📍नई दिल्ली | 22 Jan, 2026, 8:05 PM
Republic Day 2026 Flypast: इस साल गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ के ऊपर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान और हेलिकॉप्टर खास फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे। भारतीय वायुसेना ने फ्लाइपास्ट और एरियल फॉर्मेशन को इस तरह डिजाइन किया है, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर की झलक मिलेगी। पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में वायुसेना के साथ भारतीय सेना और नौसेना के प्लेटफॉर्म भी उड़ान भरते दिखेंगे, जो दिखाएंगे कि तीनों सेनाए अब जॉइंटनेस की तरफ तेजी से बढ़ रही हैं। इस वर्ष का रिपब्लिक डे फ्लाइपास्ट इसलिए भी खास है, क्योंकि यह ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहला गणतंत्र दिवस है।
भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर राजेश देशवाल ने बतायाकि इस बार का फ्लाइपास्ट कुल आठ फॉर्मेशन में होगा, जिसमें 29 एयरक्राफ्ट हिस्सा लेंगे। इनमें 16 फाइटर एयरक्राफ्ट, 4 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और 9 हेलिकॉप्टर शामिल होंगे। कर्तव्य पथ पर फ्लाई पास्ट में ध्वज, प्रहार, वरुण, अर्जुन, बजरंग और विजय जैसे फॉर्मेशन में एयर क्राफ्ट फ्लाई करेंगे। इनमें सबसे खास ऑपेरशन सिंदूर फॉर्मेशन होगा। इसमें दो राफेल, दो मिग-29, दो सुखोई 30 और एक जगुवार हिस्सा लेंगे। ये सभी वे एयरक्राफ्ट हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में हिस्सा लिया था। (Republic Day 2026 Flypast)
Republic Day 2026 Flypast: दो हिस्सों में बंटा फ्लाइपास्ट
विंग कमांडर राजेश देशवाल के मुताबिक फ्लाइपास्ट को दो ब्लॉक में बांटा गया है। पहला ब्लॉक परेड के दौरान होगा और दूसरा ब्लॉक परेड समाप्त होने के बाद। पहले ब्लॉक में चार फॉर्मेशन होंगी, जो परेड के साथ तालमेल में आसमान में दिखाई देंगी। दूसरा ब्लॉक भी चार फॉर्मेशन का होगा, जिसमें हाई-इम्पैक्ट एरियल मैन्यूवर्स दिखाए जाएंगे।
पहले ब्लॉक की शुरुआत ध्वज फॉर्मेशन से होगी। इसमें चार सी-17 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट उड़ान भरेंगे। लीड एयरक्राफ्ट राष्ट्रीय ध्वज लेकर उड़ान भरेगा, जबकि पीछे के तीन एयरक्राफ्ट थल सेना, नौसेना और वायुसेना के ध्वज के साथ आसमान में दिखाई देंगे। इस दौरान दो एयरक्राफ्ट दर्शकों पर फूलों की वर्षा भी करेंगे। (Republic Day 2026 Flypast)
Republic Day Parade 2026 | Aerial Power on Display 🇮🇳✈️
Wing Commander Rajesh Deshwal highlighted that this year’s Republic Day flypast will be a powerful tribute to Operation Sindoor, showcasing jointness, precision and combat readiness.
