📍बीकानेर | 6 Dec, 2025, 12:47 PM
Exercise Harimau Shakti 2025: भारत और मलेशिया की सेनाओं के बीच सामरिक सहयोग को मजबूत करने वाला संयुक्त सैन्य अभ्यास हरिमाउशक्ति 2025 राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में शुरू हो गया है। यह अभ्यास 05 दिसंबर से 18 दिसंबर तक चलेगा। रक्षा प्रवक्ता निखिल धवन के अनुसार, यह अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं के बीच बढ़ते सैन्य विश्वास और आधुनिक युद्ध तकनीकों को साझा करने का महत्वपूर्ण कदम है।
महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के बेहद मुश्किल रेगिस्तानी इलाके, तेज हवाओं और बदलता तापमान के बीच सैनिकों को वास्तविक युद्ध जैसी परिस्थितियों में अभ्यास करने का मौका मिलेगा। रेंज में आधुनिक अर्बन वारफेयर जोंस, सुरंगें, सीक्यूबी यानी क्लोज क्वार्टर बैटल क्षेत्र, ड्रोन और एंटी-ड्रोन बैटलफील्ड और लाइव-फायरिंग जैसी सुविधाएं हैं।
अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैनिक आतंकवाद-रोधी अभियानों, खुफिया आधारित कार्रवाई, घेराबंदी, कमरों में प्रवेश, बंधक-मुक्ति और घनी आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा कार्रवाई जैसी तकनीकों की ट्रेनिंग ले रहे हैं। शहरी युद्धक्षेत्र में बिल्डिंग टू बिल्डिंग लड़ाई और मल्टी स्टोरी स्ट्रक्चर में ऑपरेशन भी सिखाए जा रहे हैं।
इस साल के अभ्यास में ड्रोन ऑपरेशन, रात में उड़ान, एआई-आधारित निगरानी प्रणाली, और काउंटर-यूएएस यानी मानव रहित हवाई प्रणाली पर विशेष फोकस किया गया है। इन तकनीकों का इस्तेमाल आज की नेटवर्क-सेंट्रिक युद्ध रणनीतियों में बहुत अहम माना जाता है।
🇮🇳🇲🇾 Exercise HARIMAU SHAKTI 2025 Begins at Mahajan Field Firing Range
India and Malaysia have kicked off their biggest-ever joint military exercise, Harimau Shakti 2025, from 5–18 December at Rajasthan’s Mahajan Range.
The exercise strengthens counter-terror, drone warfare,… pic.twitter.com/LLModKlWGF— Raksha Samachar | रक्षा समाचार 🇮🇳 (@RakshaSamachar) December 6, 2025
संयुक्त प्लाटूनों द्वारा मिशन प्लानिंग, यूनिफाइड कम्यूनिकेशंस सिस्टम्स और घायल सैनिकों को सुरक्षित निकालना ये सभी इस अभ्यास के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। यह अभ्यास यह भी सुनिश्चित करता है कि दोनों सेनाएं कठिन परिस्थितियों में साथ मिलकर काम कर सकें।
अभ्यास केवल सैन्य गतिविधियों तक ही सीमित नहीं है। दोनों देशों के सैनिकों के बीच खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और परंपरागत समारोह भी आयोजित किए जा रहे हैं ताकि बेहतर समझ और बंधुत्व विकसित हो सके। भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और मलेशिया की डिफेंस डिप्लोमेसी स्ट्रेटेजी के तहत यह अभ्यास दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती देता है।
अंतिम चरण में दोनों सेनाएं 36 घंटे के लगातार काउंटर-टेरर सिम्युलेशन में हिस्सा लेंगी, जिसमें जॉइंट असॉल्ट, इंटेलिजेंस एनालिसिस एंड होस्टेज-रिलीफ जैसे संवेदनशील ऑपरेशन रीयलटाइम तरीकों से किए जाएंगे।


