📍नई दिल्ली | 25 Feb, 2026, 11:36 AM
LCA Tejas Vayu Shakti 2026: भारतीय वायुसेना के बड़े ऑपरेशनल डेमॉन्स्ट्रेशन वायु शक्ति 2026 में स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए तेजस एमके1 (LCA Tejas) की भागीदारी को लेकर असमंजस बना हुआ है। यह कार्यक्रम 27 फरवरी को राजस्थान के पोखरण एयर-टू-ग्राउंड रेंज में आयोजित होने वाला है, लेकिन उससे पहले हुई फुल ड्रेस रिहर्सल में तेजस शामिल नहीं हुआ। इसके बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या तेजस इस बार इस बड़े एयर शो का हिस्सा बनेगा या नहीं।
सूत्रों के अनुसार, तेजस फाइटर जेट को इस बार अभ्यास में अपनी एजिलिटी और एडवांस एवियोनिक्स दिखाने के लिए शामिल किया जाना था। यह भी तैयारी थी कि यह विदेशी फाइटर जेट्स के साथ हाई-इंटेंसिटी ड्रिल्स में हिस्सा लेगा, लेकिन रिहर्सल में इसकी गैरमौजूदगी ने हालात को बदल दिया है। (LCA Tejas Vayu Shakti 2026)
LCA Tejas Vayu Shakti 2026: तकनीकी घटना है वजह
तेजस की गैरमौजूदगी की वजह हाल ही में हुआ एक तकनीकी घटना को बताया जा रहा है। 7 फरवरी को गुजरात के नालिया एयरबेस पर एक तेजस विमान के साथ ग्राउंड इंसिडेंट हुआ था। हालांकि यह बेहद मामूली घटना थी, और यह उड़ान के दौरान नहीं, बल्कि लैंडिंग के बाद हुई थी, इसलिए इसे क्रैश नहीं माना गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, लैंडिंग के समय ब्रेक फेलियर या टायर से जुड़ी दिक्कतों के चलते विमान रनवे से आगे निकल गया था। इस घटना में पायलट सुरक्षित रहा, लेकिन उसे मामूली चोट आई।
इस घटना के बाद भारतीय वायुसेना और इसे बनाने वाली सरकारी कंपनी एचएएल की संयुक्त टीम ने पूरी तेजस फ्लीट की जांच शुरू कर दी है। इस जांच को कॉम्प्रिहेंसिव मेंटेनेंस इंस्पेक्शन कहा जा रहा है, जिसमें सभी विमानों की तकनीकी स्थिति को बारीकी से जांचा जा रहा है। जब तक इस जांच का निष्कर्ष सामने नहीं आता, तब तक फ्लीट की उड़ान सीमित या रोक दी गई है। बता दें कि भारतीय वायुसेना के पास 38 तेजस एमके1 हैं, जिनमें 6 द्विन सीटर ट्रेनर एयरक्रफ्ट हैं। (LCA Tejas Vayu Shakti 2026)
एचएएल ने अपने बयान में कहा है कि यह कोई बड़ा हादसा नहीं था, बल्कि जमीन पर हुआ एक मामूली तकनीकी मामला था। कंपनी ने यह भी कहा कि तेजस का सेफ्टी रिकॉर्ड दुनिया के सबसे बेहतर फाइटर एयरक्राफ्ट्स में गिना जाता है। साथ ही यह भी बताया गया कि समस्या की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द समाधान निकालने की कोशिशें जारी हैं।
तेजस के साथ तीसरा हादसा है। इससे पहले मार्च 2024 में जैसलमेर के पास एक दुर्घटना हुई थी और 2025 में दुबई एयर शो के दौरान एक और बड़ा हादसा हुआ था। जिसमें पायलट विंग कमांडर नमन स्याल की मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद से तेजस प्रोग्राम पर सवाल उठने लगे। (LCA Tejas Vayu Shakti 2026)
वायु शक्ति 2026 भारतीय वायुसेना का एक बड़ा फायरपावर प्रदर्शन है, जिसमें 100 से ज्यादा एयरक्राफ्ट हिस्सा लेते हैं। इसमें राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज 2000, जगुआर और मिग-29 जैसे फाइटर जेट्स अपनी ताकत दिखाते हैं। इस बार भी दिन और रात दोनों समय ऑपरेशन दिखाए जाने हैं, जिसमें प्रिसीजन स्ट्राइक और मल्टी-डोमेन क्षमता का प्रदर्शन शामिल रहेगा।
तेजस को इस अभ्यास में शामिल करना खास माना जा रहा था, क्योंकि यह भारत का स्वदेशी फाइटर जेट है और इसे आत्मनिर्भर भारत की पहचान के तौर पर देखा जाता है। हालांकि, मौजूदा स्थिति को देखते हुए इसकी भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला अभी स्पष्ट नहीं है। (LCA Tejas Vayu Shakti 2026)
रक्षा मंत्रालय ने पहले ही तेजस एमके-1ए के लिए बड़े कॉन्ट्रैक्ट दिए हैं। 2021 में 83 विमानों के लिए करीब 48,000 करोड़ रुपये का समझौता हुआ था, जबकि 2025 में 97 और विमानों के लिए 62,370 करोड़ रुपये का दूसरा सौदा किया गया। यह विमान सिंगल-इंजन मल्टी-रोल फाइटर है, जो हाई-थ्रेट एनवायरनमेंट में भी बखूबी काम कर सकता है। (LCA Tejas Vayu Shakti 2026)

