Home Blog Page 3

पोखरण के रण में नहीं दिखेगा LCA तेजस? वायु शक्ति 2026 के रिहर्सल से हुआ गायब!

LCA Tejas Vayu Shakti 2026

LCA Tejas Vayu Shakti 2026: भारतीय वायुसेना के बड़े ऑपरेशनल डेमॉन्स्ट्रेशन वायु शक्ति 2026 में स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए तेजस एमके1 (LCA Tejas) की भागीदारी को लेकर असमंजस बना हुआ है। यह कार्यक्रम 27 फरवरी को राजस्थान के पोखरण एयर-टू-ग्राउंड रेंज में आयोजित होने वाला है, लेकिन उससे पहले हुई फुल ड्रेस रिहर्सल में तेजस शामिल नहीं हुआ। इसके बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या तेजस इस बार इस बड़े एयर शो का हिस्सा बनेगा या नहीं।

सूत्रों के अनुसार, तेजस फाइटर जेट को इस बार अभ्यास में अपनी एजिलिटी और एडवांस एवियोनिक्स दिखाने के लिए शामिल किया जाना था। यह भी तैयारी थी कि यह विदेशी फाइटर जेट्स के साथ हाई-इंटेंसिटी ड्रिल्स में हिस्सा लेगा, लेकिन रिहर्सल में इसकी गैरमौजूदगी ने हालात को बदल दिया है। (LCA Tejas Vayu Shakti 2026)

LCA Tejas Vayu Shakti 2026: तकनीकी घटना है वजह

तेजस की गैरमौजूदगी की वजह हाल ही में हुआ एक तकनीकी घटना को बताया जा रहा है। 7 फरवरी को गुजरात के नालिया एयरबेस पर एक तेजस विमान के साथ ग्राउंड इंसिडेंट हुआ था। हालांकि यह बेहद मामूली घटना थी, और यह उड़ान के दौरान नहीं, बल्कि लैंडिंग के बाद हुई थी, इसलिए इसे क्रैश नहीं माना गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, लैंडिंग के समय ब्रेक फेलियर या टायर से जुड़ी दिक्कतों के चलते विमान रनवे से आगे निकल गया था। इस घटना में पायलट सुरक्षित रहा, लेकिन उसे मामूली चोट आई।

इस घटना के बाद भारतीय वायुसेना और इसे बनाने वाली सरकारी कंपनी एचएएल की संयुक्त टीम ने पूरी तेजस फ्लीट की जांच शुरू कर दी है। इस जांच को कॉम्प्रिहेंसिव मेंटेनेंस इंस्पेक्शन कहा जा रहा है, जिसमें सभी विमानों की तकनीकी स्थिति को बारीकी से जांचा जा रहा है। जब तक इस जांच का निष्कर्ष सामने नहीं आता, तब तक फ्लीट की उड़ान सीमित या रोक दी गई है। बता दें कि भारतीय वायुसेना के पास 38 तेजस एमके1 हैं, जिनमें 6 द्विन सीटर ट्रेनर एयरक्रफ्ट हैं। (LCA Tejas Vayu Shakti 2026)

एचएएल ने अपने बयान में कहा है कि यह कोई बड़ा हादसा नहीं था, बल्कि जमीन पर हुआ एक मामूली तकनीकी मामला था। कंपनी ने यह भी कहा कि तेजस का सेफ्टी रिकॉर्ड दुनिया के सबसे बेहतर फाइटर एयरक्राफ्ट्स में गिना जाता है। साथ ही यह भी बताया गया कि समस्या की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द समाधान निकालने की कोशिशें जारी हैं।

तेजस के साथ तीसरा हादसा है। इससे पहले मार्च 2024 में जैसलमेर के पास एक दुर्घटना हुई थी और 2025 में दुबई एयर शो के दौरान एक और बड़ा हादसा हुआ था। जिसमें पायलट विंग कमांडर नमन स्याल की मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद से तेजस प्रोग्राम पर सवाल उठने लगे। (LCA Tejas Vayu Shakti 2026)

वायु शक्ति 2026 भारतीय वायुसेना का एक बड़ा फायरपावर प्रदर्शन है, जिसमें 100 से ज्यादा एयरक्राफ्ट हिस्सा लेते हैं। इसमें राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज 2000, जगुआर और मिग-29 जैसे फाइटर जेट्स अपनी ताकत दिखाते हैं। इस बार भी दिन और रात दोनों समय ऑपरेशन दिखाए जाने हैं, जिसमें प्रिसीजन स्ट्राइक और मल्टी-डोमेन क्षमता का प्रदर्शन शामिल रहेगा।

तेजस को इस अभ्यास में शामिल करना खास माना जा रहा था, क्योंकि यह भारत का स्वदेशी फाइटर जेट है और इसे आत्मनिर्भर भारत की पहचान के तौर पर देखा जाता है। हालांकि, मौजूदा स्थिति को देखते हुए इसकी भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला अभी स्पष्ट नहीं है। (LCA Tejas Vayu Shakti 2026)

रक्षा मंत्रालय ने पहले ही तेजस एमके-1ए के लिए बड़े कॉन्ट्रैक्ट दिए हैं। 2021 में 83 विमानों के लिए करीब 48,000 करोड़ रुपये का समझौता हुआ था, जबकि 2025 में 97 और विमानों के लिए 62,370 करोड़ रुपये का दूसरा सौदा किया गया। यह विमान सिंगल-इंजन मल्टी-रोल फाइटर है, जो हाई-थ्रेट एनवायरनमेंट में भी बखूबी काम कर सकता है। (LCA Tejas Vayu Shakti 2026)

हिमाचल में भारत-अमेरिकी स्पेशल कमांडोज की हाई-इंटेंसिटी ट्रेनिंग, ‘वज्र प्रहार’ में दिखेगा एलिट फोर्सेस का दम

Exercise Vajra Prahar 2026
Exercise Vajra Prahar 2026

Exercise Vajra Prahar 2026: भारत और अमेरिका के बीच सैन्य सहयोग को और मजबूत करने के लिए जॉइंट एक्सरसाइज ‘वज्र प्रहार’ शुरू हो गई है। यह इस अभ्यास का 16वां संस्करण है, जो हिमाचल प्रदेश के बकलोह स्थित स्पेशल फोर्सेस ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित किया जा रहा है। यह अभ्यास 24 फरवरी से 16 मार्च तक चलेगा, यानी करीब तीन हफ्तों तक दोनों देशों की स्पेशल फोर्सेस साथ मिलकर ट्रेनिंग करेंगी।

यह अभ्यास आम सैन्य ड्रिल जैसा नहीं होता, बल्कि इसमें दुनिया की सबसे चुनिंदा और प्रशिक्षित सैनिक टुकड़ियां हिस्सा लेती हैं। इसका मकसद है कठिन परिस्थितियों में मिलकर ऑपरेशन करना और आधुनिक खतरों से निपटने की तैयारी को मजबूत करना है। (Exercise Vajra Prahar 2026)

Exercise Vajra Prahar 2026: कौन ले रहा है हिस्सा?

इस अभ्यास में भारत और अमेरिका दोनों तरफ से छोटी लेकिन बेहद खास टीम शामिल है। भारतीय सेना की तरफ से करीब 45 स्पेशल फोर्सेस कमांडो हिस्सा ले रहे हैं। ये जवान आमतौर पर पैराशूट रेजिमेंट जैसी यूनिट्स से होते हैं, जो देश के सबसे कठिन ऑपरेशंस को अंजाम देते हैं।

वहीं अमेरिका की तरफ से यूएस आर्मी के ग्रीन बेरेट्स के करीब 12 कमांडो इस अभ्यास में शामिल हुए हैं। ग्रीन बेरेट्स दुनिया की सबसे प्रोफेशनल स्पेशल फोर्सेस में गिने जाते हैं।

स्पेशल फोर्सेस की खासियत यह होती है कि वे कम तादाद में होते हुए भी बेहद सटीक और खतरनाक ऑपरेशन कर सकते हैं। इसलिए इस अभ्यास में बड़ी सेना नहीं, बल्कि छोटे-छोटे एलिट ग्रुप्स ही भाग लेते हैं। (Exercise Vajra Prahar 2026)

कहां और क्यों हो रहा है अभ्यास?

यह अभ्यास हिमाचल प्रदेश के बकलोह में हो रहा है, जो पहाड़ी और जंगल वाले इलाके में आता है। इस तरह का इलाका ट्रेनिंग के लिए इसलिए चुना जाता है क्योंकि यहां ऊंचाई, ठंड, ऊबड़-खाबड़ जमीन और सीमित संसाधन जैसी कठिन हालात होते हैं।

ऐसी जगहों पर ऑपरेशन करना आसान नहीं होता, लेकिन आज के समय में कई सैन्य ऑपरेशन इसी तरह के इलाकों में होते हैं। इसलिए सैनिकों को यहां ट्रेनिंग दी जाती है, ताकि वे हर तरह की चुनौती के लिए तैयार रहें। (Exercise Vajra Prahar 2026)

क्या सीखेंगे सैनिक?

