के सदस्य, साथी अधिकारी और अन्य लोग भी वहां मौजूद दिखाई देते हैं।
जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा, यह तेजी से वायरल हो गया। लाखों लोगों ने इसे देखा और हजारों लोगों ने इस पर प्रतिक्रिया दी।
सोशल मीडिया पर लोगों ने इस वीडियो को एक इमोशनल मोमेंट के तौर पर देखा। कई लोगों ने लिखा कि वर्षों की मेहनत के बाद जब एक अफसर ने अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की, तो उसने उसी दिन अपने जीवन के दूसरे महत्वपूर्ण फैसले को भी सार्वजनिक कर दिया।
सेना को आपत्ति किस बात पर है?
सूत्रों के अनुसार सेना को विवाह प्रस्ताव से नहीं, बल्कि उसके तरीके और स्थान से आपत्ति है। भारतीय सेना में यूनिफॉर्म संस्था की प्रतिष्ठा, जिम्मेदारी और अनुशासन का प्रतीक होती है। इसी तरह पासिंग आउट परेड भी एक औपचारिक सैन्य समारोह माना जाता है, जिसके अपने नियम और परंपराएं होती हैं।
सेना का मानना है कि किसी आधिकारिक सैन्य कार्यक्रम और सैन्य उपकरणों को निजी आयोजन के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। सूत्रों के अनुसार समय, स्थान और सैन्य परंपराओं के देखते हुए इस घटना को उचित नहीं माना जा रहा है। (Captain Bharat Bhardwaj Proposal Controversy)
ऐसे मामलों में क्या हैं सेना के नियम?
भारतीय सेना का पूरा स्ट्रक्चर अनुशासन पर आधारित है। सेना के अधिकारी और जवान सिर्फ ड्यूटी के समय ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में भी संस्था का प्रतिनिधित्व करते हैं।
यही वजह है कि यूनिफॉर्म पहनकर सार्वजनिक गतिविधियों, सोशल मीडिया पोस्ट, विज्ञापन, राजनीतिक गतिविधियों और निजी प्रचार से जुड़े कई नियम मौजूद हैं। भारतीय सेना का अनुशासन आर्मी एक्ट 1950 और आर्मी रूल्स 1954 के अंतर्गत आता है। इनमें ऑफिशियल मिलिट्री समारोह, डिफेंस इंस्टॉलेशन और यूनिफॉर्म में पर्सनल इवेंट करने पर सख्ती है।
हालांकि शादी का प्रपोजल देने जैसे कोई अलग नियम सार्वजनिक रूप से उल्लेखित नहीं है, लेकिन सैन्य प्रतिष्ठानों और आधिकारिक समारोहों के उपयोग को लेकर स्पष्ट परंपराएं हैं।
इसी वजह से इस मामले को सीधे अपराध की बजाय प्रोटोकॉल और सैन्य मर्यादा के नजरिए से देखा जा रहा है।
Army reportedly expresses displeasure over proposal in uniform during military ceremony 🇮🇳
According to Army sources, Captain Bharat Bhardwaj allegedly violated military decorum and protocol by proposing to his fiancée while in uniform during a Passing Out Parade-like ceremony… pic.twitter.com/3F6cFeF2nv— Raksha Samachar | रक्षा समाचार 🇮🇳 (@RakshaSamachar) June 3, 2026
क्या कोई कानूनी कार्रवाई हो सकती है?
अब तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार कोई एफआईआर, पुलिस मामला या आपराधिक जांच नहीं हुई है। यह पूरी तरह सेना का आंतरिक मामला है।
हालांकि शो-कॉज नोटिस की संभावना जताई गई है। सेना के सूत्रों का कहना है कि अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई है। (Captain Bharat Bhardwaj Proposal Controversy)
क्या है सेक्शन 63?
