📍नई दिल्लीी | 24 Mar, 2026, 9:30 PM
Half Marathon Mission: भारतीय सेना के अधिकारी मेजर ए शरद नायडू इन दिनों अपने अनोखे मिशन को लेकर चर्चा में हैं। गोरखा राइफल्स से जुड़े मेजर नायडू ने 39 साल की उम्र में सेना जॉइन की थी। इससे पहले वह एक सफल कॉर्पोरेट करियर में थे और उनके पास 12 साल से ज्यादा का प्रोफेशनल अनुभव था।
मेकैनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने मार्केटिंग और ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट में एमबीए भी किया। इसके बावजूद उन्होंने अपनी स्थिर नौकरी छोड़कर देश सेवा का रास्ता चुना।
Half Marathon Mission: 2022 में शुरू हुआ खास मिशन
107 इन्फैंट्री बटालियन, टेरिटोरियल आर्मी, 11 गोरखा राइफल्स से जुड़े मेजर नायडू ने साल 2022 में एक अनोखा लक्ष्य तय किया। उन्होंने फैसला किया कि वह 50 साल की उम्र से पहले भारत के हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में एक-एक हाफ मैराथन पूरा करेंगे।
इस मिशन की शुरुआत मिजोरम के वैरेंगटे से हुई। उस समय वह एक आर्मी कोर्स के दौरान व्यक्तिगत चुनौती का सामना कर रहे थे। उसी दिन उन्होंने हार मानने के बजाय खुद ही एक सोलो मैराथन पूरी की। यही पल उनके लिए एक बड़े मिशन की शुरुआत बन गया।
देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दौड़ पूरी
मेजर नायडू अब तक 46 हाफ मैराथन पूरी कर चुके हैं। उन्होंने देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह दौड़ पूरी की है। पिछले एक साल में ही उन्होंने उत्तर, पूर्वोत्तर, पश्चिम और दक्षिण भारत में 14 हाफ मैराथन पूरी की हैं।
वहीं, उनका यह मिशन केवल दौड़ पूरी करने तक ही सीमित नहीं है। बल्कि वह हर राज्य में जाकर वहां के लोगों, संस्कृति और जीवन को करीब से समझने की कोशिश करते हैं।
मेडल नहीं, देश को समझना है मकसद
मेजर नायडू के मुताबिक यह मिशन किसी रिकॉर्ड या मेडल के लिए नहीं है। उनका उद्देश्य भारत की विविधता को अनुभव करना और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को जीना है।
हर दौड़ उनके लिए एक नया अनुभव होती है, जहां वह अलग-अलग इलाकों की परिस्थितियों, मौसम और लोगों के बीच दौड़ते हैं।
अब मिशन के अंतिम चरण में पहुंचे
मेजर नायडू अब अपने मिशन के अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं। उन्होंने कुल 36 में से 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कवर कर लिया है। अभी हिमाचल प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप और लद्दाख में दौड़ पूरी करना बाकी है।
उनकी यह यात्रा लगातार जारी है और वह अपने तय लक्ष्य के अनुसार देश के हर हिस्से तक पहुंच रहे हैं।
मेजर नायडू अपनी सैन्य जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने व्यक्तिगत मिशन को भी जारी रखते हैं। ऑपरेशनल ड्यूटी और ट्रेनिंग के बीच समय निकालकर वह अलग-अलग राज्यों में जाकर हाफ मैराथन पूरी करते हैं। (Half Marathon Mission)

