Powerus Defence Deal: अमेरिकी ड्रोन और ऑटोनॉमस सिस्टम कंपनी पावरस डिफेंस को लेकर एक खुलासा हुआ है। पाकिस्तान के साथ रक्षा समझौते और ड्रोन सिस्टम की बिक्री की घोषणा से कुछ महीने पहले इसी कंपनी ने भारत की पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज के साथ एंटी-ड्रोन इंटरसेप्टर सिस्टम के निर्माण और बिक्री के लिए लाइसेंस समझौता किया था।
कंपनी ने हाल ही में पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय के साथ अनमैन्ड एरियल सिस्टम्स (यूएएस) और ऑटोनॉमस डिफेंस टेक्नोलॉजी में सहयोग की घोषणा की है। यह समझौता पाकिस्तान सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ रावलपिंडी स्थित जनरल हेडक्वार्टर (जीएचक्यू) में हुई बैठक के बाद सामने आया।
बता दें रक्षा समाचार ने इस डील को लेकर खबर प्रकाशित की थी।
Powerus Defence Deal: जून 2026 में हुआ था भारत के साथ समझौता
सूत्रों के मुताबिक जून 2026 में पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज ने पावरस डिफेंस के साथ एक विशेष लाइसेंसिंग समझौता किया था। समझौते के तहत पावरस ने पारस डिफेंस को भारत के भीतर अपने गार्डियन-1 इंटरसेप्टर सिस्टम का निर्माण, मार्केटिंग और बिक्री करने का विशेष अधिकार दिया। इसके बदले पारस डिफेंस को लाइसेंस शुल्क और भारत में होने वाली बिक्री से होने वाले शुद्ध लाभ का हिस्सा पावरस को देना होगा।
डॉक्युमेंट में कहा गया है, “पावरस ने पारस को भारत में लाइसेंस प्राप्त बौद्धिक संपदा का उपयोग कर उत्पादों के निर्माण और व्यावसायीकरण का विशेष अधिकार दिया है।”
हालांकि उपलब्ध जानकारी के अनुसार अभी तक भारतीय सेनाओं ने इस सिस्टम के लिए कोई आधिकारिक ऑर्डर जारी नहीं किया है। (Powerus Defence Deal)
शाहेद को गिरा सकता है गार्डियन-1
गार्डियन-1 एक हाई-स्पीड, बैटरी से चलने वाला काउंटर-ड्रोन इंटरसेप्टर है। इसे विशेष रूप से कम लागत वाले हमलावर ड्रोन को हवा में ही रोकने और नष्ट करने के लिए डेवलप किया गया है।
कंपनी के अनुसार यह सिस्टम शाहेद-136 और गेरान-2 जैसे वन-वे अटैक ड्रोन को मार गिराने में सक्षम है। ये ऐसे ड्रोन हैं जिन्हें टारगेट पर टकराकर विस्फोट करने के लिए डिजाइन किया जाता है।
आधुनिक युद्ध में ऐसे ड्रोन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। रूस-यूक्रेन संघर्ष और पश्चिम एशिया के कई संघर्षों में इनका जमकर इस्तेमाल किया गया है। इसी के चलते दुनिया भर में काउंटर-ड्रोन सिस्टम की मांग बढ़ रही है। (Powerus Defence Deal)
भारत में बढ़ रही है काउंटर-ड्रोन सिस्टम की जरूरत
भारत पिछले कुछ सालों में सीमाई इलाकों और मिलिट्री इंस्टालेशंस पर ड्रोन गतिविधियों को लेकर लगातार सतर्क रहा है।
डिफेंस सेक्टर में कई भारतीय और विदेशी कंपनियां एंटी-ड्रोन टेक्नोल़ॉजी पर काम कर रही हैं। इनमें हार्ड-किल और सॉफ्ट-किल दोनों प्रकार के समाधान शामिल हैं। हार्ड-किल सिस्टम सीधे ड्रोन को नष्ट करते हैं, जबकि सॉफ्ट-किल तकनीक रेडियो फ्रीक्वेंसी जैमिंग, जीपीएस इंटरफेरेंस और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर का इस्तेमाल करती है।
गार्डियन-1 को हार्ड-किल इंटरसेप्टर कैटेगरी में रखा जाता है क्योंकि इसका उद्देश्य लक्ष्य ड्रोन को मार गिराना है।
कंपनी के पीछे ट्रंप परिवार