इस मामले के सामने आने के बाद आर्मी एक्ट 1950 के सेक्शन 63 को लेकर चर्चा हो रही है। सेक्शन 63 का संबंध “गुड ऑर्डर एंड मिलिट्री डिसिप्लिन” यानी सैन्य अनुशासन और व्यवस्था से जुड़ा है।
सरल भाषा में समझें तो यदि कोई ऐसा कार्य किया जाता ,है जो सेना के अनुशासन, परंपरा या प्रतिष्ठा के खिलाफ माना जाए और जिसके लिए कोई अलग विशेष प्रावधान मौजूद न हो, तो इस सेक्शन का इस्तेमाल किया जा सकता है।
यदि सेना इसे अनुशासनात्मक मामला मानती है, तो सैद्धांतिक रूप से सेक्शन 63 का संदर्भ सामने आ सकता है। हालांकि अभी तक सेना ने अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी भी सेक्शन का उल्लेख नहीं किया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा या सैन्य गोपनीयता से जोड़ना उचित नहीं
सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन ने इस मामले पर युवा अधिकारी का समर्थन करते हुए कहा कि देश अपने सैनिकों से राष्ट्र के लिए जान तक न्योछावर करने की उम्मीद करता है, लेकिन जब वही सैनिक अपनी मंगेतर के प्रति प्रेम जाहिर करता है तो उस पर सवाल उठने लगते हैं।
उन्होंने कहा कि सेना में एक कहावत है- “अगर युवा अधिकारी नहीं करेगा, तो फिर कौन करेगा?” उनके अनुसार जवान और अधिकारी भी इंसान होते हैं, जिनकी अपनी भावनाएं और निजी जिंदगी होती है।
जनरल ढिल्लन का मानना है कि यदि किसी अधिकारी की पेशेवर क्षमता, प्रशिक्षण या सैन्य प्रदर्शन में कोई कमी नहीं है, तो केवल एक भावनात्मक और सम्मानजनक प्रेम प्रस्ताव को लेकर अनावश्यक आलोचना नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सैन्य उपकरणों को पहले भी देशभर में आयोजित “नो योर आर्मी” जैसे कार्यक्रमों में आम लोगों के लिए प्रदर्शित किया जाता रहा है। ऐसे आयोजनों में छात्र और नागरिक सेना के टैंकों, हेलीकॉप्टरों और अन्य उपकरणों के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं, जो सेना के प्रति गर्व और सम्मान की भावना का प्रतीक होता है।
इसलिए उनके मुताबिक इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा या सैन्य गोपनीयता से जोड़ना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि युवा अधिकारी को गर्व और सम्मान के साथ देश की सेवा करने दीजिए। एक भावनात्मक पल को जरूरत से ज्यादा विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। (Captain Bharat Bhardwaj Proposal Controversy)
क्या कोर्ट मार्शल हो सकता है?
सूत्रों का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ऐसा अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी। उनका कहना है कि यह मामला अधिकतम परामर्श, चेतावनी या औपचारिक समझाइश तक सीमित रह सकता है।
सेना और वायुसेना के कई रिटायर्ड अधिकारियों का मानना है कि युवा अधिकारी भावनाओं में बह गया और उसने अपने जीवन के महत्वपूर्ण दिन को यादगार बनाने की कोशिश की। वहीं कुछ अधिकारियों का कहना है कि सैन्य परंपराओं का सम्मान करना भी उतना ही जरूरी है, क्योंकि यही संस्थाओं की पहचान होती है।
सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन अजय अहलावत का कहना है कि कैप्टन भारत भारद्वाज ने शायद भावनाओं में आकर प्रोटोकॉल की सीमा थोड़ी पार कर दी, लेकिन इसे बहुत बड़ा मुद्दा बनाने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि युवा अधिकारी ने अभी-अभी कड़ी ट्रेनिंग पूरी करके कॉम्बैट हेलीकॉप्टर पायलट के तौर पर अपनी “विंग्स” हासिल की थीं। पासिंग आउट परेड के बाद भावुक होकर उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज कर दिया। वह यूनिफॉर्म में थे, पीछे हेलीकॉप्टर खड़ा था और परिवार व साथी अधिकारी उनके लिए खुशी जता रहे थे।
अहलावत के अनुसार यह एक मानवीय और रोमांटिक पल था, लेकिन सैन्य प्रोटोकॉल और अनुशासन के लिहाज से इसे पूरी तरह उचित नहीं कहा जा सकता। सेना की नाराजगी अपनी जगह सही है।
हालांकि उनका मानना है कि मामला संभवतः वरिष्ठ अधिकारी की समझाइश और हल्की फटकार तक ही सीमित रहेगा। कैप्टन को नियमों की याद दिलाई जाएगी और बात वहीं खत्म हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि देश अपने युवा सैनिकों और अधिकारियों को बिना हिचक कठिन और खतरनाक मिशनों पर भेजता है। ऐसे में अगर कोई युवा अधिकारी भावनाओं में बहकर छोटी सी गलती कर देता है, तो उसे भी मानवीय नजरिए से देखा जाना चाहिए।
