📍नई दिल्ली | 26 Mar, 2026, 3:11 PM
Advanced Akash Weapon System: भारत डायनैमिक्स लिमिटेड (बीडीएल) ने एडवांस्ड आकाश वेपन सिस्टम का पहला प्रोडक्शन मॉडल यानी एफओपीएम तैयार कर लिया है। यह वही सिस्टम है जिसे भारतीय सेनाओं के लिए खास तौर पर तैयार किया गया है और इसमें कई नए और एडवांस सब-सिस्टम्स जोड़े गए हैं। वहीं उम्मीद जताई जा रही है जल्द ही इस सिस्टम की डिलीवरी शुरू हो जाएगी।
Advanced Akash Weapon System: क्या है एडवांस्ड आकाश वेपन सिस्टम
एडवांस्ड आकाश एक मध्यम दूरी का सर्फेस-टू-एयर मिसाइल सिस्टम है, जिसे हवा से आने वाले खतरों को रोकने के लिए डिजाइन किया गया है। इसे डीआरडीओ ने डेवलप किया है, जबकि इसका प्रोडक्शन बीडीएल कर रही है। यह सिस्टम भारतीय सेना और वायुसेना दोनों के लिए बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि यह दुश्मन के एयरक्राफ्ट, ड्रोन और मिसाइल जैसे खतरों को हवा में ही नष्ट कर सकता है।
आकाश मिसाइल सिस्टम पहले से ही भारतीय सेना में तैनात है, लेकिन इस नए एडवांस्ड वर्जन में कई तकनीकी सुधार किए गए हैं, जिससे इसकी ताकत और सटीकता पहले से ज्यादा बढ़ गई है।
एफओपीएम पूरा होने का क्या है मतलब
एफओपीएम यानी फर्स्ट-ऑफ प्रोडक्शन मॉडल का मतलब है कि डिजाइन और टेस्टिंग के बाद अब यह सिस्टम उत्पादन के लिए पूरी तरह तैयार हो गया है। बीडीएल द्वारा यह मॉडल तैयार कर लिया जाना इस बात का संकेत है कि अब इसे बड़े पैमाने पर बनाया जा सकता है और सेना को सौंपा जा सकता है। इस मॉडल में सभी जरूरी सिस्टम इंटीग्रेशन, टेस्टिंग और क्वालिटी चेक पूरे कर लिए गए हैं। इसके बाद ही इसे एफओपीएम माना जाता है। अब अगला चरण डिलीवरी और तैनाती का होगा।
BDL has successfully completed First-off Production Model (FOPM) of Advanced Akash Weapon System with upgraded sub-systems thereby enhancing the performance and bolstering combat capability of the Indian Armed Forces. pic.twitter.com/mU6XvQOFcz
— Bharat Dynamics Limited (@bharat_dynamics) March 26, 2026
नई तकनीक से बढ़ी क्षमता
एडवांस्ड आकाश वेपन सिस्टम में कई आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। इसमें अपग्रेडेड सब-सिस्टम्स लगाए गए हैं। इस सिस्टम में बेहतर रडार, आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक काउंटर-काउंटर मेजर्स जैसी क्षमताएं जोड़ी गई हैं।
इसमें इस्तेमाल किया गया आरएफ सीकर टारगेट को अधिक सटीकता से पहचानने में मदद करता है। साथ ही यह सिस्टम इलेक्ट्रॉनिक जामिंग में भी काम कर सकता है। इसका मतलब यह है कि दुश्मन अगर सिग्नल को बाधित करने की कोशिश करे, तब भी यह सिस्टम अपना काम जारी रख सकता है।
अलग-अलग हवाई खतरों पर भी असरदार
इस सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह कई तरह के हवाई खतरों को एक साथ संभाल सकता है। इसमें हाई स्पीड एयरक्राफ्ट, ड्रोन, क्रूज मिसाइल और अन्य एरियल टारगेट शामिल हैं। हाल में टेस्टिंग के दौरान इस सिस्टम ने अलग-अलग परिस्थितियों में सटीक निशाना लगाकर अपनी क्षमता साबित की है। इसमें मल्टी-टारगेट एंगेजमेंट क्षमता है यानी यह एक साथ कई लक्ष्यों को ट्रैक कर सकता है और जरूरत पड़ने पर उन पर कार्रवाई कर सकता है।
एडवांस्ड आकाश वेपन सिस्टम की डिलीवरी शुरू होने के बाद इसे सीमावर्ती इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जहां हवाई खतरों का जोखिम ज्यादा रहता है। इस सिस्टम की खास बात यह है कि यह मोबाइल है। यानी इसे एक जगह से दूसरी जगह आसानी से ले जाया जा सकता है। इससे जरूरत के हिसाब से इसकी तैनाती की जा सकती है।

