HomeIndian Armyभारतीय सेना में बड़ा फेरबदल, धीरज सेठ बने वाइस चीफ, सदर्न, ईस्टर्न...

भारतीय सेना में बड़ा फेरबदल, धीरज सेठ बने वाइस चीफ, सदर्न, ईस्टर्न और वेस्टर्न कमांड को मिले नए चीफ

सेना में इस समय वरिष्ठ लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने एक अप्रैल को वाइस चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ यानी वीसीओएएस का पद संभाला है। वे इससे पहले सदर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग थे...

रक्षा समाचार WhatsApp Channel Follow US

📍नई दिल्ली | 1 Apr, 2026, 6:57 PM

Indian Army reshuffle 2026: भारतीय सेना में एक अप्रैल को कई बड़े फेरबदल हुए हैं। इन बदलावों के तहत सेना के कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव यह रहा कि लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ नए वाइस चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ बन गए हैं। इसके साथ ही सदर्न, ईस्टर्न और वेस्टर्न कमांड में भी नए कमांडर तैनात किए गए हैं। यह बदलाव सेना की ऑपरेशनल तैयारी और लीडरशिप सिस्टम के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

Indian Army reshuffle 2026: वाइस चीफ बने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ

सेना में इस समय वरिष्ठ लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने एक अप्रैल को वाइस चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ यानी वीसीओएएस का पद संभाला है। वे इससे पहले सदर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग थे। लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ नेशनल डिफेंस एकेडमी, खड़कवासला के पूर्व छात्र रहे हैं और दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन हुए थे। करीब चार दशक के लंबे करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के ऑपरेशनल क्षेत्रों में काम किया है।

उन्होंने रेगिस्तान इलाके में आर्मर्ड रेजिमेंट की कमान संभाली, इसके बाद एक आर्मर्ड ब्रिगेड का नेतृत्व किया और जम्मू-कश्मीर में काउंटर इंसर्जेंसी फोर्स की कमान भी संभाली। बाद में लेफ्टिनेंट जनरल बनने के बाद उन्होंने सुदर्शन चक्र कोर की कमान संभाली और दिल्ली एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में भी काम किया।

Indian Army reshuffle 2026
LT GEN DHIRAJ SETH

उन्हें दो बड़ी ऑपरेशनल कमांड संभालने का भी अनुभव है। वे साउथ वेस्टर्न कमांड और सदर्न कमांड दोनों के कमांडर रह चुके हैं। वे उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्हें दो अलग-अलग कमांड संभालने का मौका मिला। माना जा रहा है कि मौजूदा आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी के 30 जून को रिटायर होने के बाद वे अगले आर्मी चीफ का पदभार संभालेंगे। वहीं उनकी जगह पर ईस्टर्न कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा नए वीसीओएस बनेंगे। (Indian Army reshuffle 2026)

यह भी पढ़ें:  DRDO Pralay Missile Test: एक ही लॉन्चर से दो मिसाइलों का साल्वो लॉन्च सफल, भारतीय सेना के लिए गेम-चेंजर साबित होगी प्रलय

लेफ्टिनेंट जनरल सेठ के पास लंबा रणनीतिक और प्रशासनिक अनुभव

लेफ्टिनेंट जनरल सेठ ने सिर्फ फील्ड कमांड ही नहीं संभाली, बल्कि कई अहम स्टाफ और रणनीतिक पदों पर भी काम किया है। वे आर्मी हेडक्वार्टर में असिस्टेंट मिलिट्री सेक्रेटरी रहे और साउथ वेस्टर्न कमांड में ऑपरेशंस से जुड़े पदों पर भी रहे।

इसके अलावा उन्होंने यूनाइटेड नेशंस मिशन इन अंगोला में ऑपरेशंस ऑफिसर के तौर पर भी काम किया। आर्मी में कैपेबिलिटी डेवलपमेंट और लॉन्ग टर्म प्लानिंग से जुड़े कई पदों पर रहकर उन्होंने आधुनिकीकरण योजनाओं में योगदान दिया।

