📍नई दिल्ली | 13 Apr, 2026, 8:49 PM
NCC Cyber Security Training Programme: एनसीसी ने देशभर के कैडेट्स को साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में ट्रेनिंग करने के लिए एक नया कार्यक्रम शुरू किया है। इस पहल के तहत नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर साइबर सिक्योरिटी कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम लॉन्च किया गया है। इसके लिए दोनों संस्थाओं के बीच एमओयू साइन किया गया।
इस प्रोग्राम का मकसद कैडेट्स को साइबर अवेयरनेस, डिजिटल हाइजीन और बेसिक साइबर डिफेंस स्किल्स सिखाना है। आज के समय में इंटरनेट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में ऑनलाइन सुरक्षा को समझना जरूरी हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह ट्रेनिंग शुरू की गई है।
एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स और एनआईईएलआईटी के महानिदेशक डॉ. मदन मोहन त्रिपाठी की उपस्थिति में एनसीसी और एनआईईएलआईटी के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस पूरे प्रोग्राम को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहले चरण में साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस प्रोग्राम होगा, जो 15 घंटे का ऑनलाइन कोर्स है। इसमें कैडेट्स को डिजिटल लिटरेसी, सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल और साइबर खतरों के बारे में आसान जानकारी दी जाएगी। यह ट्रेनिंग सभी एनसीसी कैडेट्स के लिए खुली रहेगी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए कराई जाएगी।
दूसरे चरण में साइबर डिफेंडर प्रोग्राम होगा। यह 60 घंटे का ऑफलाइन ट्रेनिंग कोर्स है, जिसमें केवल चुने गए कैडेट्स को शामिल किया जाएगा। इसमें प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, सिमुलेशन और अलग-अलग साइबर टूल्स का इस्तेमाल सिखाया जाएगा, ताकि कैडेट्स असली परिस्थितियों में भी साइबर खतरों को पहचान सकें।
इस पहल के जरिए ऐसे प्रशिक्षित कैडेट्स तैयार किए जाएंगे, जो अपने आसपास के लोगों को साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक कर सकें। साथ ही वे सुरक्षित डिजिटल आदतों को बढ़ावा देने में भी मदद करेंगे। यह प्रोग्राम देश में चल रहे डिजिटल इंडिया और स्किल डेवलपमेंट से जुड़े प्रयासों के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि युवाओं को नई तकनीक के साथ सुरक्षित तरीके से जोड़ा जा सके।

