HomeGeopoliticsईरान में ‘डिकैपिटेशन स्ट्राइक’ से तबाही! अमेरिका की नई वॉर स्ट्रैटेजी से...

ईरान में ‘डिकैपिटेशन स्ट्राइक’ से तबाही! अमेरिका की नई वॉर स्ट्रैटेजी से कैसे हिला तेहरान

डिकैपिटेशन स्ट्राइक एक सैन्य रणनीति है, जिसमें दुश्मन के लीडरशिप, कमांड एंड कंट्रोल (सी2) सिस्टम या प्रमुख कमांडरों को निशाना बनाकर संगठन या राज्य की कमान को कमजोर या नष्ट करने की कोशिश की जाती है...

रक्षा समाचार WhatsApp Channel Follow US

📍तेहरान/वॉशिंगटन | 1 Mar, 2026, 4:39 PM

Decapitation Strikes Strategy: पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और इजराइल ने ईरान के खिलाफ इस बार एक नई तरह की सैन्य रणनीति अपनाई है, जो पारंपरिक युद्ध से अलग मानी जा रही है। एक तरफ जहां ईरान ड्रोन-मिसाइलों के जरिए पारंपरिक युद्ध लड़ रहा है, तो वहीं इजरायल और अमेरिका ने बड़े पैमाने पर जमीनी सेना भेजने या लंबा युद्ध छेड़ने के बजाय, ईरान की टॉप लीडरशिप, सैन्य ठिकानों और अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को चुनिंदा तरीके से निशाना बनाया है। इस रणनीति को डिकैपिटेशन स्ट्राइक्स कहा जा रहा है।

फरवरी के आखिरी दिन अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान के कई रणनीतिक ठिकानों पर प्रिसिजन स्ट्राइक्स यानी सटीक हमले किए। इन हमलों में हाई-टेक मिसाइलों, ड्रोन और गाइडेड बमों का इस्तेमाल किया गया, जिससे कम समय में ज्यादा प्रभाव डालने की कोशिश की गई। (Decapitation Strikes Strategy)

क्या है Decapitation Strikes Strategy

डिकैपिटेशन स्ट्राइक एक सैन्य रणनीति है, जिसमें दुश्मन के लीडरशिप, कमांड एंड कंट्रोल (सी2) सिस्टम या प्रमुख कमांडरों को निशाना बनाकर संगठन या राज्य की कमान को कमजोर या नष्ट करने की कोशिश की जाती है। इसका मूल विचार है: “शीर्ष को काट दो, तो पूरा शरीर गिर जाएगा”। यह रणनीति प्राचीन काल से मौजूद है, लेकिन आधुनिक रूप में तकनीकी विकास (जैसे एयर स्ट्राइक्स, ड्रोन, प्रिसिजन मिसाइल्स) के साथ यह ज्यादा प्रभावी और चर्चित हुई है।

डिकैपिटेशन की अवधारणा बहुत पुरानी है। प्राचीन चीनी सैन्य रणनीतिकार सन त्जु (Sun Tzu) ने लगभग 5वीं शताब्दी ईसा पूर्व लिखी गई अपनी किताब द आर्ट ऑफ वॉर में लिखा था कि दुश्मन के नेतृत्व को निशाना बनाना युद्ध को जल्दी खत्म करने का सबसे अच्छा तरीका है। यह विचार तब से सैन्य सिद्धांतों में शामिल रहा। (Decapitation Strikes Strategy)

क्यों बढ़ा तनाव

ईरान और अमेरिका के बीच टकराव नया नहीं है। इसकी जड़ें 1979 की इस्लामिक क्रांति से जुड़ी हैं, जब ईरान में शाह शासन खत्म हुआ और नया इस्लामिक सिस्टम स्थापित हुआ। इसके बाद से दोनों देशों के बीच रिश्ते लगातार तनावपूर्ण रहे हैं।

2015 में न्यूक्लियर डील यानी जेसीपीओए के जरिए कुछ समय के लिए स्थिति सामान्य हुई थी, लेकिन 2018 में अमेरिका के इससे बाहर निकलने के बाद फिर तनाव बढ़ गया। 2020 में अमेरिका ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के टॉप कमांडर कासिम सुलेमानी को बगदाद में ड्रोन हमले में मार गिराया था। हमला इराक की राजधानी बगदाद के बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हुआ। सुलेमानी सीरिया से आए एक फ्लाइट से उतरे थे और एयरपोर्ट से निकलते समय उनके काफिले (दो कारों) पर हमला किया गया। जिसे इस तरह की रणनीति की शुरुआती मिसाल माना जाता है।

