📍चूरू, राजस्थान | 8 Mar, 2026, 10:45 PM
Gaurav Senani Rally Churu: राजस्थान के चूरू जिले में 8 मार्च को भारतीय सेना की ओर से एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का नाम गौरव सैनानी रैली रखा गया था। यह रैली भारतीय सेना की रणबांकुरा डिविजन ने सप्त शक्ति कमांड के नेतृत्व में आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन चूरू के एसएआई स्टेडियम में किया गया, जहां बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके परिवार शामिल हुए।
इस रैली में क्षेत्र के आठों तहसीलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सेना के अधिकारियों के अनुसार इस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक वेटरन्स, वीर नारियां, वीर माताएं और उनके परिवार के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों के सम्मान के साथ-साथ उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सीधी बातचीत करना और उन्हें विभिन्न सरकारी सुविधाओं की जानकारी देना था। (Gaurav Senani Rally Churu)
Gaurav Senani Rally Churu: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रहे मुख्य अतिथि
इस कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उनके साथ भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह, चेतक कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल शमशेर सिंह विर्क और सप्त शक्ति आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (AWWA) की रीजनल प्रेसिडेंट बरिंदर जीत कौर भी उपस्थित रहीं। इसके अलावा राज्य सरकार और जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। (Gaurav Senani Rally Churu)
Over 10,000 #veterans, Veer Naris and their families attended the Gaurav Senani #Rally organised by the #IndianArmy’s Ranbankura Division under #SaptaShaktiCommand in #Churu. The event provided welfare support, medical aid and honoured the invaluable service and sacrifice of… pic.twitter.com/6oo1Lzo7AK
— Raksha Samachar | रक्षा समाचार 🇮🇳 (@RakshaSamachar) March 8, 2026
सांस्कृतिक कार्यक्रम और सैन्य प्रदर्शन रहे आकर्षण
गौरव सैनानी रैली में कई आकर्षक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ एडवेंचर एक्टिविटीज, सैन्य हेलीकॉप्टरों का कॉम्बैट डेमोन्स्ट्रेशन और सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी भी दिखाई गई।
कार्यक्रम में भारतीय सेना के मिलिट्री पाइप बैंड की प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान खींचा। सेना की ओर से किए गए इन प्रदर्शनों का उद्देश्य लोगों को सैनिकों के जीवन और सेना की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देना था। इन गतिविधियों के माध्यम से सैनिकों के साहस और अनुशासन को भी दर्शाया गया।
पूर्व सैनिकों की मदद के लिए लगाए गए स्टॉल
रैली में पूर्व सैनिकों की सहायता के लिए कई हेल्प डेस्क और स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर विभिन्न रिकॉर्ड ऑफिस, बैंक, और कई सरकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे। यहां पूर्व सैनिकों को पेंशन, दस्तावेज अपडेट, शिकायत निवारण और रोजगार से जुड़े मामलों में मदद दी गई।
इस कार्यक्रम में डीआईएवी, आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन, ईसीएचएस और जिला सैनिक बोर्ड जैसी संस्थाओं ने भी भाग लिया। इन संस्थाओं ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस बार एक खास पहल यह रही कि पहली बार राजस्व विभाग की ओर से भी स्टॉल लगाए गए। इससे भूमि और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में मदद मिली। (Gaurav Senani Rally Churu)
मेडिकल कैंप में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा मेडिकल कैंप भी लगाया गया। इसमें पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई थी। डॉक्टरों की टीम ने लोगों की जांच की और विशेषज्ञ परामर्श भी दिया।
इस मेडिकल कैंप में कई प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, ताकि दूर-दराज के इलाकों से आए लोगों को मौके पर ही इलाज और सलाह मिल सके।
वीर नारियों और युद्ध में घायल सैनिकों का सम्मान
गौरव सैनानी रैली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा सम्मान समारोह भी था। इस दौरान वीर नारियों, वीर माताओं और युद्ध में घायल हुए पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। उन्हें राष्ट्र के लिए उनके योगदान और बलिदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा कई जरूरतमंद पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को विभिन्न सहायक उपकरण भी दिए गए। कार्यक्रम में 16 थ्री-व्हीलर स्कूटर, 113 व्हील चेयर, 80 हियरिंग एड, 29 वॉकर और 29 इलेक्ट्रॉनिक पेशेंट बेड वितरित किए गए। साथ ही कुछ लाभार्थियों को बीपी मशीन और आर्थिक मदद भी दी गई।
इन उपकरणों का उद्देश्य उन पूर्व सैनिकों की मदद करना था, जो स्वास्थ्य समस्याओं या शारीरिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। (Gaurav Senani Rally Churu)
इंटीग्रेटेड वेटरन वेलफेयर कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार इंटीग्रेटेड वेटरन वेलफेयर कॉम्प्लेक्स स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है, जहां पूर्व सैनिकों को एक ही जगह पर सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकें।
वहीं आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना अपने वेटरन्स, वीर नारियों और वीर माताओं के कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि आज के वैश्विक माहौल में, जब दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष चल रहे हैं, तब देश की सुरक्षा के लिए तैयार रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में पूर्व सैनिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि वे देश की रक्षा व्यवस्था में दूसरी और तीसरी लाइन ऑफ डिफेंस के रूप में योगदान दे सकते हैं। उनके मुताबिक वेटरन वेलफेयर केवल सेना की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। (Gaurav Senani Rally Churu)