🔹 Sindoor Formation:
2 Rafale | 2 MiG-29… pic.twitter.com/0mNPMW5EGG— Raksha Samachar | रक्षा समाचार 🇮🇳 (@RakshaSamachar) January 22, 2026
इसके बाद प्रहार फॉर्मेशन आएगी, जिसमें तीन एएलएच हेलिकॉप्टर शामिल होंगे। इनमें दो हेलिकॉप्टर भारतीय थल सेना के और एक वायुसेना का होगा। यह फॉर्मेशन जमीनी लड़ाई में हेलिकॉप्टरों की भूमिका और इंटर-सर्विस कोऑर्डिनेशन को दर्शाएगी।
इसके तुरंत बाद गरुड़ फॉर्मेशन दिखाई देगी। इसमें एक एएलएच, एक अपाचे अटैक हेलिकॉप्टर और एक एलसीएच शामिल होगा। यह फॉर्मेशन बताती है कि कैसे अलग-अलग प्लेटफॉर्म एक साथ मिलकर युद्ध के मैदान में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। (Republic Day 2026 Flypast)
‘सिंदूर’ फॉर्मेशन: मल्टी-रोल फाइटर एयरक्राफ्ट भरेंगे उड़ान
इस साल का सबसे बड़ा आकर्षण ‘सिंदूर’ फॉर्मेशन होगी। यह एक सिंगल लेकिन बेहद शक्तिशाली कॉम्पोजिट फॉर्मेशन होगी, जिसमें भारत के मल्टी-रोल फाइटर एयरक्राफ्ट एक साथ उड़ान भरेंगे। इसमें दो राफेल, दो मिग-29, दो सुखोई 30 और एक जगुवार हिस्सा लेंगे।
ये सभी फाइटर एक स्पीयरहेड फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे, जो भारतीय वायुसेना की ऑपरेशनल डोमिनेंस और कॉम्बैट रेडीनेस का प्रतीक होगा। यह फॉर्मेशन सीधे तौर पर ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को समर्पित है और यह संदेश देती है कि वायुसेना किसी भी चुनौती का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। (Republic Day 2026 Flypast)
दूसरे ब्लॉक में ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट
दूसरे ब्लॉक की शुरुआत ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट फॉर्मेशन से होगी, जिसमें सी-130 और सी-295 शामिल होंगे। इसके बाद समुद्री निगरानी और फाइटर सपोर्ट की भूमिका दिखाने वाली फॉर्मेशन आएगी, जिसमें पी-8आई और सुखोई-30 एमकेआई साथ उड़ान भरेंगे।
इसके बाद वजरंग फॉर्मेशन दिखाई देगी, जिसमें फाइटर एयरक्राफ्ट एरोबेटिक फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे। यह फॉर्मेशन पायलटों की ट्रेनिंग, स्किल और तकनीकी क्षमता को दर्शाएगी। (Republic Day 2026 Flypast)
फ्लाइपास्ट का समापन एक सिंगल राफेल फाइटर से होगा, जिसका कॉलसाइन ‘विजय’ होगा। यह एयरक्राफ्ट राष्ट्रपति के सामने पहुंचकर वर्टिकल क्लाइम्ब करेगा और अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगा। यह क्षण पूरे फ्लाइपास्ट का सबसे रोमांचक पल माना जाता है। (Republic Day 2026 Flypast)
झांकी में क्या होगा खास: ‘संग्राम से राष्ट्र निर्माण तक’
इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर डिफेंस सर्विसेज वेटरंस टेबल्यू भी खास आकर्षण होगा। इस झांकी की थीम है ‘संग्राम से राष्ट्र निर्माण तक’, जिसे भारतीय वायुसेना ने कॉन्सेप्चुअलाइज और डिजाइन किया है। झांकी को दो मुख्य हिस्सों में बांटा गया है।
झांकी के आगे वाले हिस्से में देश के सभी सैन्य संघर्षों को दर्शाया गया है। सबसे ऊपर अमर जवान ज्योति की आकृति होगी, जो बलिदान का प्रतीक है। इसके ठीक नीचे एक घूमती हुई सिलिंड्रिकल दीवार होगी, जिस पर 1965 और 1971 के युद्ध और 1999 के कारगिल संघर्ष को थ्री-डायमेंशनल रूप में दिखाया जाएगा। हर युद्ध को करीब 10 सेकंड का समय मिलेगा, जिससे दर्शक साफ तौर पर अलग-अलग युद्धों की झलक देख सकें। (Republic Day 2026 Flypast)
1965 के युद्ध में इस्तेमाल हुए टैंक और वायुसेना के फाइटर एयरक्राफ्ट, 1971 में टी-55 टैंक और आईएनएस राजपूत द्वारा पााकिस्तान की पनडुब्बी आईएनएस गाजी को डुबाने की घटना, और कारगिल युद्ध में मिराज-2000 और जगुआर की भूमिका को खास तौर पर दर्शाया जाएगा।
