📍बीकानेर, राजस्थान | 6 Dec, 2025, 12:10 PM
Pakistan Balloon: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे खाजूवाला इलाके में शनिवार देर रात उस समय अचानक हलचल बढ़ गई, जब गांव 6 SSM सीयासर चौगान के खेतों में “पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस” लिखा एक बड़ा एयर बैलून मिला। रात करीब आठ बजे ग्रामीणों ने इस बेलून को देखा और इसकी जानकारी गांव के सरपंच को दी। मामला सीमा क्षेत्र का होने के कारण सूचना तुरंत पुलिस, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचाई गई।
घटना के बाद पूरा क्षेत्र सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह बेलून सीमा पार से हवा के बहाव के साथ भारतीय इलाके में पहुंचा था, जिसे ग्रामीणों ने सबसे पहले देखा।
Pakistan Balloon: बीएसएफ और पुलिस ने देर रात तक की जांच
सूचना मिलते ही बीएसएफ और पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचीं। रात के अंधेरे में हाई-पावर लाइट्स की मदद से पूरे इलाके का निरीक्षण किया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने इस बात की भी जांच की कि कहीं इस बैलून में कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कैमरा, ट्रांसमीटर या संदिग्ध वस्तु तो नहीं लगी है।
🇮🇳🚨 PAKISTAN INTERNATIONAL AIRLINES Balloon Found Near India–Pak Border in Bikaner
A PIA-marked air balloon drifting in from Pakistan triggered an alert in Khajuwala, Bikaner, after villagers spotted it near the border late Saturday night. Police and BSF rushed to the spot and… pic.twitter.com/NadmksUDSt— Raksha Samachar | रक्षा समाचार 🇮🇳 (@RakshaSamachar) December 6, 2025
टीमों ने बैलून और उसके आसपास के इलाके की पूरी तरह तलाशी ली। घंटों चली जांच के बाद यह साफ हुआ कि बेलून एक साधारण हीलियम एयर बैलून था और इसमें किसी तरह की संदिग्ध या खतरनाक सामग्री नहीं मिली। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र की सतर्क निगरानी जारी रखी।
बॉर्डर एरिया में ऐसे बैलून मिलना संवेदनशील
राजस्थान के सीमावर्ती इलाके खाजूवाला, रायसिंहनगर, अनूपगढ़ और पोखरण में इससे पहले भी कई बार पाकिस्तानी लिखे बेलून मिले हैं। कई बार पाकिस्तान में होने वाले समारोहों, रैलियों या आयोजनों में छोड़े गए बेलून हवा के तेज बहाव के कारण भारत की सीमा में आ पहुंचते हैं।
लेकिन सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह क्षेत्र बेहद संवेदनशील है, क्योंकि यहां पिछले सालों में कई बार पाकिस्तानी ड्रोन पकड़े गए। इन ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की कोशिशें हुईं हैं। वहीं, कई बार सर्विलांस ड्रोन भी भारतीय पोस्ट की निगरानी के लिए भेजे जाते हैं। इन घटनाओं के चलते हर अज्ञात वस्तु को संभावित खतरे की दृष्टि से जांचा जाता है।
सीमा से लगे गांवों के लोग पहले से ही सतर्क रहते हैं। खेतों में कोई अजीब वस्तु दिखाई दे, ड्रोन की आवाज सुनाई दे या कोई अनजान पैकेट मिले तो ग्रामीण तुरंत बीएसएफ को इसकी सूचना देते हैं। शनिवार रात की घटना में भी ग्रामीणों की इसी सतर्कता ने सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत कार्रवाई करने में मदद की।
बीएसएफ ने बढ़ाई पेट्रोलिंग
बैलून मिलने के बाद बीएसएफ ने खाजूवाला क्षेत्र में रातभर गश्त तेज कर दी। नाइट विजन डिवाइसेज़ का उपयोग बढ़ाया गया और फेंसिंग के पास अतिरिक्त निगरानी की गई। पुलिस ने औपचारिक रिपोर्ट दर्ज की है और बैलून को दस्तावेजी प्रक्रिया के लिए जब्त कर लिया है। जानकारी को इंटेलिजेंस एजेंसियों के साथ भी साझा किया गया है।

