📍इम्फाल/कोहिमा | 5 Nov, 2025, 4:34 PM
Operation Khanpi: मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के खानपी-हेंगलेप क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कार्रवाई में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के चार सशस्त्र कैडरों को मार गिराया। यह कार्रवाई 4 नवंबर की सुबह खुफिया जानकारी के आधार पर चलाई गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, यूकेएनए हाल के दिनों में हिंसा और जबरन वसूली की कई घटनाओं में शामिल रहा है। संगठन ने हेंगलेप इलाके में एक ग्राम प्रधान की हत्या की थी और स्थानीय लोगों, स्कूलों व वित्तीय संस्थानों से 5 से 50 लाख रुपये तक की वसूली की कोशिश की थी। यूकेएनए उन कुकी और जोमी गुटों में शामिल नहीं है जो केंद्र और राज्य सरकार के साथ शांति समझौते में हैं।
सेना और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे सशस्त्र उग्रवादियों की गतिविधि का पता लगाया और उन्हें आत्मसमर्पण के लिए कहा। लेकिन जवाब में यूकेएनए के कैडरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें सुरक्षा बलों के तीन जवान घायल हुए। जवाबी कार्रवाई में चार उग्रवादी मारे गए।
सुरक्षा बलों ने मौके से एक 7.62 मिमी सेल्फ-लोडिंग राइफल, एक एके-56, एक एमए4 एमके-II राइफल, एक अंडर-बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, गोला-बारूद और अन्य हथियार बरामद किए। तलाशी अभियान के दौरान असम राइफल्स की एक टुकड़ी ने यूकेएनए का एक अस्थाई कैंप भी नष्ट किया, जहां से बुलेटप्रूफ जैकेट, कम्यूनिकेशन इक्विपमेंट और काफी संख्या में हथियार भी बरामद हुए।

