HomeDefence Newsजबलपुर बनेगा टैंक ओवरहॉल का बड़ा हब, भारतीय सेना के लिए हर...

जबलपुर बनेगा टैंक ओवरहॉल का बड़ा हब, भारतीय सेना के लिए हर साल तैयार होंगे 80 टी-72 और टी-90 टैंक

जबलपुर में टी-72 और टी-90 टैंकों के लिए नई ओवरहॉल सुविधा बनेगी, हर साल 80 टैंकों की मरम्मत और आधुनिकीकरण से बढ़ेगी सेना की ऑपरेशनल तैयारी...

T-72 T-90 Tank Overhaul Project: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित व्हीकल फैक्ट्री में टी-सीरीज टैंकों के ओवरहॉल प्रोजेक्ट का भूमि पूजन किया। यह प्रोजेक्ट आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (एवीएनएल) की युनिट व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर में बनाया जाएगा। करीब 472 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य भारतीय सेना के टी-72 और टी-90 टैंकों की समय पर मरम्मत, ओवरहॉलिंग और उन्हें आधुनिक बनाना है। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे।

T-72 T-90 Tank Overhaul Project: हर साल 80 टैंकों का होगा ओवरहॉल

नई फैसिलिटी में हर साल 80 टी-72 और टी-90 टैंकों की ओवरहॉलिंग की जा सकेगी। वर्तमान में भारतीय सेना को हर साल लगभग 230 टैंकों के ओवरहॉल की आवश्यकता होती है। अभी तमिलनाडु के अवाडी स्थित हेवी व्हीकल्स फैक्ट्री की क्षमता करीब 150 टैंक प्रति वर्ष है।

जबलपुर में नई फैसिलिटी शुरू होने के बाद सेना को आवश्यक संख्या में ओवरहॉल किए गए टैंक समय पर उपलब्ध कराए जा सकेंगे। इससे सेना की ऑपरेशनल रेडीनेस यानी युद्धक तैयारी को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

आधुनिक युद्ध में टैंकों की भूमिका अब भी अहम

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि युद्ध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। आज ड्रोन, प्रिसीजन गाइडेड हथियार, मिसाइल, सैटेलाइट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर वॉरफेयर जैसे नए साधन सैन्य अभियानों का हिस्सा बन चुके हैं। इसके बावजूद टैंकों का महत्व कम नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें:  अटल टनल में भारतीय सेना का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, सिर्फ 2 मोटरसाइकिलों पर 10 जवानों ने किया कमाल

उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध किसी एक हथियार प्रणाली पर निर्भर नहीं होता। टैंक, इन्फैंट्री, आर्टिलरी, ड्रोन, एयर पावर, निगरानी प्रणाली और प्रिसीजन हथियार मिलकर एकीकृत युद्ध क्षमता तैयार करते हैं। भारतीय सेना का “इंटीग्रेटेड बैटल ग्रुप” इसी सोच का उदाहरण है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आधुनिक युद्धक्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए टैंकों में बेहतर सेंसर, एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स और नई क्षमताएं जोड़ी जानी जरूरी हैं। सरकार का लक्ष्य सैनिकों को ड्रोन, मिसाइल, आर्टिलरी, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम, ऊर्जा आधारित हथियार और आधुनिक टैंक उपलब्ध कराना है।

चार दशक में सेना को मिले 4,400 टैंक

रक्षा मंत्री ने बताया कि अवाडी स्थित हेवी व्हीकल्स फैक्ट्री ने पिछले लगभग 40 सालों में भारतीय सेना को करीब 4,400 टैंक उपलब्ध कराए हैं। इन टैंकों ने देश की बख्तरबंद क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि जबलपुर का नया प्रोजेक्ट रक्षा तकनीक, रखरखाव, आधुनिकीकरण और सैन्य निर्माण के क्षेत्र में शहर की पहचान को और मजबूत करेगा। एवीएनएल को टी-72 और टी-90 टैंकों के ओवरहॉल का लगभग 25 सालों का अनुभव है, जो इस प्रोजेक्ट की बड़ी ताकत है।

आत्मनिर्भर भारत अभियान को मिलेगी ताकत

राजनाथ सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा क्षेत्र में पिछले एक दशक में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने बताया कि वित्त साल 2025-26 में देश का रक्षा उत्पादन लगभग 1.80 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि साल 2014 में यह करीब 46,000 करोड़ रुपये था।

यह भी पढ़ें:  भारतीय सेना खरीदेगी 450 नए कार्ल गुस्ताफ मार्क-IV लॉन्चर, जानिए कितना घातक है यह एंटी-टैंक वेपन सिस्टम

उन्होंने यह भी बताया कि रक्षा निर्यात भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। एक समय जहां रक्षा निर्यात 1,000 करोड़ रुपये से भी कम था, वहीं अब यह लगभग 39,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। रक्षा मंत्री के अनुसार यह उपलब्धियां भारत के वैश्विक रक्षा विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरने का संकेत हैं।

विदेशी सप्लाई चेन पर निर्भरता घटाने पर जोर

रक्षा मंत्री ने कहा कि आज के दौर में वे देश लंबे समय तक जंगी हालात का सामना बेहतर तरीके से कर सकते हैं, जिनके पास एडवांस तकनीक, मजबूत औद्योगिक आधार, विश्वसनीय सप्लाई चेन और इनोवेशन की क्षमता हो।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि भारतीय सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण जरूरतें विदेशी सप्लाई चेन पर निर्भर न रहें। इसी सोच के तहत देश में रक्षा उपकरणों का निर्माण, मरम्मत, रखरखाव और आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकार केवल नए हथियार खरीदने पर ही नहीं, बल्कि मौजूदा सैन्य प्लेटफॉर्मों को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड करने पर भी समान ध्यान दे रही है।

एमएसएमई को मिलेगा बड़ा अवसर

टी-सीरीज टैंक ओवरहॉल प्रोजेक्ट का लाभ स्थानीय उद्योगों को भी मिलेगा। इस परियोजना के लिए मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक और हाइड्रोलिक कंपोनेंट्स की बड़ी मात्रा में आवश्यकता होगी।

इन पुर्जों और सब-सिस्टम की खरीद से एक मजबूत घरेलू सप्लाई चेन विकसित होगी। इससे स्थानीय एमएसएमई कंपनियों को नए अवसर मिलेंगे और रक्षा उत्पादन से जुड़ी सहायक सेवाओं का भी विस्तार होगा।

रक्षा मंत्री ने कहा कि यह परियोजना जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। इससे युवाओं, छोटे उद्यमियों, श्रमिकों और अन्य स्थानीय हितधारकों को लाभ मिलेगा। (T-72 T-90 Tank Overhaul Project)

यह भी पढ़ें:  मेजर जनरल की पेंशन ब्रिगेडियर से हुई कम? कोर्ट जाने की तैयारी में 200 से ज्यादा रिटायर्ड अफसर

Author

  • News Desk

    रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"

News Desk
News Desk
रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"

Most Popular

Recent Comments