यह भी पढ़ें:  क्या VSHORADS बनेगा भारतीय सेना का नया ‘भरोसा’? ‘लो-लेवल डिफेंस शील्ड’ में कैसे Igla-S और Stinger को दे रहा कड़ी टक्कर

2026 में हालात और ज्यादा बिगड़ गए, जब ईरान के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को लेकर बातचीत पूरी तरह विफल हो गई। इसके बाद अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपनी सैन्य तैनाती बढ़ा दी और बड़े स्तर पर एयर पावर को सक्रिय किया। (Decapitation Strikes Strategy)

लीडरशिप को खत्म करने की नई रणनीति

इस बार अमेरिका की रणनीति का मुख्य फोकस ईरान के नेतृत्व को निशाना बनाना है। पारंपरिक युद्ध में जहां सेना शहरों पर कब्जा करती है और लंबे समय तक लड़ाई चलती है, वहीं इस रणनीति में केवल अहम टारगेट्स पर हमला किया जाता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक ईरान का मौजूदा सिस्टम कमजोर नहीं हो जाता। इस रणनीति का मकसद सीधे जनता को प्रभावित करना नहीं, बल्कि सत्ता के केंद्र को निशाना बनाना है। इजरायल का कहना है कि वह अब तक 1200 से ज्यादा बम ईरान पर गिरा चुका है।

इस दौरान ईरान के कई शीर्ष सैन्य अधिकारियों और सुरक्षा ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम धार्मिक लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई भी मारे गए। अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स और आधिकारिक बयानों के अनुसार, करीब 30 से 40 या उससे ज्यादा वरिष्ठ अधिकारी इन हमलों में मारे गए। (Decapitation Strikes Strategy)

इनमें सबसे बड़ा नाम ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का है, जो 1989 से देश की सत्ता संभाल रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान में उनके कंपाउंड पर एयरस्ट्राइक की गई, जिसमें उनकी मौत हो गई। इन हमलों में अली शमखानी भी मारे गए, जो सुप्रीम लीडर के करीबी सलाहकार थे और देश की नेशनल सिक्योरिटी से जुड़े अहम पदों पर रह चुके थे। इसके अलावा इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के कमांडर मोहम्मद पाकपुर भी हमले में मारे गए। ईरान की सैन्य ताकत में आईआरजीसी की बहुत बड़ी भूमिका होती है, इसलिए यह नुकसान काफी अहम माना जा रहा है।

ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह की मौत की भी पुष्टि कई रिपोर्ट्स में की गई है। साथ ही ईरान की पूरी सेना के प्रमुख यानी चीफ ऑफ स्टाफ अब्दोलरहीम मौसावी भी इन हमलों में मारे गए बताए गए हैं। इसके अलावा
सुप्रीम लीडर के मिलिट्री ऑफिस से जुड़े मोहम्मद शिराज़ी, इंटेलिजेंस से जुड़े सालेह असादी और न्यूक्लियर व केमिकल प्रोजेक्ट्स से जुड़े कुछ वरिष्ठ अधिकारी शामिल बताए गए हैं। हालांकि इन सभी नामों की पुष्टि अलग-अलग स्तर पर हुई है और कुछ मामलों में आधिकारिक जानकारी अभी भी सामने आ रही है। (Decapitation Strikes Strategy)

यह भी पढ़ें:  Dalai Lama Succession: दलाई लामा के उत्तराधिकारी पर फूंक-फूंक कर कदम रख रही भारत सरकार, चीन के साथ रिश्तों पर काले बादल मंडराने का डर!

रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि शुरुआती हमलों में बहुत कम समय के भीतर कई कमांडरों को निशाना बनाया गया। इज़राइल की सेना के अनुसार, कुछ हमलों में एक ही समय में कई वरिष्ठ अधिकारियों को खत्म किया गया। इन ऑपरेशनों को अमेरिका की तरफ से “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” और इजरायल की तरफ से “ऑपरेशन रोअरिंग लायन” नाम दिया गया है। इन हमलों के बाद ईरान के अंदर राजनीतिक और सैन्य स्तर पर हलचल तेज हो गई। (Decapitation Strikes Strategy)