इस अभ्यास में सैनिकों को कई तरह की ट्रेनिंग दी जाएगी, जो असली ऑपरेशन जैसी होती है। सबसे पहले उन्हें जॉइंट मिशन प्लानिंग सिखाई जाएगी, यानी दोनों देशों के सैनिक मिलकर कैसे ऑपरेशन की योजना बनाते हैं।

इसके बाद वे अलग-अलग तरह की टैक्टिकल ड्रिल्स जैसे- किसी इलाके में घुसकर दुश्मन को पकड़ना या खत्म करना, बंधकों को छुड़ाने का ऑपरेशन, गुप्त तरीके से जानकारी जुटाना, और जरूरत पड़ने पर अचानक हमला करना जैसे ऑपरेशन करेंगे।

इन सबके अलावा सैनिकों को माउंटेन वारफेयर यानी पहाड़ों में लड़ाई की खास ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें यह सिखाया जाता है कि ऊंचाई पर सांस की कमी, ठंड और सीमित संसाधनों के बीच कैसे ऑपरेशन किया जाए। (Exercise Vajra Prahar 2026)

इस अभ्यास की एक बड़ी खासियत यह है कि इसमें सिर्फ ट्रेनिंग ही नहीं होती, बल्कि दोनों देशों के सैनिक अपने-अपने अनुभव भी साझा करते हैं। भारतीय सेना को पहाड़ी और काउंटर-टेरर ऑपरेशन्स का अच्छा अनुभव है, जबकि अमेरिकी सेना के पास दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में ऑपरेशन करने का अनुभव है। (Exercise Vajra Prahar 2026)

‘वज्र प्रहार’ नाम का मतलब

इस अभ्यास का नाम भी अपने आप में खास है। ‘वज्र’ का मतलब होता है बहुत शक्तिशाली हथियार, और ‘प्रहार’ का मतलब है हमला। यानी ‘वज्र प्रहार’ का अर्थ हुआ, जिसका मतलब तेज, सटीक और जबरदस्त हमला है।

यह नाम स्पेशल फोर्सेस के काम करने को पूरी तरह से दर्शाता है, जहां कम समय में सटीक और निर्णायक कार्रवाई की जाती है। (Exercise Vajra Prahar 2026)

क्यों जरूरी है यह अभ्यास?

आज का युद्ध पारंपरिक युद्ध से काफी अलग हो चुका है। अब खतरे सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं हैं। आतंकवाद, हाइब्रिड वॉरफेयर, ड्रोन अटैक और गुप्त ऑपरेशन जैसे नए खतरे सामने आ रहे हैं।

ऐसे में स्पेशल फोर्सेस की भूमिका बहुत अहम हो जाती है। ‘वज्र प्रहार’ जैसे अभ्यास सैनिकों को इन नए खतरों से निपटने के लिए तैयार करते हैं। (Exercise Vajra Prahar 2026)

इसके अलावा यह अभ्यास भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग को भी मजबूत करता है। दोनों देश पहले से ही कई बड़े समझौतों और साझेदारियों के जरिए एक-दूसरे के करीब आए हैं। यह अभ्यास उसी दिशा में एक और कदम है।

इससे पहले ‘वज्र प्रहार’ का 15वां संस्करण अमेरिका के आइडाहो में आयोजित किया गया था। हर साल यह अभ्यास भारत और अमेरिका में बारी-बारी से होता है, जिससे दोनों सेनाओं को अलग-अलग तरह के इलाकों में ट्रेनिंग का मौका मिलता है। (Exercise Vajra Prahar 2026)

उत्तराखंड में ‘धर्मा गार्डियन’ में दिखेगा भारत-जापान के बीच कॉम्बैट तालमेल, लद्दाख स्काउट्स लेगें हाई-टेक वॉर ड्रिल में हिस्सा

Exercise Dharma Guardian 2026
Exercise Dharma Guardian 2026

Exercise Dharma Guardian 2026: भारत और जापान के बीच रक्षा सहयोग को नई मजबूती देने के लिए संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘धर्मा गार्डियन’ एक बार फिर शुरू हो गया है। इस बार इसका आयोजन उत्तराखंड के चौबट्टिया स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में किया जा रहा है। यह अभ्यास 24 फरवरी से लेकर 9 मार्च तक चलेगा और करीब दो हफ्तों तक दोनों देशों के सैनिक साथ मिलकर ट्रेनिंग करेंगे।

यह अभ्यास केवल एक रूटीन एक्सरसाइज नहीं है, बल्कि यह भारत और जापान के बीच बढ़ते भरोसे और साझेदारी का बड़ा प्रतीक है। खास बात यह है कि यह अभ्यास हर साल बारी-बारी से भारत और जापान में होता है, जिससे दोनों सेनाएं एक-दूसरे के काम करने के तरीके को करीब से समझती हैं। (Exercise Dharma Guardian 2026)

Exercise Dharma Guardian 2026: दोनों देशों के सैनिक साथ-साथ

इस बार के अभ्यास में भारत और जापान- दोनों तरफ से करीब 120-120 सैनिकों की टुकड़ी हिस्सा ले रही है। भारतीय सेना की तरफ से लद्दाख स्काउट्स के जवान शामिल हैं, जो कठिन इलाकों में ऑपरेशन करने के लिए जाने जाते हैं। वहीं जापान की ओर से जापान ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स (JGSDF) की 32वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट के सैनिक इसमें भाग ले रहे हैं।

जब अलग-अलग देशों के सैनिक एक साथ ट्रेनिंग करते हैं, तो वे न सिर्फ नई तकनीक सीखते हैं, बल्कि एक-दूसरे की रणनीति और काम करने के तरीके को भी समझते हैं। यही इस अभ्यास की सबसे बड़ी खासियत है। (Exercise Dharma Guardian 2026)

किस तरह की ट्रेनिंग होगी?

यह अभ्यास खास तौर पर सेमी-अर्बन एनवायरनमेंट यानी ऐसे इलाकों के लिए किया जा रहा है, जहां शहर और गांव दोनों जैसी परिस्थितियां होती हैं। आज के समय में ज्यादातर ऑपरेशन ऐसे ही इलाकों में होते हैं, इसलिए यह ट्रेनिंग बेहद जरूरी मानी जाती है।

अभ्यास के दौरान सैनिक कई तरह की ड्रिल्स करेंगे। जैसे, अस्थायी ऑपरेटिंग बेस बनाना, जहां से ऑपरेशन चलाया जा सके। इंटेलिजेंस, सर्विलांस और रिकॉनिसेंस यानी आईएसआर ग्रिड तैयार करना, जिससे दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। मोबाइल चेक पोस्ट लगाना, ताकि आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा सके और दुश्मन वाले इलाके में घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन चलाना, शामिल है।

इसके अलावा सैनिक हेलिबोर्न ऑपरेशन भी करेंगे, जिसमें हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे ऑपरेशन एरिया में उतरकर कार्रवाई की जाती है। सबसे अहम हिस्सा होगा हाउस इंटरवेंशन ड्रिल, यानी किसी बिल्डिंग या घर के अंदर घुसकर ऑपरेशन करना। इसे क्लोज क्वार्टर बैटल भी कहा जाता है, जो काउंटर-टेरर ऑपरेशन में बेहद जरूरी होता है। (Exercise Dharma Guardian 2026)

आधुनिक युद्ध की तैयारी

आज का युद्ध पहले जैसा नहीं रहा। अब सिर्फ हथियारों की ताकत काफी नहीं होती, बल्कि जानकारी, तकनीक और तालमेल भी उतना ही जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस अभ्यास में मॉडर्न टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल पर भी जोर दिया जा रहा है।

सैनिकों को सिखाया जाएगा कि कैसे रियल टाइम जानकारी के आधार पर तुरंत फैसला लिया जाए, कैसे अलग-अलग यूनिट्स मिलकर काम करें और कैसे तेजी से ऑपरेशन को अंजाम दिया जाए। इसे ही आसान भाषा में इंटरऑपरेबिलिटी कहा जाता है, यानी अलग-अलग देशों की सेनाएं भी बिना किसी परेशानी के साथ काम कर सकें। (Exercise Dharma Guardian 2026)

क्यों खास है यह अभ्यास?

भारत और जापान के बीच यह अभ्यास सिर्फ सैन्य ट्रेनिंग तक सीमित नहीं है। इसका एक बड़ा रणनीतिक मतलब भी है। दोनों देश इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

पिछले कुछ सालों में भारत और जापान के रिश्ते काफी मजबूत हुए हैं। रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ा है और दोनों देश एक-दूसरे के साथ ज्यादा अभ्यास कर रहे हैं। ‘धर्मा गार्डियन’ इसी साझेदारी का अहम हिस्सा है।

इस अभ्यास की शुरुआत साल 2018 में हुई थी और अब यह इसका सातवां संस्करण है। हर साल इसे अलग-अलग जगहों पर आयोजित किया जाता है। पिछले संस्करण जापान और भारत के अलग-अलग इलाकों में हो चुके हैं।

हर बार इस अभ्यास का दायरा थोड़ा और बढ़ता है और नई तकनीकों को इसमें शामिल किया जाता है। इससे दोनों देशों की सेनाएं लगातार बेहतर होती जा रही हैं। (Exercise Dharma Guardian 2026)

पोखरण में भारतीय सेना की ‘अग्नि वर्षा’, रेगिस्तान में टैंक, ड्रोन और हेलीकॉप्टर्स ने दिखाई मल्टी-डोमेन ताकत

Exercise Agni Varsha
Exercise Agni Varsha

Exercise Agni Varsha: राजस्थान के रेगिस्तानी इलाके में एक बार फिर भारतीय सेना की ताकत और तैयारी की झलक देखने को मिली। पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में ‘एक्सरसाइज अग्नि वर्षा’ नाम का बड़ा सैन्य अभ्यास किया गया, जिसमें सेना ने आधुनिक युद्ध की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। यह अभ्यास भारतीय सेना की दक्षिण कमांड ने आयोजित किया था। इस अभ्यास का मकसद यह दिखाना था कि भारत किसी भी हालात में, खासकर रेगिस्तान जैसे कठिन इलाके में, तेज और सटीक कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

