📍नई दिल्ली | 5 May, 2026, 11:53 AM
Mahindra ATV for Indian Army: महिंद्रा डिफेंस ने अपनी पॉपुलर एसयूवी थार रॉक्स पर बेस्ड नया एटीवी व्हीकल भारतीय सुरक्षा बलों के लिए पेश किया है। महिंद्रा का नया एटीवी यानी ऑल-टेरेन व्हीकल खास तौर पर कठिन और चुनौतीपूर्ण इलाकों में काम करने के लिए तैयार किया गया है।
कंपनी के मुताबिक यह व्हीकल उन सभी हालात के लिए तैयार किया गया है जहां सामान्य गाड़ियां काम नहीं कर पातीं। पहाड़, जंगल, रेगिस्तान या सीमावर्ती इलाके हर जगह इसे इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका मकसद है कि सुरक्षा बलों को ऐसा वाहन मिले जो भरोसेमंद हो और हर स्थिति में साथ दे सके।
Mahindra ATV for Indian Army: डिजाइन में सादगी, काम में मजबूती
इस एटीवी की सबसे खास बात इसका डिजाइन है। इसमें गैरजरूरी चीजें नहीं रखी गई हैं। हर बार, हर स्ट्रक्चर और हर इंच की जगह का एक निश्चित काम है। वाहन को इस तरह तैयार किया गया है कि यह हल्का भी रहे और मजबूत भी। इसका लुक भी किसी शहर की सड़कों के लिए नहीं, बल्कि मुश्किल हालात के लिए बनाया गया है।
कठिन इलाकों में काम करने की क्षमता
यह एटीवी हर तरह के टेरेन पर चलने के लिए बनाया गया है। इसमें खास ऑफ-रोड टायर, 4×4 ड्राइव सिस्टम और मजबूत सस्पेंशन दिया गया है। चाहे ऊंचे पहाड़ी रास्ते हों, कच्चे और पथरीले इलाके हों या दलदली जमीन, यह वाहन आसानी से वहां पहुंच सकता है। इसकी ग्राउंड क्लियरेंस ज्यादा है, जिससे नीचे की तरफ से नुकसान का खतरा कम हो जाता है।
इसके साथ ही इसमें मजबूत सस्पेंशन और ऑफ-रोड टायर दिए गए हैं, जो इसे खराब रास्तों पर भी संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं। सुरक्षा बलों के लिए यह बहुत जरूरी होता है कि उनका वाहन किसी भी समय और किसी भी जगह पर उन्हें निराश न करे।
इंजन और परफॉर्मेंस
हालांकि महिंद्रा ने अभी पूरी तकनीकी जानकारी जारी नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि यह थार प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इसमें करीब 2.2 (172 hp, 370 Nm) लीटर डीजल इंजन या 2.0 लीटर (174 hp, 380 Nm) टर्बो पेट्रोल इंजन हो सकता है। डिफेंस इस्तेमाल के लिए इसमें ज्यादा ताकत (टॉर्क) और भरोसेमंद परफॉर्मेंस पर ध्यान दिया जाता है।
Presenting the Mahindra ATV (All-Terrain Vehicle)
No excess. No ornamentation.
Just focussed capability.Every bar, every mount, every inch of clearance has a job to do. From airdrop readiness to mission-grade protection, a gun mount, complete underbody protection, tandem tyre… pic.twitter.com/ZT5EmFJ5f3
— anand mahindra (@anandmahindra) May 4, 2026
मिशन के हिसाब से तैयार फीचर्स
इस वाहन में कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं जो सीधे ऑपरेशन में काम आते हैं। इसमें गन माउंट की व्यवस्था है, जिससे सैनिक चलते वाहन से भी जवाबी कार्रवाई कर सकते हैं। यह खासतौर पर उन इलाकों में उपयोगी है जहां अचानक खतरा सामने आ सकता है।
वाहन के नीचे की तरफ पूरा प्रोटेक्शन दिया गया है। इससे माइन या आईईडी जैसे खतरों से सुरक्षा मिलती है। यह फीचर सुरक्षा बलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि कई ऑपरेशन ऐसे इलाकों में होते हैं जहां जमीन के नीचे बारूदी सुरंगें बिछी रहती हैं।
इसके अलावा इसमें एक साथ दो अतिरिक्त टायर रखने की व्यवस्था है। लंबे मिशन के दौरान अगर टायर खराब हो जाए तो तुरंत बदला जा सकता है। साथ ही वाहन में अतिरिक्त डीजल या पेट्रोल रखने के लिए अलग जगह दी गई है। इससे वाहन ज्यादा दूरी तक जा सकता है और बीच रास्ते में ईंधन खत्म होने की समस्या नहीं होती।
इस एटीवी में आगे की तरफ एक मजबूत विंच लगाया गया है। इसका इस्तेमाल तब किया जाता है जब वाहन कहीं फंस जाए। यह खुद को या दूसरे वाहन को खींचकर बाहर निकाल सकता है। पहाड़ी या दलदली इलाकों में यह फीचर बहुत काम आता है।
विंडशील्ड के सामने एक प्रोटेक्टर भी दिया गया है, जो पत्थरों या अन्य चीजों से सुरक्षा देता है। इससे चालक की सुरक्षा बढ़ती है और वाहन को नुकसान कम होता है।
एयरड्रॉप के लिए तैयार
इस वाहन की एक और खास बात यह है कि इसे एयरड्रॉप के लिए भी तैयार किया गया है। यानी जरूरत पड़ने पर इसे हवाई जहाज से पैराशूट के जरिए सीधे ऑपरेशन एरिया में उतारा जा सकता है। इससे सेना या अन्य सुरक्षा बलों को दूर-दराज के इलाकों में जल्दी पहुंचने में मदद मिलती है।
इस तरह के ऑपरेशन खासतौर पर उन जगहों पर किए जाते हैं जहां सड़क मार्ग से पहुंचना मुश्किल होता है। ऐसे में यह वाहन तेजी से तैनाती के लिए उपयोगी साबित होता है।
सुरक्षा बलों के लिए क्यों है जरूरी
भारतीय सेना, सीमा सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अक्सर ऐसे इलाकों में काम करना पड़ता है जहां सामान्य वाहन काम नहीं कर पाते। ऐसे में इस तरह के एटीवी उनकी जरूरतों को पूरा कर सकते हैं।
इसका इस्तेमाल पेट्रोलिंग, रेकी, क्विक रिएक्शन टीम और लॉजिस्टिक सपोर्ट के लिए किया जा सकता है। छोटे आकार और तेज मूवमेंट की वजह से यह तेजी से कार्रवाई करने में मदद करता है।

