📍लखनऊ | 21 Oct, 2025, 3:33 PM
Lucknow Navy Museum: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ अब जल्द ही देश के पहले नेवी म्यूजियम का घर बनने जा रही है। नौसेना शौर्य संग्रहालय (Nausena Shaurya Sangrahalaya) नाम से बन रहा यह प्रोजेक्ट भारतीय नौसेना और उत्तर प्रदेश सरकार की साझेदारी में तैयार हो रहा है। यह संग्रहालय एकाना स्टेडियम के पास लगभग 15,800 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाया जा रहा है, जिसकी लागत 23 करोड़ रुपये है।
परियोजना का 20 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार, अब ध्यान नौसेना की विरासत को दर्शाने वाले आर्टिफैक्ट्स के परिवहन और इंस्टॉलेशन पर है। संग्रहालय में आईएनएस गोमती वॉरशिप के अवशेष, टीयू-142 नौसैनिक विमान और एसके-42बी हेलीकॉप्टर प्रदर्शित किए जाएंगे। ये विमान और हेलीकॉप्टर तमिलनाडु के आईएएस राजाली एयर स्टेशन से लखनऊ लाए जाएंगे।
आईएनएस गोमती को मई 2022 में 34 साल की शानदार सेवा के बाद डीकमीशन किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि इसके प्रमुख हिस्सों जैसे मस्तूल, एंकर, और प्रतीक चिह्न को यहां प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही एक नौसेना शौर्य वाटिका भी तैयार की जा रही है, जहां जहाज के अन्य हिस्सों को खुले संग्रहालय में दिखाया जाएगा।
परियोजना का उद्देश्य भारतीय नौसेना के गौरवशाली इतिहास को सम्मान देना और युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है। यह संग्रहालय उत्तर प्रदेश सरकार और नौसेना के सहयोग से विकसित किया जा रहा है ताकि लोग भारत की समुद्री शक्ति और वीरता से परिचित हो सकें।
संग्रहालय में डिजिटल और इंटरैक्टिव तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाएगा। यहां टचस्क्रीन डिस्प्ले, प्रोजेक्शन वॉल्स, और 360-डिग्री कॉकपिट सिमुलेशन की सुविधा होगी, जिसमें पर्यटक विमान के टेकऑफ और पनडुब्बी कंट्रोल रूम का भी अनुभव ले सकेंगे। परियोजना के दूसरे चरण में इन डिजिटल अनुभवों के साथ ओपन-एयर डिस्प्ले तैयार किए जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि नौसेना के विशेषज्ञ इस संग्रहालय के डिजाइन और थीमेटिक इंस्टॉलेशन पर काम कर रहे हैं, ताकि प्रदर्शनी में प्रामाणिकता और तकनीकी सटीकता बनी रहे। यह संग्रहालय न केवल एक टूरिस्ट आकर्षण बनेगा, बल्कि देश की समुद्री विरासत और नौसेना की बहादुरी का प्रतीक भी होगा।