📍नई दिल्ली | 6 Sep, 2025, 5:10 PM
Passing Out Parade: ओटीए गया और ओटीए चेन्नई में शनिवार को पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। 6 सितंबर 2025 को आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में कुल 362 अफसरों को कमीशन मिला और उन्होंने अपने मिलिट्री करियर की शुरुआत की।
गया स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) से शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल) एंट्री के 207 कैडेट्स अफसर बने। इनमें 184 पुरुष कैडेट्स और 23 महिला कैडेट्स शामिल थीं। सभी कैडेट्स ने “अंतिम पग” मार्च करते हुए भारतीय सेना का अंग बनने की शपथ ली।
वहीं, परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता रहे। कैडेट्स की सधी हुई और तालमेल भरी ड्रिल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह में कई कैडेट्स को सम्मानित किया गया। बटालियन अंडर ऑफिसर कुलथे ध्रुव को सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर घोषित किया गया और उन्हें प्रतिष्ठित स्वॉर्ड ऑफ ऑनर प्रदान की गई। अकादमी कैडेट एडजुटेंट मोनू कुमार को गोल्ड मेडल, अकादमी अंडर ऑफिसर पीयूष डिमरी को सिल्वर मेडल और बटालियन अंडर ऑफिसर मुकता सिंह को ब्रॉन्ज मेडल दिया गया। इसके अलावा कालिधर कंपनी को चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर से नवाजा गया।
अपने संबोधन में रिव्यूइंग ऑफिसर ने युवा कैडेट्स को इनोवेशन अपनाने, उभरती तकनीकों को सीखने और हर परिस्थिति में तैयार रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि परंपरा और आधुनिक नेतृत्व का मिश्रण ही भारतीय सेना को और मजबूत बनाएगा।
इससे पहले ओटीए गया में शहीद स्मारक पर रिव्यूइंग ऑफिसर और वरिष्ठ अधिकारियों ने शोक शस्त्र की परंपरा निभाते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को भी याद किया।
वहीं, ओटीए गया का सबसे भावुक दृश्य पिपिंग सेरेमनी के दौरान देखने को मिला। जब कैडेट्स के कंधों पर स्टार्स लगाए गए और वे भारतीय सेना के अफसर बन गए। परिवारों की मौजूदगी में यह क्षण गर्व और भावनाओं से सराबोर रहा। लेफ्टिनेंट कर्नल प्रखर धगत ने सभी कैडेट्स को शपथ दिलाई।
Passing Out Parade: ओटीए चेन्नई में भी पासिंग आउट परेड
इसी दिन चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में भी पासिंग आउट परेड आयोजित हुई। परमेश्वरन ड्रिल स्क्वेयर पर हुई इस परेड में शॉर्ट सर्विस कमीशन एसएससी से 120 और एसएससी (महिला)-34 कोर्स के कैडेट्स शामिल हुए।
यहां कुल 155 कैडेट्स भारतीय सेना में अफसर बने, जिनमें 130 पुरुष और 25 महिला कैडेट्स शामिल थीं। इसके अलावा नौ मित्र देशों से आए 21 विदेशी कैडेट्स (9 पुरुष और 12 महिला) ने भी ट्रेनिंग पूरी की।
इस परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह रहे। अपने संबोधन में रिव्यूइंग ऑफिसर ने ऑफिसर कैडेट्स और ओटीए स्टाफ की उपलब्धियों की सराहना की और नए अफसरों से आह्वान किया कि वे सेना के मूल मूल्यों, राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा और हर कार्य में उत्कृष्टता हासिल करने के संकल्प को हमेशा बनाए रखें। उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि सेना का मूल मूल्य निस्वार्थ सेवा और उत्कृष्टता की भावना है, जिसे हमेशा जीवित रखना होगा।

समारोह में एसीए राज बिस्वास को स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और सिल्वर मेडल, एयूओ पारुल धडवाल को गोल्ड मेडल और बीयूओ प्रांजल दीक्षित को ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया।
ओटीए चेन्नई में पिपिंग सेरेमनी में उनके परिजनों ने कैडेट्स की वर्दी पर स्टार्स लगाए औऱ भारत के संविधान और देश की सुरक्षा के लिए शपथ ली। उत्साह और गर्व से भरे इन युवा अफसरों ने “सर्व विद ऑनर” की भावना के साथ आगे कदम बढ़ाया।
Author
रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"