इस अभ्यास की खास बात यह रही कि इसमें जमीन, हवा और तकनीक तीनों को मिलाकर युद्ध का पूरा मॉडल पेश किया गया। इस अभ्यास में सेना ने दिखाया कि असली युद्ध में अलग-अलग यूनिट्स कैसे मिलकर काम करती हैं। (Exercise Agni Varsha)

Exercise Agni Varsha: आधुनिक युद्ध की दिखी झलक

मॉडर्न वॉरफेयर में केवल टैंक और सैनिक ही नहीं, बल्कि ड्रोन, हेलीकॉप्टर, रॉकेट और डिजिटल सिस्टम भी उतने ही जरूरी हो गए हैं। ‘अग्नि वर्षा’ अभ्यास में यही सब देखने को मिला।

इस अभ्यास में टी-90 टैंक, इन्फैंट्री कॉम्बैट व्हीकल (आईसीवी), के-9 वज्र हॉवित्जर, बोफोर्स और सारंग तोपें, और लंबी दूरी के रॉकेट सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। जैसे ही अभ्यास शुरू हुआ, रेगिस्तान तोपों और टैंकों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अलग-अलग यूनिट्स ने मिलकर टारगेट पर सटीक हमला किया।

साथ ही आसमान में अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर और एएलएच ध्रुव हेलीकॉप्टर ने भी हिस्सा लिया। इन हेलीकॉप्टरों ने जमीन पर मौजूद सैनिकों को सपोर्ट दिया और टारगेट पर नजर रखी। (Exercise Agni Varsha)

ड्रोन और टेक्नोलॉजी का बढ़ता रोल

इस अभ्यास में ड्रोन टेक्नोलॉजी को खास महत्व दिया गया। आज के समय में ड्रोन युद्ध का बड़ा हिस्सा बन चुके हैं। दुश्मन बिना सामने आए हमला कर सकता है, इसलिए ड्रोन से निपटना जरूरी हो गया है।

अग्नि वर्षा में सेना ने सर्विलांस ड्रोन (निगरानी करने वाले) और स्ट्राइक ड्रोन (हमला करने वाले) दोनों का इस्तेमाल किया। ये ड्रोन दुश्मन की लोकेशन पहचानते हैं और फिर टारगेट पर हमला करने में मदद करते हैं।

सिर्फ हमला ही नहीं, बल्कि सेना ने काउंटर-ड्रोन सिस्टम का भी प्रदर्शन किया। यानी अगर दुश्मन ड्रोन से हमला करे, तो उसे कैसे रोका जाए, इसकी भी जवानों को ट्रेनिंग दी गई। (Exercise Agni Varsha)

नेटवर्क से जु़ड़े रहे हथियार

इस अभ्यास की एक और खास बात थी नेटवर्क-इनेबल्ड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम। इसका मतलब है कि सभी यूनिट्स एक डिजिटल नेटवर्क से जुड़ी रहती हैं। इससे कमांडर को रियल टाइम में जानकारी मिलती है और वह तुरंत फैसला ले सकता है।

उदाहरण के लिए, अगर ड्रोन किसी टारगेट को देखता है, तो उसकी जानकारी तुरंत टैंक या तोप तक पहुंचती है और कुछ ही सेकंड में हमला किया जा सकता है। इससे युद्ध में तेजी और सटीकता दोनों बढ़ जाती हैं। (Exercise Agni Varsha)

रेगिस्तान में युद्ध की तैयारी

थार रेगिस्तान में युद्ध आसान नहीं होता। यहां गर्मी, रेत और लंबी दूरी जैसी कई चुनौतियां होती हैं। ऐसे में इस तरह के अभ्यास बहुत जरूरी होते हैं। अग्नि वर्षा के दौरान सेना ने इन सभी परिस्थितियों में ऑपरेशन करके दिखाया। टैंक और गाड़ियां रेत में चलते हुए, तोपें दूर तक फायर करती हुई और हेलीकॉप्टर हवा में सपोर्ट देते हुए नजर आए। जिससे पता लगता है कि भारतीय सेना किसी भी कठिन इलाके में ऑपरेशन करने के लिए तैयार है। (Exercise Agni Varsha)

विदेशी पत्रकारों ने भी देखा अभ्यास

इस अभ्यास को खास बनाने वाली एक और बात यह रही कि इसमें 25 देशों के विदेशी डिफेंस पत्रकारों को भी बुलाया गया था। उन्होंने अपनी आंखों से देखा कि भारतीय सेना किस तरह तेजी, सटीकता और तालमेल के साथ काम करती है।

यह कदम सिर्फ अभ्यास तक सीमित नहीं था, बल्कि यह भारत की डिफेंस डिप्लोमेसी का भी हिस्सा है। इससे दुनिया को यह संदेश जाता है कि भारत की सेना आधुनिक तकनीक और स्वदेशी सिस्टम के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। (Exercise Agni Varsha)

आत्मनिर्भर भारत की झलक

इस अभ्यास में इस्तेमाल हुए कई सिस्टम स्वदेशी या भारत में डेवलप किए गए थे। इससे साफ होता है कि भारत अब रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

ड्रोन, हेलीकॉप्टर, आर्टिलरी सिस्टम और नेटवर्क टेक्नोलॉजी, इन सबमें भारत अपनी क्षमता बढ़ा रहा है। इससे न सिर्फ सेना मजबूत होती है, बल्कि देश की रक्षा इंडस्ट्री को भी फायदा मिलता है। (Exercise Agni Varsha)

ऑपरेशन सिंदूर से मिली सीख

हाल के समय में हुए ऑपरेशन सिंदूर के अनुभवों ने भी सेना की रणनीति को बदलने में भूमिका निभाई है। अब फोकस बड़े सैन्य जमावड़े पर नहीं, बल्कि तेज, सटीक और तकनीक आधारित ऑपरेशन पर है। अग्नि वर्षा अभ्यास इसी नई सोच का हिस्सा है, जहां कम समय में ज्यादा असर डालने की क्षमता पर जोर दिया जा रहा है। (Exercise Agni Varsha)

समंदर में ‘क्लोज-इन डिफेंस’ को मजबूत करने तैयारी कर रही भारतीय नौसेना, स्वदेशी 30एमएम नेवल गन के लिए मांगे प्रस्ताव

Indian Navy 30mm Naval Gun India

30mm Naval Gun India: भारत अब समुद्र में अपनी ताकत और बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रहा है। रक्षा मंत्रालय के तहत भारतीय नौसेना ने देश की कंपनियों से एक खास तरह के वेपन सिस्टम नेवल सरफेस गन (एनएसजी) को बनाने के लिए आगे आने को कहा है। इसके लिए एक आधिकारिक दस्तावेज जारी किया गया है, जिसे “एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट” यानी ईओआई कहा जाता है। भारतीय नौसेना ने पहले भी यह ईओआई जारी कर चुकी है। लेकिन इसे फिर से जारी किया गया है।

सरल भाषा में समझें तो सरकार यह जानना चाहती है कि देश की कौन-कौन सी कंपनियां एक आधुनिक 30 मिमी नेवल सरफेस गन और उसके साथ जुड़ा इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल फायर कंट्रोल सिस्टम बना सकती हैं। अगर कंपनियां योग्य पाई जाती हैं, तो उन्हें इस सिस्टम को डेवलप करने का मौका दिया जाएगा।

यह कदम इसलिए भी खास है क्योंकि अब भारत धीरे-धीरे ऐसे हथियार खुद बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जो पहले विदेशों से खरीदे जाते थे। (30mm Naval Gun India)

30mm Naval Gun India: क्या 30 मिमी नेवल गन सिस्टम?

यह एक ऐसा हथियार होता है, जिसे समुद्र में चलने वाले युद्धपोत यानी नेवल शिप पर लगाया जाता है। इसका काम बहुत पास से आने वाले खतरे को तुरंत निशाना बनाना होता है। आज के समय में खतरे सिर्फ बड़े युद्धपोत या मिसाइल नहीं हैं। अब छोटे ड्रोन, तेज स्पीड वाली नावें, और पानी के नीचे छिपकर हमला करने वाले लोग भी बड़ा खतरा बन चुके हैं। ऐसे में इस तरह की गन बहुत काम आती है।

इस गन के साथ एक खास सिस्टम जोड़ा जाएगा, जिसे इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल फायर कंट्रोल सिस्टम (EOFCS) कहा जाता है। यह सिस्टम कैमरा, सेंसर और कंप्यूटर की मदद से टारगेट को पहचानता है और सटीक निशाना लगाने में मदद करता है। यानी यह सिर्फ एक बंदूक नहीं होगी, बल्कि एक पूरा स्मार्ट सिस्टम होगा जो खुद टारगेट को पहचानकर उस पर हमला कर सकेगा। (30mm Naval Gun India)

यह 30 एमएम गन जहाजों की नजदीकी रक्षा यानी क्लोज-इन वेपन सिस्टम का हथियार है। यह ड्रोन, तेज हमलावर नावें (फास्ट अटैक क्राफ्ट), स्विमिंग डाइवर्स और असिमेट्रिक खतरों को 3-5 किमी के अंदर मार गिराएगी। नौसेना के छोटे जहाजों (ओपीवी, एफएसी) पर मुख्य हथियार और बड़े जहाजों (डिस्ट्रॉयर, फ्रिगेट) पर बैकअप बनेगी। (30mm Naval Gun India)