अहलावत ने कहा कि अनुशासन सेना की रीढ़ है, लेकिन मानवीय भावनाएं उसकी आत्मा हैं। केवल नियमों से नहीं, बल्कि जज्बे और भावना से भी सैनिक कठिन परिस्थितियों का सामना करते हैं।
उनके मुताबिक किसी अधिकारी के व्यक्तित्व और भावनाओं की छोटी सी झलक सेना को कमजोर नहीं बनाती। उन्होंने यह भी कहा कि वायुसेना में अतीत में युवा अधिकारियों से इससे बड़ी गलतियां भी हुई हैं और वे आगे चलकर बेहतरीन अधिकारी साबित हुए।
उन्होंने विश्वास जताया कि कैप्टन भारत भारद्वाज इस घटना से सीख लेंगे, अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे और एक अच्छे सैन्य पायलट के रूप में आगे बढ़ेंगे।
अंत में उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले पर जरूरत से ज्यादा हंगामा करने की आवश्यकता नहीं है। भारतीय सेना इतनी मजबूत संस्था है कि वह एक भावनात्मक और रोमांटिक पल को संभाल सकती है।
विवाद या स्कैंडल का रूप देना ठीक नहीं
भारतीय सेना में मिलिट्री लॉ और सेना के नियमों के जानकार पूर्व मेजर राहुल सिंह इस पूरे मामले को लेकर अलग राय रखते हैं। उनका कहना है कि उन्हें इस घटना में कोई स्पष्ट प्रोटोकॉल उल्लंघन नजर नहीं आता।
मेजर राहुल सिंह के मुताबिक उन्होंने सेना के कानून, आदेशों और नियमों का विस्तार से अध्ययन किया है और उनके अनुसार इस तरह की घटनाएं न तो पहली बार हुई हैं और न ही सेना में बिल्कुल असामान्य हैं।
उन्होंने कहा कि समस्या यह है कि कई लोग सैन्य जीवन को एक सामान्य कॉर्पोरेट नौकरी की तरह देखते हैं, जबकि सेना सिर्फ एक पेशा नहीं बल्कि एक जीवनशैली है। सैनिक और अधिकारी भी भावनाएं रखते हैं और उनके जीवन में भी ऐसे खास पल आते हैं, जो उनके परिवारों के लिए यादगार बन जाते हैं।
मेजर सिंह का मानना है कि जिस घटना को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह वास्तव में एक युवा अधिकारी और उसके परिवार के लिए खुशी और गर्व का क्षण था। इसे अनावश्यक रूप से विवाद या स्कैंडल का रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी समारोह की तस्वीर या वीडियो देखकर तुरंत यह मान लेना सही नहीं है कि नियमों का उल्लंघन हुआ है। उनके अनुसार यह एक युवा अधिकारी की उपलब्धि से जुड़ा व्यक्तिगत और यादगार पल था, जिसे सैन्य परिवार लंबे समय तक याद रख सकते हैं।
राहुल सिंह ने विश्वास जताया कि सेना की यूनिट के अधिकारियों ने भी इस घटना को एक रेजिमेंटल याद के तौर पर दर्ज किया होगा, न कि किसी बड़े अनुशासनात्मक मामले के रूप में। (Captain Bharat Bhardwaj Proposal Controversy)
सोशल मीडिया पर क्या है लोगों की राय
कैप्टन भारत भारद्वाज के प्रपोजल वाले वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंटी हुई नजर आ रही है। 3 जून को किए गए रक्षा समाचार के एक पोस्ट में सेना के सूत्रों के हवाले से इसे प्रोटोकॉल से जुड़ा मामला बताया गया था, जिसके बाद इस पर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
कई लोगों ने कैप्टन भारद्वाज का समर्थन किया। उनका कहना है कि यह एक भावनात्मक और खुशी का पल था, जिसे बेवजह विवाद का विषय बना दिया गया। कुछ यूजर्स ने लिखा कि सेना के जवान और अधिकारी भी इंसान हैं, उनके जीवन में भी खास मौके आते हैं और उन्हें अपनी खुशियां मनाने का अधिकार है। कई लोगों का मानना है कि यह एक पारिवारिक और निजी पल था, जिसे सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया।
कुछ पूर्व सैन्य अधिकारियों और सैन्य मामलों पर लिखने वाले लोगों ने भी कहा कि यह एक युवा अधिकारी की बड़ी उपलब्धि का दिन था। लंबे समय की कठिन ट्रेनिंग के बाद उसने अपने जीवन के एक खास पल को अपनी मंगेतर के साथ साझा किया। उनके मुताबिक इसे अनुशासन के बड़े संकट की तरह देखना उचित नहीं है।
दूसरी ओर, कई लोगों ने इस घटना की आलोचना भी की। उनका कहना है कि सेना की यूनिफॉर्म, सैन्य समारोह और रक्षा प्रतिष्ठानों की अपनी गरिमा और मर्यादा होती है। ऐसे स्थानों और अवसरों का इस्तेमाल निजी कार्यक्रमों के लिए नहीं किया जाना चाहिए। कुछ पूर्व सैन्य अधिकारियों ने लिखा कि अनुशासन सेना की सबसे बड़ी ताकत है और इस मामले में नियमों का पालन होना चाहिए।
आलोचकों का यह भी कहना है कि सोशल मीडिया के दौर में यूनिफॉर्म को व्यक्तिगत प्रचार या दिखावे का माध्यम नहीं बनना चाहिए। कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि यदि इसी तरह का काम कोई जवान करता तो उसके साथ क्या व्यवहार किया जाता। (Captain Bharat Bhardwaj Proposal Controversy)