पावरस का नाम इसलिए भी सुर्खियों में है क्योंकि कंपनी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटों डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और एरिक ट्रंप से जुड़े निवेशकों की हिस्सेदारी बताई जाती है।
कंपनी रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अमेरिकी वेंचर पार्टनर्स के माध्यम से निवेशकों की सूची में शामिल हैं।
हालांकि कंपनी ने रॉयटर्स को दिए बयान में कहा कि ट्रंप परिवार का कंपनी के ऑपरेशनल या डिसिजन मेकिंग प्रोसेस में कोई प्रत्यक्ष नियंत्रण नहीं है। (Powerus Defence Deal)
अमेरिकी रक्षा बाजार में भी बढ़ रही मौजूदगी
पावरस ने हाल के महीनों में उसने अमेरिकी वायु सेना और अमेरिकी रक्षा विभाग से जुड़े कुछ छोटे अनुबंध हासिल किए हैं। कंपनी पश्चिम एशिया में एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा के लिए काउंटर-ड्रोन प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही है।
इसके अलावा कंपनी ऑटोनॉमस और अनमैन्ड सिस्टम के वैश्विक बाजार में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की कोशिश कर रही है। पाकिस्तान के साथ हुआ समझौता भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। (Powerus Defence Deal)
पाकिस्तान के साथ किया है समझौता
17 सितंबर को पावरस ने एलान किया था कि उसे पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय से अनमैन्ड एरियल सिस्टम्स के लिए सीमित खरीद आदेश मिला है। इस घोषणा से एक दिन पहले 16 सितंबर को कंपनी के सह-संस्थापक ब्रेट वेलिकोविच के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रावलपिंडी में पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात की थी।
कंपनी ने बयान में कहा, “हमें पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय का सहयोग मिलने पर गर्व है। यह समझौता दोनों पक्षों को रणनीतिक सहयोग के लिए एक स्ट्रक्चर प्रदान करता है।” हालांकि कंपनी ने ऑर्डर की संख्या, कीमत या सिस्टम के प्रकार का खुलासा नहीं किया। (Powerus Defence Deal)
गार्डियन-2 की भी हो रही चर्चा
पाकिस्तान से जुड़े प्रेस रिलीज में कंपनी ने जिस तस्वीर का उपयोग किया, उसमें गार्डियन-2 सिस्टम दिखाई दिया था। गार्डियन-2 को गार्डियन सीरीज का अधिक एडवांस वर्जन माना जाता है। यह लंबी दूरी, बेहतर सेंसर और अधिक जटिल ड्रोन खतरों से निपटने के लिए विकसित किया गया है।
हालांकि कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि पाकिस्तान को कौन सा संस्करण उपलब्ध कराया जाएगा।
बता दें कि पावरस डिफेंस अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के वेस्ट पाम बीच में स्थित एक नई ड्रोन और ऑटोनॉमस सिस्टम कंपनी है।
कंपनी कई प्रकार के मिलिट्री और सिक्योरिटी प्लेटफॉर्म बनाती है। इनमें टैक्टिकल ड्रोन, इंटेलिजेंस-सर्विलांस-रिकॉनिसेंस प्लेटफॉर्म, हेवी-लिफ्ट लॉजिस्टिक ड्रोन, काउंटर-ड्रोन सिस्टम और अनक्रूड सरफेस वेसल शामिल हैं।
इसके प्रमुख उत्पादों में मैट्रिक्स ड्रोन, गार्डियन इंटरसेप्टर, ड्रैगन लॉजिस्टिक प्लेटफॉर्म, एक्सफोल्ड सीरीज और ब्लू स्काई अनक्रूड मैरीटाइम सिस्टम शामिल हैं।
कंपनी का दावा है कि उसके सभी प्लेटफॉर्म एक साझा टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम पर आधारित हैं, जिससे ऑपरेशन, ट्रेनिंग और मेंटेनेंस आसान हो जाता है। (Powerus Defence Deal)
Author
-
रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"