झांकी का पिछला हिस्सा युद्ध के बाद राष्ट्र निर्माण में पूर्व सैनिकों के योगदान को दिखाएगा। इसमें स्वदेशी रक्षा निर्माण, इंडस्ट्री, मेडिकल सेवाएं, योग, कृषि और आपदा राहत कार्यों में वेटरन्स की भूमिका को दर्शाया जाएगा। इस हिस्से में एलईडी लाइटिंग और घूमते हुए गियर ‘मेक इन इंडिया’ की भावना को मजबूत करेंगे। (Republic Day 2026 Flypast)
झांकी में थल सेना, नौसेना और वायुसेना के कुल छह वेटरंस भी मौजूद रहेंगे, जो दर्शकों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन करेंगे। यह हिस्सा दर्शकों के लिए एक भावनात्मक सरप्राइज होगा।
इस वर्ष वायुसेना लीड सर्विस की भूमिका में
भारतीय वायुसेना के डायरेक्टोरेट ऑफ सेरेमोनियल हेडक्वार्टर्स से एयर कमोडोर इमरान जैदी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष वायुसेना लीड सर्विस की भूमिका में है। गणतंत्र दिवस समारोह की हर गतिविधि को इस तरह से डिजाइन किया गया है, जिससे तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, ऑपरेशनल क्षमता और निर्णय लेने की ताकत साफ तौर पर दिखाई दे। (Republic Day 2026 Flypast)
राष्ट्रीय युद्ध स्मारक से होगी शुरुआत
गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत नेशनल वॉर मेमोरियल पर श्रद्धांजलि समारोह से होगी, जहां प्रधानमंत्री देश के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करेंगे। इसके बाद एक इंटर-सर्विस गार्ड का गठन किया जाएगा, जिसमें थल सेना, नौसेना और वायुसेना से सात-सात जवान शामिल होंगे। इस संयुक्त गार्ड की अगुवाई इस वर्ष वायुसेना करेगी और इसकी कमान स्क्वाड्रन लीडर हेमंत सिंह कल्याण के हाथों में होगी। (Republic Day 2026 Flypast)
राष्ट्रपति के आगमन के साथ परेड की औपचारिक शुरुआत
कर्तव्य पथ पर रिपब्लिक डे परेड की औपचारिक शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रपति को राष्ट्रीय सलामी दिए जाने के साथ होगी। इस दौरान कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति का आगमन भारतीय वायुसेना की फ्लाइट लेफ्टिनेंट अक्षिता धनखड़ की आवाज़ में घोषित किया जाएगा, जो इस समारोह का एक विशेष और गौरवपूर्ण क्षण होगा।
भारतीय वायुसेना का मार्चिंग कंटिंजेंट
भारतीय वायुसेना का सेरेमोनियल मार्चिंग कंटिंजेंट इस वर्ष खास तौर पर आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस कंटिंजेंट में चार अधिकारी और 144 एयर वॉरियर्स शामिल होंगे, जो 12 रो और 12 कॉलम की बॉक्स फॉर्मेशन में मार्च करेंगे। इस कंटिंजेंट का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर जगदीश कुमार करेंगे। उनके साथ स्क्वाड्रन लीडर लिखिता चौधरी, फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रखर चंद्राकर और फ्लाइट लेफ्टिनेंट दिनेश भी अधिकारी के रूप में शामिल रहेंगे।
इन एयर वॉरियर्स का चयन भारतीय वायुसेना के अलग-अलग यूनिट्स से एक कड़े और प्रतिस्पर्धी चयन प्रक्रिया के जरिए किया गया है। परेड में शामिल होने से पहले इन जवानों ने लगभग दो महीने तक रोजाना 7 से 8 घंटे की कठिन प्रैक्टिस की है, जो सुबह 4 बजे से शुरू होती है। इसी अनुशासन और समर्पण की वजह से वायुसेना पहले भी कई बार बेस्ट मार्चिंग कंटिंजेंट का खिताब जीत चुकी है। (Republic Day 2026 Flypast)
एयरफोर्स बैंड: पहली बार 9 महिला अग्निवीर संगीतकार
मार्चिंग के दौरान 75 सदस्यीय भारतीय वायुसेना बैंड अपने शानदार संगीत से माहौल को देशभक्ति से भर देगा। इस बैंड में 66 अग्निवीर और पहली बार 9 महिला अग्निवीर संगीतकार भी शामिल होंगी। बैंड का नेतृत्व चीफ एरॉनिस्ट डैनियल करेंगे, जो एक अनुभवी और कुशल ड्रम मेजर हैं।
बैंड द्वारा ‘साउंड बैरियर’, ‘वायु शक्ति’, ‘ब्रेव वॉरियर’, ‘लीडर योद्धा’, ‘सारे जहां से अच्छा’, ‘फ्लाइंग स्टार’ और ‘एयर बैटल’ जैसे मार्शल ट्यून्स बजाए जाएंगे। जब वायुसेना का कंटिंजेंट राष्ट्रपति के सामने से गुजरेगा, तब खास तौर पर ‘साउंड बैरियर’ धुन बजाई जाएगी, जो इस परेड का यादगार क्षण बनती है। (Republic Day 2026 Flypast)