ट्रेनिंग के दौरान भी उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। उन्होंने जूनियर कमांड कोर्स में टॉप किया और डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में बेस्ट ऑल राउंड स्टूडेंट ऑफिसर का मेडल हासिल किया।

उनके कार्यकाल के दौरान सेना ने कई बड़े और अहम सैन्य अभ्यास किए, जिनका मकसद भविष्य के युद्ध के लिए तैयारी को मजबूत करना था।

इनमें सबसे प्रमुख था एक्सरसाइज अमोघ ज्वाला, जो हाल ही में झांसी के बबीना फायरिंग रेंज में हुई थी। इसमें सेना ने ड्रोन, अटैक हेलीकॉप्टर, फाइटर एयरक्राफ्ट और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करके युद्ध की नई रणनीतियों का अभ्यास किया। माना जा रहा है कि आर्मर्ड कोर में डेडिकेटेड ड्रोन प्लाटून शौर्य स्क्वाड्रन बनाने के पीछे उनकी ही अहम रणनीति है।

वहीं राजस्थान के रेगिस्तान में एक्सरसाइज मरु ज्वाला और अखंड प्रहार का आयोजन उनके ही कार्यकाल में हुआ, जहां सैनिकों ने कठिन हालात में ऑपरेशन करने की क्षमता को परखा। पोखरण में एक्सरसाइज रुद्र शक्ति के दौरान लाइव फायरिंग के साथ मैकेनाइज्ड फोर्स, आर्टिलरी और आर्मी एविएशन की जॉइंट एक्सरसाइज हुई।

इसके अलावा ऑपरेशन सिंदूर के बाद सबसे बड़ी ट्राई सर्विसेस एक्सरसाइज त्रिशूल का आयोजन भी उनके नेतृत्व में सदर्न कमांड ने किया था, जिसमें थल, जल और वायु सेना ने मिलकर काम किया। इन सभी अभ्यासों में लेफ्टिनेंट जनरल सेठ ने खुद समीक्षा की और सैनिकों की तैयारियों को परखा। (Indian Army reshuffle 2026)

यह भी पढ़ें:  Delhi Defence Dialogue 2025: आर्मी चीफ बोले- 7वीं पीढ़ी की टेक्नोलॉजी को अपनी ट्रेनिंग में शामिल कर रही सेना, तीन ‘डी’ को बताया मॉडर्न वॉरफेयर के लिए जरूरी

लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने संभाली सदर्न कमांड की कमान

लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने पुणे स्थित सदर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पद संभाल लिया है। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ की जगह यह जिम्मेदारी ली है। वे इससे पहले सदर्न कमांड में चीफ ऑफ स्टाफ के पद पर तैनात थे। लेफ्टिनेंट जनरल जैन इससे पहले अंबाला स्थित सेकंड कोर, जिसे खड़गा कोर भी कहा जाता है, की कमान संभाल चुके हैं। यह सेना की पश्चिमी मोर्चे पर तैनात सबसे अहम स्ट्राइक फॉर्मेशन में से एक मानी जाती है।

Indian Army reshuffle 2026
LT GEN SANDEEP JAIN

वे भी नेशनल डिफेंस एकेडमी से प्रशिक्षित हैं और जून 1988 में महार रेजिमेंट में कमीशन हुए थे। अपने करियर में उन्होंने अलग-अलग ऑपरेशनल क्षेत्रों में काम किया है। वे देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए) के 52वें कमांडेंट के पद पर भी रह चुके हैं। लेफ्टिनेंट जनरल जैन दिसंबर 2022 से दिसंबर 2023 तक जम्मू के नागरोटा में तैनात व्हाइट नाइट कॉर्प्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग भी रह चुके हैं।

उन्होंने एक इन्फैंट्री बटालियन महार रेजिमेंट की कमान संभाली और संयुक्त राष्ट्र मिशन साउथ सूडान में भी सेवा दी। इसके अलावा उन्होंने स्ट्राइक कोर में इन्फैंट्री ब्रिगेड और नॉर्दर्न कमांड में पिवट कोर का नेतृत्व किया।