यह प्रोजेक्ट क्यों है गेमचेंजर

आज का युद्ध पहले जैसा नहीं रहा। अब दुश्मन बड़े जहाज या मिसाइल ही नहीं, बल्कि छोटे-छोटे ड्रोन और तेज स्पीड वाली नावों (स्विफ्ट क्राफ्ट) से भी हमला करता है। रेड सी जैसे इलाकों में हाल के हमलों ने साफ दिखा दिया है कि पास से आने वाले इन खतरों को रोकने के लिए मजबूत क्लोज-इन डिफेंस सिस्टम कितना जरूरी है।

अब तक भारत जिन 30 मिमी गन का इस्तेमाल करता था, वे या तो बाहर से खरीदी गई थीं या उनकी क्षमता सीमित थी। लेकिन नई स्वदेशी 30 मिमी नेवल सरफेस गन के साथ EOFCS सिस्टम कई मामलों में ज्यादा आधुनिक और असरदार होगी। (30mm Naval Gun India)

यह सिस्टम रडार जामिंग की स्थिति में भी काम कर सकेगा, क्योंकि इसमें कैमरा और सेंसर आधारित टारगेटिंग होगी। इसका मतलब है कि दुश्मन अगर इलेक्ट्रॉनिक जामिंग भी करे, तब भी यह गन अपना काम जारी रखेगी।

यह गन पूरी तरह स्टेबलाइज्ड होगी, यानी समुद्र की तेज लहरों के बीच भी निशाना सटीक रहेगा। साथ ही यह नेटवर्क्ड सिस्टम होगा, जिससे जहाज अकेले नहीं, बल्कि पूरी फ्लीट एक साथ जुड़कर ऑपरेशन कर सकेगी।

यह सिस्टम जहाज के कॉम्बैट मैनेजमेंट सिस्टम (CMS) से जुड़ा होगा, जिससे पूरे जहाज के हथियार और सेंसर एक साथ काम करेंगे। गन की फायरिंग स्पीड तेज होगी और इसमें ऐसे गोला-बारूद का इस्तेमाल होगा जो टारगेट के पास जाकर फट सके (प्रॉक्सिमिटी फ्यूज)। इसे पूरी तरह समुद्री माहौल के हिसाब से बनाया जाएगा, यानी नमकीन पानी, झटकों, कंपन और -20°C से +55° से. तक के तापमान में भी यह सही काम करेगा। (30mm Naval Gun India)

साथ ही इसका रखरखाव आसान होना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे मौके पर ही ठीक किया जा सके। इसमें रिमोट कंट्रोल, मैनुअल और ऑटो – तीनों मोड होंगे, यानी जरूरत के हिसाब से इसे अलग-अलग तरीके से चलाया जा सकेगा।

नौसेना को इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 97 सिस्टम मिलने की संभावना है, जिससे दर्जनों युद्धपोतों की ताकत बढ़ेगी। साथ ही एमएसएमई और स्टार्टअप कंपनियों को भी इसमें हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। योजना के अनुसार, सबसे कम कीमत देने वाली कंपनी (L1) को ज्यादा सिस्टम मिलेंगे, जबकि दूसरी कंपनियों (L2/L3) को भी मौका दिया जाएगा अगर वे कीमत मैच करें। सफल कंपनी को आधिकारिक सर्टिफिकेट भी मिलेगा, जो आगे के प्रोजेक्ट्स में काम आएगा। (30mm Naval Gun India)

‘मेक-II’ कैटेगरी के तहत प्रोजेक्ट

इस ईओआई का मुख्य उद्देश्य देश की कंपनियों को मौका देना है। नौसेना यह देखना चाहती है कि कौन-सी भारतीय कंपनी इस प्रोजेक्ट को संभाल सकती है। जो कंपनियां इस ईओआई का जवाब देंगी, उनमें से कुछ को चुना जाएगा और फिर उन्हें इस सिस्टम का प्रोटोटाइप यानी शुरुआती मॉडल बनाने का काम दिया जाएगा।

दिलचस्प बात यह है कि अगर सिर्फ एक कंपनी भी सभी शर्तें पूरी करती है, तो भी प्रोजेक्ट आगे बढ़ाया जाएगा। यानी सरकार इस काम में देरी नहीं करना चाहती।

यह प्रोजेक्ट “मेक-II” कैटेगरी के तहत किया जा रहा है। आसान भाषा में इसका मतलब है कि कंपनियां पहले अपने खर्च पर इस सिस्टम का प्रोटोटाइप बनाएंगी। अगर वह सफल रहता है, तो नौसेना बाद में उसी सिस्टम को खरीद सकती है। यह खरीद “बाय (इंडियन-IDDM)” कैटेगरी के तहत होगी, जिसमें पूरी तरह भारतीय डिजाइन और निर्माण को प्राथमिकता दी जाती है। इससे सरकार का पैसा भी बचता है और कंपनियों को इनोवेशन करने का मौका भी मिलता है। (30mm Naval Gun India)

इस प्रोजेक्ट की सबसे अहम शर्तों में से एक है इंडिजिनस कंटेंट (IC) यानी स्वदेशी हिस्सेदारी। इस गन सिस्टम का कम से कम 60 प्रतिशत हिस्सा भारत में बना होना चाहिए। बाद में यह बढ़ाकर 70 प्रतिशत तक करना होगा। सिर्फ इतना ही नहीं, इस स्वदेशी हिस्से का कम से कम आधा भाग भारत में बने मटेरियल, पार्ट्स या सॉफ्टवेयर से होना चाहिए। वहीं, यह नियम सिर्फ गन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके स्पेयर पार्ट्स, मेंटेनेंस टूल्स और टेस्टिंग इक्विपमेंट पर भी लागू होगा। सरकार की योजना है कि इस प्रोजेक्ट के जरिए पूरी सप्लाई चेन को देश के अंदर ही विकसित किया जाए। (30mm Naval Gun India)

विदेशी कंपनियों की क्या होगी भूमिका?

इस प्रोजेक्ट में विदेशी कंपनियां सीधे हिस्सा नहीं ले सकतीं, लेकिन वे भारतीय कंपनियों के साथ टेक्नोलॉजी पार्टनर के रूप में जुड़ सकती हैं। अगर कोई भारतीय कंपनी किसी विदेशी कंपनी से तकनीक लेती है, तो उसे साफ-साफ बताना होगा कि कौन-सी तकनीक ली जा रही है और उसमें स्वदेशी हिस्सेदारी का योगदान कितना है। साथ ही, बिना भारत सरकार की अनुमति के इस सिस्टम के किसी भी हिस्से की जांच या ऑडिट कोई विदेशी एजेंसी नहीं कर सकती। यह नियम सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रखा गया है। (30mm Naval Gun India)

कैसे होगा कंपनियों का चयन?

जो कंपनियां इस प्रोजेक्ट में हिस्सा लेना चाहती हैं, उन्हें अपने बारे में पूरी जानकारी देनी होगी। इसमें उनकी तकनीकी क्षमता, वित्तीय स्थिति, पहले किए गए प्रोजेक्ट और मैन्युफैक्चरिंग अनुभव शामिल होंगे। नौसेना इन सभी पहलुओं के आधार पर कंपनियों का मूल्यांकन करेगी और फिर कुछ कंपनियों को आगे के चरण के लिए चुनेगी। इसके बाद प्रोटोटाइप बनाया जाएगा, उसका परीक्षण होगा और सफल होने पर बड़े स्तर पर उत्पादन शुरू किया जाएगा। (30mm Naval Gun India)

भारत फोर्ज बना रही है 30 एमएम और 75 एमएम नेवल गन

भारत फोर्ज भी भारतीय नौसेना के लिए 30 मिमी और 75 मिमी नेवल गन बना रही है। कंपनी का लक्ष्य है कि ये गन 2026 के अंत तक या 2027 तक टेस्ट होकर तैयार हो जाएं। भारत फोर्ज पुणे में अपने प्लांट में इन गन्स पर काम कर रही है। यह पहली बार होगा जब इस तरह की आधुनिक नेवल गन पूरी तरह भारत में डिजाइन और बनाई जाएगी।

30 मिमी गन छोटी दूरी के खतरों के लिए है। जैसे ड्रोन, तेज नावें या समुद्र में अचानक हमला करने वाले छोटे टारगेट। यह करीब 3 से 5 किलोमीटर के दायरे में दुश्मन को निशाना बना सकती है।

75/76 मिमी गन इससे बड़ी होती है और जहाजों पर मुख्य हथियार के तौर पर इस्तेमाल होती है। अभी भारत ज्यादातर ऐसी गन बाहर से लेता है, लेकिन यह नई गन उस कमी को पूरा कर सकती है। (30mm Naval Gun India)

इन गन्स को इस तरह बनाया जा रहा है कि ये समुद्र की तेज लहरों में भी सही निशाना लगा सकें। यानी जहाज हिल रहा हो, फिर भी फायरिंग सटीक होगी। इनमें इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सिस्टम भी जोड़ा जाएगा, जिससे दिन और रात दोनों समय टारगेट को आसानी से देखा और निशाना बनाया जा सकेगा। अगर दुश्मन रडार को जाम कर दे, तब भी यह सिस्टम काम करेगा। इनका फायरिंग स्पीड भी तेज होगा, जिससे कम समय में ज्यादा फायर किया जा सकेगा। साथ ही इसमें अलग-अलग तरह के गोला-बारूद जैसे हाई एक्सप्लोसिव और आर्मर पियर्सिंग इस्तेमाल किए जा सकेंगे। सबसे अहम बात यह है कि इन गन्स में 70% से ज्यादा हिस्सा भारत में ही बनाया जा रहा है। (30mm Naval Gun India)