प्रिसिजन स्ट्राइक्स से किए जा रहे हैं हमले

इस पूरे अभियान में “प्रिसिजन स्ट्राइक्स” यानी सटीक हमले सबसे अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसमें ऐसे हथियारों का इस्तेमाल किया जाता है जो जीपीएस, लेजर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या अन्य गाइडेंस सिस्टम की मदद से बिल्कुल सटीक निशाना लगाते हैं।

अमेरिका ने टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों का इस्तेमाल किया, जिन्हें दूर समुद्र से लॉन्च किया गया। ये मिसाइलें हजारों किलोमीटर दूर तक जाकर सटीक हमला कर सकती हैं। इसके अलावा स्टेल्थ फाइटर जेट जैसे एफ-35 का इस्तेमाल किया गया, जो दुश्मन के रडार से बचकर अंदर तक घुस सकते हैं।

इजराइल ने भी अपने एडवांस्ड गाइडेड बम और स्पाइस सिस्टम का इस्तेमाल किया। इन हमलों में ड्रोन की भूमिका भी काफी अहम रही। खासकर “वन-वे अटैक ड्रोन” यानी कामिकेज ड्रोन, जो सीधे टारगेट से टकराकर उसे नष्ट कर देते हैं। (Decapitation Strikes Strategy)

ड्रोन और साइबर ऑपरेशन का बढ़ता रोल

इस बार के हमलों में सिर्फ मिसाइल और विमान ही नहीं, बल्कि ड्रोन और साइबर ऑपरेशन का भी बड़ा रोल देखा गया। अमेरिका ने लो-कॉस्ट ड्रोन का इस्तेमाल किया, जो सस्ते होते हुए भी प्रभावी साबित हो रहे हैं।

इन ड्रोन को बड़ी संख्या में लॉन्च किया जाता है, जिससे दुश्मन की एयर डिफेंस सिस्टम पर दबाव बढ़ता है। इसके साथ ही साइबर अटैक के जरिए ईरान के कम्युनिकेशन और डिफेंस सिस्टम को भी प्रभावित करने की कोशिश की गई। (Decapitation Strikes Strategy)

यह भी पढ़ें:  INS Tamal: ‘बायर्स नेवी’ से ‘बिल्डर्स नेवी’ बनी भारतीय नौसेना, जून में कमीशन होगा आईएनएस तमाल, अब बाहर से नहीं खरीदे जाएंगे वॉरशिप

बिना ग्राउंड ट्रूप्स के युद्ध

इस अभियान की एक बड़ी खासियत यह है कि इसमें अमेरिका ने जमीनी सेना भेजने से साफ इनकार किया है। इराक और अफगानिस्तान जैसे लंबे युद्धों से मिले अनुभव के बाद अब अमेरिका ऐसे ऑपरेशन से बचना चाहता है।

इसलिए पूरी रणनीति एयर पावर, मिसाइल, ड्रोन और इंटेलिजेंस पर आधारित है। इससे युद्ध की लागत कम होती है और सैनिकों की जान का खतरा भी कम रहता है। (Decapitation Strikes Strategy)

ईरान ने भी की जवाबी कार्रवाई

इन हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की है। ईरान ने इजरायल, अमेरिकी ठिकानों और खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। कई जगहों पर अलर्ट जारी किए गए और एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय हो गए।

ईरान के अधिकारियों ने इन हमलों को “रेड लाइन” पार करना बताया और बदला लेने की बात कही। इसके साथ ही क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया।

इस पूरे घटनाक्रम पर दुनिया की नजर बनी हुई है। रूस और चीन ने इन हमलों की आलोचना की है, जबकि यूरोपीय देशों ने तनाव कम करने की अपील की है। संयुक्त राष्ट्र में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई है। (Decapitation Strikes Strategy)

भारत के लिए क्यों अहम

भारत ने भी संयम बरतने की बात कही है और सभी पक्षों से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। भारत के लिए यह स्थिति काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि मध्य पूर्व से उसका बड़ा आर्थिक और ऊर्जा संबंध है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा तेल इसी क्षेत्र से आयात करता है।

इसके अलावा लाखों भारतीय नागरिक खाड़ी देशों में काम करते हैं। ऐसे में क्षेत्र में अस्थिरता का असर सीधे भारत पर पड़ सकता है।

भारत सरकार ने स्थिति पर नजर रखने की बात कही है और अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है। (Decapitation Strikes Strategy)

Author

  • News Desk

    रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"

रक्षा समाचार WhatsApp Channel Follow US
News Desk
News Desk
रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"

Most Popular