📍जैसलमेर, राजस्थान | 26 Feb, 2026, 2:28 PM
Vayushakti 2026: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 फरवरी को राजस्थान के जैसलमेर दौरे पर रहेंगी। वे भारतीय वायुसेना के बड़े फायरपावर अभ्यास वायु शक्ति-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान वे स्वदेशी लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर प्रचंड में उड़ान भी भरेंगी। यह पहली बार होगा जब कोई राष्ट्रपति कॉम्बैट हेलीकॉप्टर में को-पायलट के तौर पर उड़ान भरेंगी।
राष्ट्रपति 26 फरवरी की शाम को जैसलमेर पहुंचेंगी, जहां उनका स्वागत राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इसके बाद अगले दिन सुबह उनका कार्यक्रम शुरू होगा।
Vayushakti 2026: ‘प्रचंड’ में उड़ान का कार्यक्रम
27 फरवरी की सुबह राष्ट्रपति जैसलमेर एयर फोर्स स्टेशन से लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर प्रचंड में सॉर्टी लेंगी। यह उड़ान एक तरह का एरियल सर्वे होगी, जिसमें वे पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज और आसपास के चांधन इलाके का हवाई निरीक्षण करेंगी। इस उड़ान की अवधि करीब 20 से 30 मिनट रहने की संभावना है।
यह हेलीकॉप्टर पूरी तरह से भारत में डेवलप किया गया है और इसे कठिन परिस्थितियों में ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया है। प्रचंड हेलीकॉप्टर ऊंचाई वाले इलाकों और रेगिस्तानी क्षेत्र दोनों में प्रभावी तरीके से काम कर सकता है।
प्रचंड हेलीकॉप्टर की खासियत
लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर प्रचंड को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने डेवलप किया है। यह हेलीकॉप्टर लगभग 5.8 टन वजन का है और इसकी अधिकतम गति करीब 280 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसकी रेंज 550 किलोमीटर से ज्यादा बताई जाती है।
इसमें आधुनिक हथियार लगाए जा सकते हैं, जिनमें एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल, 70 एमएम रॉकेट और 20 एमएम गन शामिल हैं। हेलीकॉप्टर में ट्विन इंजन, आर्मर्ड कॉकपिट और आधुनिक एवियोनिक्स सिस्टम भी मौजूद हैं, जिससे यह युद्ध के दौरान सुरक्षित और प्रभावी रहता है।
वायुसेना के जवानों से मुलाकात
उड़ान के बाद राष्ट्रपति एयर फोर्स स्टेशन पर मौजूद वायुसेना के अधिकारियों और जवानों से बातचीत करेंगी। इस दौरान वे उनकी तैयारियों और अनुभवों के बारे में जानकारी लेंगी।
इसके बाद वे पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज के चांधन क्षेत्र में जाएंगी, जहां वायु शक्ति-2026 का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
वायु शक्ति-2026 का आयोजन
वायु शक्ति-2026 का मुख्य कार्यक्रम 27 फरवरी को शाम 4:40 बजे शुरू होगा। इसमें भारतीय वायुसेना अपनी पूरी ताकत का प्रदर्शन करेगी। इस अभ्यास में फाइटर जेट, हेलीकॉप्टर और ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट मिलकर विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन दिखाएंगे।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुख और कई विदेशी प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इस पूरे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण डीडी न्यूज और वायुसेना के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।
अभ्यास में दिखेगी आधुनिक युद्ध क्षमता
इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना दिन, शाम और रात तीनों समय के ऑपरेशन दिखाएगी। इसमें प्रिसिजन स्ट्राइक, एयर डिफेंस, हेलिबोर्न ऑपरेशन और राहत एवं बचाव मिशन जैसे कई पहलुओं को शामिल किया गया है।
इस आयोजन में ऑपरेशन सिंदूर के अनुभवों को भी शामिल किया गया है, जिसमें लंबी दूरी से सटीक हमले और मल्टी-डोमेन ऑपरेशन की क्षमता दिखाई गई थी।