गुरुग्राम रोड रेज मामला: रिटायर्ड आर्मी कर्नल पर हमला, सेना ने तुरंत लिया एक्शन

Gurugram Road Rage Retired Army Officer

Gurugram Road Rage Retired Army Officer: गुरुग्राम में 21 फरवरी की रात रिटायर्ड भारतीय सेना के अधिकारी के साथ दिल दहला देने वाला रोड रेज का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय हुई जब वह अपने परिवार में मेडिकल इमरजेंसी के चलते मेदांता अस्पताल से अकेले घर लौट रहे थे। रास्ते में एक मामूली सड़क हादसा हुआ, लेकिन बात इतनी बढ़ गई कि दूसरी गाड़ी में बैठे लोगों ने उन पर हमला कर दिया। वहीं, भारतीय सेना ने इस घटना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस से संपर्क किया और मामले में चल रही जांच की जानकारी ली।

Gurugram Road Rage Retired Army Officer: मामूली टक्कर से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, भारतीय सेना के रिटायर्ड कर्नल अनिल यादव की गाड़ी और दूसरी कार के बीच हल्की टक्कर हो गई थी। आमतौर पर ऐसे मामलों में लोग बातचीत कर मामला सुलझा लेते हैं, लेकिन मामला गंभीर हो गया। जैसे ही अधिकारी अपनी गाड़ी से बाहर निकले और नुकसान का जायजा लेने की कोशिश की, तो दूसरी कार में बैठे लोगों ने उनके साथ बहस शुरू कर दी।

कुछ ही देर में यह बहस हिंसा में बदल गई। आरोप है कि उन लोगों ने अधिकारी के साथ मारपीट की, उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया और उन्हें चोटें आईं। यह पूरी घटना कुछ ही मिनटों में हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि युवकों ने बीयर की बोतलों से उन पर हमला किया, गाड़ी तोड़ी, उन्हें पीटा और 30 हजार रुपये यूपीआई से लूट लिए।

अस्पताल में कराया गया इलाज

हमले के बाद घायल अधिकारी को तुरंत गुरुग्राम के आर्टेमिस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक इलाज किया और कुछ समय निगरानी में रखने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।

शुरुआत में कर्नल यादव ने सोशल मीडिया पर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा कि महिला जांच अधिकारी अस्पताल नहीं आईं और उल्टा उन्हें ही दोषी मान रही थीं। पोस्ट वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। सेक्टर-50 थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मात्र कुछ घंटों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी 21 फरवरी को बादशाहपुर में एक शादी में आए थे। पंकज, साहिल और अंकित रेवाड़ी की निप्पोन कंपनी में काम करते हैं। विकास बीए दूसरी वर्ष का छात्र है और निखिल बीकॉम दूसरी वर्ष का। छठा आरोपी अभी फरार है। पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया है।

सेना ने लिया तुरंत संज्ञान

इस घटना के सामने आते ही भारतीय सेना ने तुरंत संज्ञान लिया। सेना के स्थानीय अधिकारियों ने गुरुग्राम पुलिस से संपर्क किया, ताकि मामले में तेजी से कार्रवाई हो सके और उचित कॉर्डिनेशन बना रहे।

भारतीय सेना ने अपने आधिकारिक बयान में साफ कहा कि वह इस घटना से पूरी तरह अवगत है और अपने वेटरन्स के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सेना ने यह भी बताया कि अधिकारी अब सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।

क्या कहा सेना के बयान में

भारतीय सेना के आधिकारिक बयान में कहा गया कि 21 फरवरी को गुरुग्राम में रिटायर्ड आर्मी अधिकारी के साथ हुई रोड रेज घटना की जानकारी सेना को है। अधिकारी एक पारिवारिक मेडिकल इमरजेंसी के बाद मेदांता अस्पताल से लौट रहे थे, जब एक मामूली ट्रैफिक घटना के बाद उन पर हमला किया गया।

सेना ने बताया कि अधिकारी को चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। स्थानीय सैन्य अधिकारियों ने पुलिस से संपर्क कर मामले में समन्वय सुनिश्चित किया। एफआईआर दर्ज हो चुकी है और पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामला अभी जांच के तहत है।

वेटरन्स की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने एनसीआर में बढ़ते रोड रेज के मामलों पर चिंता जताई है। कर्नल यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अगर उनकी जगह कोई युवती होती तो क्या होता। उन्होंने कहा, “मैं सैनिक हूं, झेल गया, लेकिन सड़क पर ऐसे लोग हों तो कोई भी सुरक्षित नहीं।”

पूर्व सेना अधिकारी कर्नल रोहित देव ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि जो सैनिक देश की रक्षा करता है, वह रिटायर होने के बाद भी अगर अपनी ही सड़कों पर सुरक्षित नहीं है, तो यह बेहद चिंताजनक बात है। उन्होंने कर्नल अनिल यादव पर हुए हमले को शर्मनाक बताया और कहा कि पुलिस की शुरुआती लापरवाही और युवाओं में बढ़ती हिंसा पर गंभीरता से सोचने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने वेटरन्स एसोसिएशन से भी इस मुद्दे पर आवाज उठाने की अपील की।

सेना मेडल विजेता ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) दनवीर सिंह ने भी इस घटना को समाज के लिए एक बड़ा सवाल बताया। उन्होंने कहा कि सेना के लोग सीमा पर दुश्मनों से लड़ते हैं, लेकिन अगर घर लौटकर अपनी ही सड़कों पर सुरक्षित न रहें, तो यह समाज की नैतिक गिरावट को दिखाता है। उन्होंने माना कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर अच्छा काम किया है, लेकिन सिस्टम में सुधार की जरूरत अब भी बनी हुई है।

वहीं, राष्ट्रीय वेटरन्स वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े कर्नल एसके सिंह ने इस घटना को सिर्फ एक मामला नहीं, बल्कि वेटरन्स के प्रति बढ़ते अपमान का संकेत बताया। उनका कहना है कि सैनिक देश के लिए अपना खून-पसीना बहाते हैं, लेकिन नागरिक जीवन में उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल रही। उन्होंने गुरुग्राम पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि एनसीआर में रोड रेज के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिसे रोकने के लिए सरकार को वेटरन्स के लिए एक विशेष सुरक्षा नीति बनाने पर विचार करना चाहिए।

वहीं, मेजर जनरल (रिटायर्ड) वी.के. शर्मा ने भी इस घटना को पूरे वेटरन समुदाय के लिए झकझोर देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि सैनिक भले ही रिटायर हो जाए, लेकिन उसकी सेवा और पहचान कभी खत्म नहीं होती। ऐसे में कर्नल अनिल यादव पर हमला बेहद गंभीर है। उन्होंने खास तौर पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि अगर हालात ऐसे ही रहे, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होंगे। उन्होंने सेना के आधिकारिक बयान की सराहना की, लेकिन यह भी कहा कि अब जरूरी है कि दोषियों को जल्दी और सख्त सजा मिले, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

महाजन रेंज में सेना की सबसे बड़ी हाई-इंटेंसिटी कॉम्बैट एक्सरसाइज, ड्रोन, टैंक और अपाचे दिखे एक साथ

Khadga Shakti 2026

Khadga Shakti 2026: राजस्थान के बीकानेर में स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय थलसेना का बड़ा सैन्य अभ्यास ‘खड़ग शक्ति 2026’ चल रहा है। इसे पश्चिमी कमान का अब तक का सबसे बड़ा हाई-इंटेंसिटी कॉम्बैट अभ्यास माना जा रहा है। खास बात यह है कि यह अभ्यास ऐसे समय में हो रहा है जब सेना हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर के अनुभवों को जमीन पर उतार रही है।

इस अभ्यास का मकसद सिर्फ ताकत दिखाना नहीं, बल्कि यह साबित करना है कि भारत अब मॉडर्न वारफेयर यानी आधुनिक युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार है, जहां लड़ाई सिर्फ जमीन पर नहीं, बल्कि हवा, साइबर और इलेक्ट्रॉनिक स्पेस में भी लड़ी जाती है। (Khadga Shakti 2026)

Khadga Shakti 2026: “साइलेंट प्रिसिजन” पर सेना का फोकस

पहले जंग का मतलब बड़ी संख्या में सैनिकों का जमावड़ा और लंबी लड़ाई होती थी। लेकिन अब समय बदल चुका है। आज का युद्ध तेज, सटीक और टेक्नोलॉजी आधारित हो गया है। खड़ग शक्ति अभ्यास इसी नई सोच को दर्शाता है।

भारतीय सेना अब “मास मोबिलाइजेशन” यानी बड़ी संख्या में सेना जुटाने के बजाय “साइलेंट प्रिसिजन” पर ध्यान दे रही है। इसका मतलब है कम संसाधनों में ज्यादा असर, और तेजी से लक्ष्य हासिल करना है। (Khadga Shakti 2026)

Khadga Shakti 2026

नेटवर्क-सेंट्रिक वारफेयर पर फोकस

इस अभ्यास में सेना के जवानों के साथ-साथ कई तरह के हेलीकॉप्टर भी इस अभ्यास का हिस्सा बने। चेतक हेलीकॉप्टर, एमआई-17, अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर और एएलएच रुद्र ने मिलकर ऑपरेशन किया। इन हेलीकॉप्टरों ने जमीन पर मौजूद सैनिकों को सपोर्ट दिया, टारगेट की पहचान की और जरूरत पड़ने पर हमला भी किया।

यह पूरा ऑपरेशन दिखाता है कि अब युद्ध में हर यूनिट अलग-अलग नहीं, बल्कि एक नेटवर्क की तरह काम करती है। इसे ही नेटवर्क-सेंट्रिक वारफेयर कहा जाता है। (Khadga Shakti 2026)