वे ऑपरेशन पवन का भी हिस्सा रहे हैं और लाइन ऑफ कंट्रोल तथा नॉर्थ ईस्ट में कई बार काउंटर इंसर्जेंसी ऑपरेशन में तैनात रहे हैं।

सदर्न कमांड का कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने वार मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि कमांड अपने सभी क्षेत्रों में ऑपरेशनल तैयारी पर ध्यान बनाए रखेगी। (Indian Army reshuffle 2026)

ईस्टर्न कमांड की जिम्मेदारी लेफ्टिनेंट जनरल वीएमबी कृष्णन को

लेफ्टिनेंट जनरल वीएमबी कृष्णन ने ईस्टर्न कमांड के नए कमांडर के तौर पर जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल आरसी तिवारी की जगह ली है, जो 31 मार्च को रिटायर हुए। लेफ्टिनेंट जनरल वीएमबी कृष्णन
डोगरा रेजिमेंट से हैं। वे इससे पहले सेना में क्वार्टरमास्टर जनरल (QMG) के पद पर तैनात थे।

यह भी पढ़ें:  देवलाली में गरजी भारतीय आर्टिलरी; Exercise TOPCHI 2026 में पहली बार शामिल हुई BSF और नौसेना
Indian Army reshuffle 2026
LIEUTENANT GENERAL VMB KRISHNAN

वे जून 1988 में सेना में शामिल हुए थे और उनके पास करीब चार दशक का अनुभव है। उन्होंने सियाचिन जैसे कठिन हाई-एल्टीट्यूड इलाके में इन्फैंट्री बटालियन और ब्रिगेड की कमान संभाली है।

इसके अलावा वे 28 इन्फैंट्री डिवीजन (वज्र डिवीजन), जम्मू-कश्मीर और ब्रह्मास्त्र कोर (माउंटेन स्ट्राइक कोर) के कमांडर भी रह चुके हैं। आर्मी हेडक्वार्टर में उन्होंने डायरेक्टर जनरल इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के रूप में काम किया और लंदन में डिफेंस अटैची के पद पर भी रह चुके हैं। (Indian Army reshuffle 2026)

वेस्टर्न कमांड की कमान लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र पाल सिंह को

लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र पाल सिंह ने वेस्टर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पद संभाल लिया है। इससे पहले वे वाइस चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ के पद पर थे। वे पैराशूट रेजिमेंट स्पेशल फोर्सेज के अधिकारी रहे हैं और दिसंबर 1987 में सेना में कमीशन हुए थे। उन्होंने अपने करियर में नॉर्दर्न और वेस्टर्न सीमाओं पर कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं।

Indian Army reshuffle 2026
LT GEN PUSHPENDRA PAL SINGH

उन्होंने ऑपरेशन पवन में हिस्सा लिया और लाइन ऑफ कंट्रोल के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी कई बार तैनात रहे हैं। इससे पहले वे डायरेक्टर जनरल ऑपरेशनल लॉजिस्टिक्स के पद पर भी रह चुके हैं, जहां उन्होंने सेना की लॉजिस्टिक क्षमता को मजबूत करने का काम किया।

कमांड संभालने के बाद उन्होंने ऑपरेशनल तैयारी बनाए रखने, नई तकनीक अपनाने और सैनिकों के मनोबल पर ध्यान देने की बात कही। (Indian Army reshuffle 2026)

Author

  • News Desk

    रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"

रक्षा समाचार WhatsApp Channel Follow US
News Desk
News Desk
रक्षा समाचार न्यूज डेस्क भारत की अग्रणी हिंदी रक्षा समाचार टीम है, जो Indian Army, Navy, Air Force, DRDO, रक्षा उपकरण, युद्ध रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक खबरें पेश करती है। हम लाते हैं सटीक, सरल और अपडेटेड Defence News in Hindi। हमारा उद्देश्य है – "हर खबर, देश की रक्षा से जुड़ी।"

Most Popular