📍हैदराबाद | 13 Dec, 2025, 8:39 PM
IAF Graduation Parade 2025: सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कहा कि सेना की वर्दी गर्व का विषय है, लेकिन इसके साथ विनम्रता, अनुशासन और सिद्धांतों पर अडिग रहना सबसे जरूरी है। उन्होंने नए अधिकारियों से घमंड और अज्ञान से दूर रहने तथा हर परिस्थिति में नैतिक मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया। वहीं, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने नए फ्लाइंग ऑफिसर्स से अपेक्षा जताई कि वे अनुशासन, साहस और पेशेवर ईमानदारी को अपनी पहचान बनाएं।
13 दिसंबर को हैदराबाद के दुंडीगल स्थित एयर फोर्स अकादमी में कम्बाइंड ग्रेजुएशन परेड का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर जनरल अनिल चौहान ने रिव्यूइंग ऑफिसर के रूप में परेड की समीक्षा की और 216वें कोर्स के कैडेट्स को राष्ट्रपति कमीशन प्रदान किया।
कम्बाइंड ग्रेजुएशन परेड को संबोधित करते हुए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने नए वायुसेना अधिकारियों से कहा कि सेना की वर्दी सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी लेकर आती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक अधिकारी को घमंड और अज्ञान से हमेशा दूर रहना चाहिए और हर हाल में सिद्धांतों पर अडिग रहना चाहिए।
सीडीएस ने कहा कि आज का युद्ध केवल हथियारों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह तकनीक, सूचना और सोच के स्तर पर भी लड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा फ्यूजन, मैन-अनमैनड टीमिंग, ऑटोनॉमस सिस्टम और कॉग्निटिव डोमेन ऑपरेशंस युद्ध की दिशा तय करेंगे।
🇮🇳✈️ Combined Graduation Parade at Air Force Academy, Dundigal
The Combined Graduation Parade (CGP) at AFA Dundigal, Hyderabad marked the successful commissioning of 244 Flight Cadets of the Indian Air Force, including 29 women officers. CDS General Anil Chauhan reviewed the… pic.twitter.com/xtS2ebrOTs— Raksha Samachar | रक्षा समाचार 🇮🇳 (@RakshaSamachar) December 13, 2025
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारतीय वायुसेना की उच्च पेशेवर क्षमता और तैयारी का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भविष्य की सैन्य शक्ति का आधार JAI मॉडल होगा, यानी जॉइंटनेस, आत्मनिर्भरता और इनोवेशन। सीडीएस ने नए अधिकारियों से निर्भीक होकर नेतृत्व करने और देशसेवा में पूरी निष्ठा रखने का आह्वान किया।
वहीं, चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने परेड के समापन के मौके पर नए अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वायुसेना में कमीशन पाना केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने की शुरुआत है।
एयर फोर्स चीफ ने कहा कि भारतीय वायुसेना तेजी से मॉडर्न टेक्नोलॉजी-बेस्ड फोर्स बन रही है और इसमें नए अधिकारियों की भूमिका बेहद अहम होगी। उन्होंने कहा कि आज का वायु युद्ध नेटवर्क सेंट्रिक, ड्रोन आधारित और हाई-प्रिसीजन होता जा रहा है, ऐसे में अधिकारियों को लगातार सीखते रहना होगा।
उन्होंने नए फ्लाइंग ऑफिसर्स से अपेक्षा जताई कि वे अनुशासन, साहस और पेशेवर ईमानदारी को अपनी पहचान बनाएं। एयर चीफ मार्शल ने कहा कि वायुसेना हमेशा अपने जवानों से उच्चतम मानकों की उम्मीद करती है और नए अधिकारी इस परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
परेड के दौरान एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने तीन विमानों के किरण फॉर्मेशन को उड़ाया और लीड किया और नए अधिकारियों को पहला सलाम भी दिया। समापन में सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम की रोमांचक उड़ान ने समारोह को यादगार बना दिया।
समारोह में कुल 244 फ्लाइट कैडेट्स वायुसेना अधिकारी बने, जिनमें 215 पुरुष और 29 महिला कैडेट्स शामिल थे। परेड के दौरान सीडीएस को एयर मार्शल तेजिंदर सिंह, एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, ट्रेनिंग कमांड तथा एयर मार्शल पीके वोहरा, कमांडेंट, एयर फोर्स अकादमी ने स्वागत किया। परेड में शानदार मार्च-पास्ट और जनरल सलामी दी गई।
इस मौके पर भारतीय नौसेना के छह अधिकारी, भारतीय तटरक्षक बल के आठ अधिकारी और वियतनाम समाजवादी गणराज्य के दो ट्रेनीज को सफल उड़ान प्रशिक्षण पूरा करने पर ‘विंग्स’ प्रदान किए गए। वहीं नेविगेशन ट्रेनिंग पूरी करने वाले पांच अधिकारियों को ‘ब्रेवेट्स’ दिए गए।
परेड का मुख्य आकर्षण कमीशनिंग सेरेमनी रही, जिसमें फ्लाइट कैडेट्स को फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में कमीशन दिया गया। अधिकारियों ने देश की संप्रभुता और सम्मान की रक्षा की शपथ ली। परेड के दौरान पिलाटस पीसी-7, हॉक, किरण और चेतक एयरक्राफ्ट द्वारा सटीक और तालमेल भरा फ्लाई-पास्ट किया गया। आकाश गंगा टीम और एयर वॉरियर ड्रिल टीम के प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए फ्लाइंग ब्रांच के फ्लाइंग ऑफिसर तनिष्क अग्रवाल को ओवरऑल मेरिट में प्रथम स्थान पर रहने के लिए प्रेसिडेंट्स प्लाक और नवानगर स्वॉर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। नेविगेशन स्ट्रीम में फ्लाइंग ऑफिसर सक्षम डोबरियाल और ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच में फ्लाइंग ऑफिसर नितेश कुमार को प्रेसिडेंट्स प्लाक प्रदान किया गया।