ड्रोन टेक्नोलॉजी को खास जगह

खड़ग शक्ति 2026 में ड्रोन टेक्नोलॉजी को खास जगह दी गई है। आज के समय में ड्रोन युद्ध का सबसे बड़ा हथियार बनते जा रहे हैं, और भारतीय सेना इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

अभ्यास में लॉजिस्टिक ड्रोन ने करीब 200 किलो तक वजन उठाकर दिखाया कि भविष्य में सप्लाई सिस्टम कैसे बदलेगा। अब गोलाबारूद, दवाइयां और जरूरी सामान सीधे ड्रोन के जरिए युद्ध क्षेत्र तक पहुंचाया जा सकता है। (Khadga Shakti 2026)

इसके अलावा स्वान ड्रोन, खड्गा ड्रोन और स्वदेशी ‘ऐरावत’ ड्रोन का भी प्रदर्शन किया गया। ये ड्रोन दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने, टारगेट पहचानने और जरूरत पड़ने पर हमला करने में सक्षम हैं।

सिर्फ हमला ही नहीं, बल्कि सेना ने ड्रोन हमलों से बचने की तैयारी भी दिखाई। जवानों को काउंटर-यूएवी यानी ड्रोन से बचाव की ट्रेनिंग दी गई, जो आने वाले समय में बेहद जरूरी मानी जा रही है। (Khadga Shakti 2026)

चक्रव्यूह और मल्टी-लेयर डिफेंस पर फोकस

इस अभ्यास में सेना ने “चक्रव्यूह” जैसी रणनीति का भी अभ्यास किया। इसका मतलब है कि दुश्मन को चारों तरफ से घेरकर उस पर दबाव बनाना।

साथ ही मल्टी-लेयर डिफेंस सिस्टम पर भी काम किया गया। यानी अगर दुश्मन ड्रोन या मिसाइल से हमला करे, तो उसे अलग-अलग लेयर में रोकने की व्यवस्था हो।

जवानों को यह सिखाया गया कि कैसे ड्रोन हमलों का सामना करना है, कैसे तेजी से जवाब देना है और कैसे दुश्मन को नुकसान पहुंचाना है। (Khadga Shakti 2026)

Khadga Shakti 2026

अभ्यास में गरजे टैंक, मिसाइल  

महाजन फायरिंग रेंज में टैंक, मिसाइल और भारी तोपों का भी जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। बख्तरबंद और यंत्रीकृत यूनिट्स ने मिलकर फायर और मूवमेंट का अभ्यास किया।

टी-72 टैंक, बीएमपी फाइटिंग व्हीकल्स और रॉकेट लॉन्चर जैसे सिस्टम्स का इस्तेमाल कर यह दिखाया गया कि भारतीय सेना किसी भी हालात में जवाब देने के लिए तैयार है। (Khadga Shakti 2026)

रात में भी युद्ध के लिए तैयार

इस अभ्यास का एक बड़ा हिस्सा रात में होने वाले ऑपरेशन्स पर भी केंद्रित है। अगले चरण में नाइट आर्टिलरी फायरिंग, रॉकेट लॉन्च और टैंक ऑपरेशंस किए जाएंगे।

इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सेना 24 घंटे, किसी भी समय युद्ध के लिए तैयार रहे। क्योंकि आधुनिक युद्ध में दुश्मन कभी भी हमला कर सकता है। (Khadga Shakti 2026)

ऑपरेशन सिंदूर से मिली सीख

मई 2025 में हुए ऑपरेशन सिंदूर ने भारतीय सेना को कई अहम सबक दिए। इसमें देखा गया कि रियल टाइम इंटेलिजेंस, लंबी दूरी की प्रिसिजन स्ट्राइक और नेटवर्क आधारित ऑपरेशन कितने प्रभावी होते हैं।

इस ऑपरेशन ने यह भी दिखाया कि बिना ज्यादा सैनिकों की मूवमेंट के भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

खड़ग शक्ति 2026 उसी अनुभव को आगे बढ़ाने का प्रयास है। अब सेना तकनीक, जानकारी और तेजी से फैसले लेने की क्षमता पर ज्यादा ध्यान दे रही है। (Khadga Shakti 2026)

तेजस MK1 ‘क्रैश’ को लेकर HAL का बड़ा बयान, बताया मामूली तकनीकी गड़बड़ी

Tejas MK1 crash news

Tejas MK1 crash news: हाल ही में कथित एलसीए तेजस एमके1 फाइटर जेट के क्रेश को लेकर हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने कहा है कि तेजस का कोई क्रैश नहीं हुआ है। यह सिर्फ जमीन पर हुई एक मामूली तकनीकी समस्या थी, जिसे जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। कंपनी का कहना है कि ने कहा कि यह घटना उड़ान के दौरान नहीं, बल्कि जमीन पर हुई थी। यानी विमान हवा में नहीं गिरा, बल्कि ग्राउंड पर एक छोटी तकनीकी गड़बड़ी आई थी। (Tejas MK1 crash news)

Tejas MK1 crash news: क्या था पूरा मामला?

दरअसल, पिछले कुछ दिनों में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि इस साल फरवरी की शुरुआत में एक तेजस विमान रूटीन ट्रेनिंग सॉर्टी के बाद लैंडिंग रोल-आउट के दौरान संदिग्ध ब्रेक फेलियर का शिकार हो गया। विमान रनवे ओवरशूट कर डिच में चला गया। एयरफ्रेम को मेजर स्ट्रक्चरल डैमेज पहुंचा। हालांकि पायलेट ने सुरक्षित रूप से ईजेक्ट कर लिया और कोई गंभीर चोट नहीं आई।

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि ब्रेक फेल होने की वजह से विमान कंट्रोल से बाहर हो गया। हालांकि इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। फिर भी खबरें इतनी तेजी से फैलीं कि सोशल मीडिया और निवेशकों तक में चिंता दिखने लगी।

अब एचएएल ने इन सभी दावों को गलत बताते हुए कहा है कि यह घटना सिर्फ एक “माइनर टेक्निकल इंसिडेंट ऑन ग्राउंड” थी। यानी कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई थी। (Tejas MK1 crash news)

एचएएल ने क्या कहा अपने आधिकारिक बयान में

एचएएल ने अपने बयान में साफ कहा कि तेजस का कोई क्रैश नहीं हुआ है। कंपनी के अनुसार यह एक सामान्य तकनीकी समस्या थी, जो ग्राउंड पर हुई और इसे स्टैंडर्ड प्रक्रिया के तहत जांचा जा रहा है।

कंपनी ने यह भी बताया कि एलसीए तेजस दुनिया के आधुनिक फाइटर विमानों में सबसे बेहतर सेफ्टी रिकॉर्ड रखने वाले विमानों में शामिल है। इसका मतलब यह है कि तेजस अब तक काफी सुरक्षित और भरोसेमंद प्लेटफॉर्म साबित हुआ है।

एचएएल ने यह भी कहा कि भारतीय वायुसेना के साथ मिलकर इस घटना की पूरी जांच की जा रही है और जल्द ही इसका समाधान निकाल लिया जाएगा। (Tejas MK1 crash news)

तेजस का सेफ्टी रिकॉर्ड कितना मजबूत है

तेजस भारत का पहला स्वदेशी लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है। इसे कई सालों की रिसर्च और डेवलपमेंट के बाद तैयार किया गया है। अब तक यह हजारों घंटों की उड़ान पूरी कर चुका है।

अगर दुनिया के अन्य फाइटर जेट्स से तुलना करें, तो तेजस का सेफ्टी रिकॉर्ड काफी मजबूत माना जाता है। शुरुआती दौर में लगभग हर फाइटर जेट प्रोग्राम में तकनीकी दिक्कतें आती हैं। अमेरिका का एफ-16, फ्रांस का राफेल या स्वीडन का ग्रिपेन, सभी के साथ शुरुआती सालों में कई घटनाएं हुई थीं।

ऐसे में तेजस के साथ अगर कोई छोटी तकनीकी समस्या सामने आती है, तो उसे सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा माना जाता है। (Tejas MK1 crash news)

हालांकि रिपोर्ट्स के दावों के मुताबिक यह तेजस के साथ तीसरा हादसा है। मार्च 2024 में जैसलमेर के पास ट्रेनिंग के दौरान तेजस विमान का एक हादसा हुआ था, हालांकि राहत की बात यह रही कि पायलट पूरी तरह सुरक्षित रहा। इसके बाद नवंबर 2025 में दुबई एयरशो के दौरान एक और दुर्घटना हुई, जहां डिस्प्ले के समय विमान क्रैश हो गया। उस घटना में कंट्रोल लॉस या ज्यादा जी-फोर्स की वजह से ब्लैकआउट की आशंका जताई गई थी और इस हादसे में पायलट शहीद हो गया था। (Tejas MK1 crash news)

वायुसेना और एचएएल कैसे कर रहे हैं जांच

हर फाइटर जेट में किसी भी तरह की तकनीकी समस्या आने पर एक तय प्रक्रिया होती है। इसे “स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर” कहा जाता है। इसके तहत पूरे सिस्टम की जांच की जाती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई बड़ी समस्या तो नहीं है।

एचएएल और भारतीय वायुसेना मिलकर इस घटना की जांच कर रहे हैं। इसमें विमान के सिस्टम, ब्रेकिंग मैकेनिज्म, कंट्रोल सिस्टम और अन्य तकनीकी पहलुओं को देखा जा रहा है। ताकि भविष्य में ऐसी कोई भी समस्या दोबारा न आए और विमान पूरी तरह सुरक्षित तरीके से ऑपरेशन करता रहे। (Tejas MK1 crash news)

तेजस प्रोग्राम क्यों है इतना महत्वपूर्ण

तेजस सिर्फ एक फाइटर जेट नहीं है, बल्कि यह भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता का बड़ा प्रतीक है। यह प्रोग्राम “आत्मनिर्भर भारत” मिशन का अहम हिस्सा है।

भारतीय वायुसेना के पास फिलहाल 30 से ज्यादा तेजस एमके1 विमान हैं, जो अलग-अलग स्क्वाड्रन में सेवा दे रहे हैं। आने वाले समय में तेजस एमके1ए और एमके2 जैसे एडवांस्ड वर्जन भी शामिल होने वाले हैं।

भारत ने तेजस एमके1ए के लिए 180 विमानों का बड़ा ऑर्डर दिया है। ऐसे में इस प्रोग्राम का सफल होना देश की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। (Tejas MK1 crash news)

शेयर बाजार पर भी पड़ा असर

इस घटना का असर सिर्फ रक्षा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा। शेयर बाजार में भी इसका असर देखने को मिला। मीडिया में खबरें सामने आने के बाद एचएएल के शेयरों पर तुरंत असर दिखा और दिन की शुरुआत में इसमें करीब 4 से 5 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। ट्रेडिंग के दौरान शेयर का इंट्राडे लो करीब 3,976 रुपये तक चला गया। बाद में हल्की रिकवरी जरूर देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद शेयर 4,024 से 4,031 रुपये के दायरे में ही ट्रेड करता रहा। कुल मिलाकर लगभग 3.5 से 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इस उतार-चढ़ाव का असर कंपनी के मार्केट कैप पर भी पड़ा, जो घटकर करीब 2.68 लाख करोड़ रुपये के आसपास आ गया।

हालांकि एचएएल के स्पष्टीकरण के बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट ज्यादा प्रतिक्रिया (ओवर रिएक्शन) का परिणाम थी। (Tejas MK1 crash news)

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी नए या आधुनिक फाइटर जेट में छोटे-मोटे तकनीकी मुद्दे आना सामान्य बात है। असली बात यह होती है कि उन्हें कितनी तेजी से पहचाना और ठीक किया जाता है।

तेजस के मामले में अच्छी बात यह है कि एचएएल और भारतीय वायुसेना दोनों मिलकर तुरंत कार्रवाई कर रहे हैं। इससे यह साफ होता है कि सिस्टम मजबूत है और सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जा रहा। (Tejas MK1 crash news)

भारतीय नौसेना को मिलेगा ‘डॉल्फिन हंटर’, 27 फरवरी को होगा कमीशन, दुश्मन पनडुब्बियों का करेगा शिकार

INS Anjadip Warship
INS Anjadip Warship

INS Anjadip Warship: भारतीय नौसेना अपनी ताकत को और मजबूत करने जा रही है। 27 फरवरी को चेन्नई पोर्ट पर एक खास समारोह में ‘अंजदीप’ वॉरशिप को भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा। यह जहाज खास तौर पर दुश्मन की पनडुब्बियों यानी सबमरीन से निपटने के लिए बनाया गया है। इस जहाज के शामिल होने से भारत की समुद्री सुरक्षा, खासकर तटीय इलाकों में और ज्यादा मजबूत हो जाएगी।

INS Anjadip Warship: क्या है ‘अंजदीप’ और क्यों है खास

अंजदीप’ कोई सामान्य युद्धपोत नहीं है। यह एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट यानी ASW-SWC प्रोजेक्ट का हिस्सा है। आसान भाषा में समझें तो यह ऐसा जहाज है, जिसे खास तौर पर समुद्र के किनारे और उथले पानी में छिपी दुश्मन की पनडुब्बियों को खोजने और खत्म करने के लिए तैयार किया गया है।

आज के समय में समुद्री युद्ध का बड़ा हिस्सा पानी के नीचे होता है। दुश्मन की सबमरीन चुपचाप आकर हमला कर सकती हैं। ऐसे में ‘अंजदीप’ जैसे जहाज बेहद जरूरी हो जाते हैं, जो इन छिपे खतरों को समय रहते पकड़ सकते हैं। (INS Anjadip Warship)

नाम क्यों है खास

इस जहाज का नाम कर्नाटक के कारवार तट के पास स्थित अंजदीप द्वीप के नाम पर रखा गया है। यह नाम भारतीय नौसेना के इतिहास से भी जुड़ा हुआ है, क्योंकि पहले भी आईएनएस अंजदीप नाम का एक जहाज था, जो पेट्या क्लास कोरवेट था और साल 2003 में सेवा से हटा दिया गया था। अब नया अंजदीप उसी नाम और परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नौसेना में शामिल हो रहा है। (INS Anjadip Warship)

क्यों कहा जाता है ‘डॉल्फिन हंटर’

इस जहाज को नौसेना में ‘डॉल्फिन हंटर’ भी कहा जाता है। इसका मतलब यह नहीं कि यह असली डॉल्फिन का शिकार करता है, बल्कि यह पानी के अंदर तेजी से चलने वाली पनडुब्बियों को खोजने में माहिर है।

यह जहाज दुश्मन की सबमरीन को तीन स्टेप में पकड़ता है, पहले उसे ढूंढता है, फिर उसकी मूवमेंट को ट्रैक करता है और आखिर में उसे खत्म करने की क्षमता रखता है। (INS Anjadip Warship)

पूरी तरह से है स्वदेशी

अंजदीप’ को ‘आत्मनिर्भर भारत’ मिशन के तहत कोलकाता की गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) ने बनाया है। इसमें ज्यादातर सिस्टम और उपकरण भारत में ही विकसित किए गए हैं।

जो दिखाता है कि अब भारत सिर्फ हथियार खरीदने वाला देश नहीं रहा, बल्कि खुद डिजाइन और निर्माण करने की क्षमता हासिल कर चुका है। (INS Anjadip Warship)

जहाज की क्या हैं खूबियां

यह जहाज करीब 77 मीटर लंबा है और इसका डिजाइन खास तौर पर तटीय इलाकों के लिए बनाया गया है। इसमें हाई-स्पीड वॉटर-जेट प्रोपल्शन सिस्टम लगा है, जिससे यह तेज रफ्तार से चल सकता है और जरूरत पड़ने पर तुरंत प्रतिक्रिया दे सकता है। भारतीय नौसेना का सबसे बड़ा वॉटर-जेट प्रोपेल्ड वारशिप है।

इसकी अधिकतम रफ्तार करीब 25 नॉट्स है, जो इसे तेजी से ऑपरेशन करने में सक्षम बनाती है। यह लंबे समय तक समुद्र में रहकर लगातार निगरानी और ऑपरेशन कर सकता है। वहीं अंजदीप का एंड्यूरेंस 1800 नॉटिकल माइल्स तक है। (INS Anjadip Warship)

कौन-कौन से हथियार और सिस्टम लगे हैं

‘अंजदीप’ में आधुनिक और स्वदेशी हथियारों का मजबूत पैकेज लगाया गया है। इसमें ‘अभय’ नाम का हल माउंटेड सोनार लगा है, जो पानी के अंदर छिपी सबमरीन का पता लगाने में मदद करता है।

इसके अलावा इसमें लाइटवेट टॉरपीडो और एंटी-सबमरीन रॉकेट्स लगे हैं, जो दुश्मन की पनडुब्बी को निशाना बना सकते हैं। यह जहाज सिर्फ हमला ही नहीं करता, बल्कि निगरानी और बचाव कार्यों में भी काम आता है। (INS Anjadip Warship)

इस जहाज में एडवांस्ड कम्युनिकेशन सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे यह दूसरे जहाजों और कंट्रोल सेंटर से लगातार संपर्क में रह सकता है। यह तटीय इलाकों की निगरानी यानी कोस्टल सर्विलांस करने में सक्षम है, साथ ही कम तीव्रता वाले समुद्री ऑपरेशन्स (LIMO), सर्च एंड रेस्क्यू (SAR) मिशन और जरूरत पड़ने पर समुद्र में माइन बिछाने जैसे काम भी कर सकता है।

यह जहाज खास तौर पर तटीय और उथले पानी वाले क्षेत्रों, यानी लिटोरल कॉम्बैट एनवायरनमेंट में काम करने के लिए डिजाइन किया गया है। ऐसे इलाकों में बड़े युद्धपोतों की तुलना में यह ज्यादा फुर्तीला और प्रभावी साबित होता है, जिससे दुश्मन की पनडुब्बियों पर नजर रखना और उन्हें रोकना आसान हो जाता है। (INS Anjadip Warship)

सिर्फ युद्ध नहीं, कई और काम भी करेगा

यह जहाज सिर्फ लड़ाई के लिए ही नहीं बनाया गया है। यह कोस्टल सर्विलांस यानी तटीय निगरानी, लो इंटेंसिटी मैरिटाइम ऑपरेशन और सर्च एंड रेस्क्यू जैसे काम भी कर सकता है।

अगर समुद्र में कोई दुर्घटना होती है या किसी जहाज को मदद की जरूरत होती है, तो यह जहाज तेजी से वहां पहुंच सकता है।

वहीं, आज के समय में जब भारत के आसपास के समुद्री इलाके काफी संवेदनशील हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में भारत को अपनी अंडरवॉटर सुरक्षा मजबूत करनी जरूरी है। ‘अंजदीप’ जैसे जहाज इस दिशा में बड़ा कदम हैं, जो तटीय इलाकों में सुरक्षा की पहली लाइन बनते हैं। (INS Anjadip Warship)

पूर्वी तट की सुरक्षा होगी मजबूत

अंजदीप को भारतीय नौसेना की पूर्वी नौसेना कमांड में तैनात किया जाएगा। इस समारोह की अध्यक्षता नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी करेंगे। यह जहाज ईस्टर्न नेवल कमांड के तहत काम करेगा, जो भारत के पूर्वी समुद्री इलाके की सुरक्षा संभालती है। इस जहाज के शामिल होने से तमिलनाडु, पुडुचेरी और बंगाल की खाड़ी के आसपास के इलाके की सुरक्षा और मजबूत होगी। यह जहाज खास तौर पर उन क्षेत्रों में काम करेगा जहां दुश्मन की गतिविधियों का खतरा ज्यादा रहता है। (INS Anjadip Warship)

बनाए जाने हैं कुल 16 जहाज

एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट (ASW-SWC) प्रोजेक्ट के तहत कुल 16 जहाज बनाए जा रहे हैं। इनमें से 8 जहाज गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) बना रहा है, जो अर्णाला क्लास के हैं और इन्हें ईस्टर्न फ्लीट के लिए तैनात किया जाएगा। वहीं बाकी 8 जहाज कोचीन शिपयार्ड द्वारा बनाए जा रहे हैं, जो माहे क्लास के हैं और वेस्टर्न फ्लीट की ताकत बढ़ाएंगे।

इस प्रोजेक्ट के तहत गार्डन रीच पहले ही दो जहाज आईएनएस अर्णाला (जनवरी 2025) और आईएनएस अंद्रोथ को नौसेना में शामिल कर चुका है। इसी क्रम में अंजदीप को पिछले साल 22 दिसंबर को चेन्नई में भारतीय नौसेना को सौंपा गया था, जिसे अब औपचारिक रूप से कमीशन किया जा रहा है। (INS Anjadip Warship)

खास बात यह है कि साल 2026 भारतीय नौसेना के लिए बेहद अहम रहने वाला है, क्योंकि इस साल कुल 19 युद्धपोत नौसेना में शामिल किए जाने की योजना है। यह भारतीय नौसेना के इतिहास में एक साल में होने वाला सबसे बड़ा फ्लीट विस्तार माना जा रहा है।

इन नए जहाजों के शामिल होने के साथ ही पुराने अभय क्लास कोरवेट्स को धीरे-धीरे सेवा से हटाया जाएगा, जिससे नौसेना को अधिक आधुनिक और सक्षम प्लेटफॉर्म मिल सकेंगे। (INS Anjadip Warship)

डुरंड लाइन बनी ‘डेथ जोन’, पाकिस्तान की कार्रवाई पर उठे सवाल, 48 घंटे में 26 आम पश्तूनों को बनाया निशाना

Durand Line Pashtun deaths

Durand Line Pashtun deaths: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। 21 फरवरी की रात को पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की, और इसके बाद जो हुआ उसने हालात को और ज्यादा गंभीर बना दिया। अब स्थिति ऐसी है कि दोनों देशों में आम लोग डर और गुस्से के माहौल में जी रहे हैं। सबसे चिंता की बात यह है कि इन घटनाओं में मरने वाले ज्यादातर लोग आम नागरिक हैं, जिनका आतंकवाद से कोई सीधा संबंध नहीं है।

ताजा अपडेट के मुताबिक, इन घटनाओं में 48 घंटे के भीतर 26 पश्तूनों की जान चली गई है। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। (Durand Line Pashtun deaths)

Durand Line Pashtun deaths: अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक: निशाने पर आतंकी या आम लोग?

20 और 21 फरवरी की दरम्यानी रात पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में एयरस्ट्राइक की। पाकिस्तान का दावा है कि यह हमला तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी के ठिकानों पर किया गया था। सरकार के मुताबिक यह एक इंटेलिजेंस-बेस्ड ऑपरेशन था, जिसका मकसद आतंकी नेटवर्क को खत्म करना था।

लेकिन जमीन पर जो तस्वीर सामने आई, उसने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए। स्थानीय प्रशासन और गांव वालों के अनुसार, हमला एक रिहायशी इलाके पर हुआ। बेसुद जिले के एक घर को निशाना बनाया गया, जहां आम लोग रह रहे थे। इस हमले में 17 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 11 बच्चे और कई महिलाएं शामिल थीं।

घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में टूटे हुए घर, बिखरा हुआ सामान और मलबे में दबे लोगों के शव दिखे। गांव वालों का कहना है कि वहां कोई आतंकी मौजूद नहीं था। यह सिर्फ एक परिवार का घर था, जो अचानक हमले की चपेट में आ गया।

तालिबान सरकार ने इस हमले को अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया और पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है। (Durand Line Pashtun deaths)

तिराह वैली में दूसरा झटका: मोर्टार से मौत और फिर गोलीबारी

एयरस्ट्राइक के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि पाकिस्तान के खैबर जिले की तिराह वैली में एक और दुखद घटना सामने आई। यहां एक सिविलियन वाहन पर मोर्टार गिरा। यह घटना उस समय हुई जब लोग इफ्तार की तैयारी कर रहे थे।

इस हमले में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें 2 बच्चे भी शामिल थे। यह घटना पूरे इलाके में गुस्से की वजह बन गई। स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और पास के मिलिट्री पोस्ट के सामने विरोध करने लगे।

लोगों की मांग थी कि उन्हें बताया जाए कि आम नागरिकों को क्यों निशाना बनाया गया।

लेकिन हालात उस समय और बिगड़ गए जब प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोली चला दी गई। स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फायरिंग में 4 और लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

यह घटना लोगों के गुस्से को और बढ़ाने वाली साबित हुई। अब सवाल सिर्फ सुरक्षा का नहीं, बल्कि इंसाफ का भी बन गया है। (Durand Line Pashtun deaths)

48 घंटे, दो देश और एक ही समुदाय

इन दोनों घटनाओं को साथ जोड़कर देखें तो तस्वीर और भी गंभीर नजर आती है। सिर्फ 48 घंटे के भीतर 26 लोगों की जान चली गई। अफगानिस्तान में 17, पाकिस्तान में पहले 5 और फिर फायरिंग में 4 लोगों की मौत हुई।

सबसे अहम बात यह है कि मरने वाले सभी लोग पश्तूनी समुदाय से थे। यानी डुरंड लाइन के दोनों तरफ एक ही जातीय समूह के लोग इस हिंसा का शिकार बने। (Durand Line Pashtun deaths)

क्या यह सिर्फ ‘काउंटर टेरर ऑपरेशन’ है?

पाकिस्तान लगातार यह कह रहा है कि उसकी कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ है। टीटीपी लंबे समय से पाकिस्तान के लिए एक बड़ा खतरा बना हुआ है और कई हमलों में उसका नाम सामने आता रहा है।

लेकिन जमीनी सच्चाई अलग तस्वीर दिखा रही है। बार-बार आम नागरिकों की मौत से यह सवाल उठ रहा है कि क्या इन ऑपरेशंस में सावधानी बरती जा रही है या नहीं।

पिछले एक साल के आंकड़े देखें, तो तस्वीर और साफ होती है। जनवरी 2025 से अब तक पाकिस्तान के अंदर 160 से ज्यादा पश्तून नागरिक मारे जा चुके हैं। वहीं अफगानिस्तान में पाकिस्तान की कार्रवाई में 80 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।

इनमें बड़ी संख्या महिलाओं और बच्चों की है, जो किसी भी तरह से लड़ाई का हिस्सा नहीं थे। (Durand Line Pashtun deaths)

पश्तून इलाकों में ही क्यों हो रही हैं ज्यादा घटनाएं?

विशेषज्ञों का कहना है कि यह संयोग नहीं हो सकता कि ज्यादातर घटनाएं उन्हीं इलाकों में हो रही हैं जहां पश्तून आबादी ज्यादा है। चाहे वह अफगानिस्तान का सीमावर्ती इलाका हो या पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा।

यह सच है कि टीटीपी भी इन इलाकों में सक्रिय है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पूरे इलाके को ही शक की नजर से देखा जाए।

धीरे-धीरे यह आरोप भी सामने आ रहे हैं कि सुरक्षा के नाम पर पूरे समुदाय को दबाव में रखा जा रहा है। गांवों को ऑपरेशन जोन बना दिया जाता है, घरों को नुकसान पहुंचता है और आम लोग बीच में फंस जाते हैं। (Durand Line Pashtun deaths)

विरोध पर गोली: हालात कितने गंभीर?

तिराह वैली की घटना ने हालात की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। जब लोग अपने मारे गए परिजनों के लिए इंसाफ मांगने निकले, तो उन्हें भी गोली का सामना करना पड़ा। यह हालात बताते हैं कि अब सिर्फ सैन्य कार्रवाई ही नहीं, बल्कि विरोध को भी खतरे के तौर पर देखा जा रहा है। जब किसी इलाके में आम नागरिकों की आवाज को दबाया जाने लगे, तो यह सिर्फ सुरक्षा का मामला नहीं रह जाता, बल्कि एक बड़ा सामाजिक और राजनीतिक मुद्दा बन जाता है। (Durand Line Pashtun deaths)

पूरी दुनिया की है नजर

इस पूरे घटनाक्रम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर रखी जा रही है। भारत ने नागरिकों की मौत खासकर महिलाओं और बच्चों के नुकसान को लेकर चिंता जताई है। अफगानिस्तान ने इसे सीधा-सीधा अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया है और पाकिस्तान से जवाब मांगा है। इससे साफ है कि यह मामला अब सिर्फ दो देशों के बीच का नहीं रह गया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय बन चुका है। (Durand Line Pashtun deaths)